भारतीय रंगों में रंगी इजरायली संसद, PM मोदी के स्वागत की तैयारी में रोशन हुआ नेसेट
यह नौ वर्षों में मोदी की इजराइल की दूसरी यात्रा होगी। जुलाई 2017 में मोदी की इजराइल की पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंध रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंच गए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक दौरे से पहले इजरायल भारतीय रंगों में रंग गया है। बुधवार से शुरू होने वाले इस ऐतिहासिक दौरे से पहले इजरायली संसद नेसेट तिरंगे के रंग में रोशन किया गया है। PM मोदी दो दिन के इज़राइल दौरे पर होंगे, जहां वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करने के साथ साथ इजरायली संसद को भी संबोधित करेंगें।
इससे पहले इजरायली संसद के स्पीकर आमिर ओहाना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेसेट की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि पीएम मोदी के सम्मान में नेसेट को तिरंगे के रंग में रंगा गया है। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मान देने के लिए, आज रात नेसेट भारतीय झंडे के रंगों में रोशन है।”
इजरायली अखबार के फ्रंट पेज पर PM मोदी
इस बीच इजरायल के सबसे बड़े अखबार जेरूसलम पोस्ट ने PM मोदी के इजरायल दौरे को अपने फ्रंट पेज पर छापा है। इस पूरे पेज पर नमस्ते मोदी टाइटल के साथ एक फुल-पेज स्टोरी छपी है। बता दें कि पीएम मोदी 9 साल बाद इजरायल जा रहे हैं। जुलाई 2017 में मोदी की इजराइल की पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंध रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंच गए थे। इस दौरे का उद्देश्य पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच, द्विपक्षीय रक्षा और व्यापार सहयोग को प्रगाढ़ करना है।
पीएम मोदी का कार्यक्रम
पीएम मोदी के कार्यक्रमों में इजरायल की संसद को संबोधित करना, इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ व्यापक वार्ता और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से मुलाकात भी शामिल है। गुरुवार को दोनों प्रधानमंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान समग्र रक्षा और सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देना चर्चा का प्रमुख विषय होगा। वहीं नेतन्याहू बुधवार रात मोदी के लिए निजी रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
एजेंडे में क्या?
गौरतलब है कि भारत और इजराइल विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, कृषि, जल और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्र में मजबूत सहयोग के साथ एक सुदृढ़ रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं। अपनी वार्ता में दोनों प्रधानमंत्री गाजा सहित पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा कर सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत-इजराइल संबंधों में रक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, साइबर सुरक्षा और नवाचार सहित कई क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है। रक्षा सहयोग भी दोनों पक्षों की साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है, जिसमें इजराइल भारत को कई सैन्य प्लेटफॉर्म और हथियार प्रणालियां मुहैया करा रहा है। वहीं दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंध भी लगातार प्रगति कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


