तो तुम्हारा भी वही हाल होगा जो… सीरिया की नई सरकार को नेतन्याहू ने कर दिया आगाह
- सीरिया में बशर अल असद की सत्ता ध्वस्त करने के बाद विद्रोही गुट के नेता ने देश के नए प्रमुख का ऐलान कर दिया है। इजरायल इन घटनाओं पर नजर रखे हुए है और नेतनयाहू ने नई सरकार को चेता भी दिया है।

सीरिया में बशर अल असद के शासन के पतन के बाद अब विद्रोहियों ने सत्ता की कमान संभाल ली है। इस बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सीरिया को नई चेतावनी दे दी है। नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा है कि इजरायल सीरिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई इरादा नहीं रखता है। हालांकि नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि अगर मौजूदा सरकार ईरान को सीरिया में फिर से स्थापित होने देती है या हिजबुल्लाह को हथियार भेजने में मदद करती है तो इजरायल की तरफ से भी कार्रवाई की जाएगी।
नेतन्याहू ने मंगलवार को एक वीडियो संदेश में कहा, "हमारा सीरिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का कोई इरादा नहीं है। हालांकि हमें अपनी सुरक्षा करने का अधिकार है।” नेतन्याहू ने यह भी कहा है कि वह सीरिया में जो हमले कर रहा है उसका लक्ष्य सीरियाई सेना द्वारा छोड़ी गई सैन्य क्षमताओं को बर्बाद करना है ताकि वे जिहादियों के हाथों में न पड़ें।
नेतन्याहू ने आगे कहा, "हम सीरिया में नई सरकार के साथ रिश्ते रखना चाहते हैं लेकिन अगर यह सरकार सीरिया ईरान को फिर से ठिकाना देती है, या ईरानी हथियारों या किसी भी तरह के हथियार को हिजबुल्लाह को पहुंचाती है या हम पर हमला करने देती है तो हम जवाब देंगे और इसकी कीमत वसूलेंगे। पिछली सरकार के साथ जो हुआ, वही इस सरकार के साथ भी होगा।"
गौरतलब है कि रविवार को सीरियाई विद्रोहियों ने देश के कई प्रमुख शहरों के साथ राजधानी दमिश्क पर भी कब्जा कर लिया जिससे बाद राष्ट्रपति बशर अल-असद को देश से भागने पर मजबूर होना पड़ा। असद परिवार के पतन को नेतन्याहू मिडिल ईस्ट के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया था। सीरिया की कमान अब विद्रोही गुटों ने संभाल ली है। मंगलवार को तहरीर अल शाम के प्रमुख अबू मोहम्मद अल जोलानी ने विद्रोही मोहम्मद अल बशीर को कार्यवाहक सरकार का प्रमुख नियुक्त किया है।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


