खामेनेई के बाद ईरानी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ को भी मार डाला, इजरायल का बड़ा दावा

Mar 01, 2026 04:15 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

अब्दुलरहीम मूसवी की हाल ही में ईरान के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ की जगह पर नियुक्ति हुई, जो पिछले संघर्ष में मारे गए थे। इस हमले में IDF ने तेहरान में ईरान की टॉप सिक्योरिटी लीडरशिप के 7 सदस्यों को भी समाप्त करने का दावा किया है।

खामेनेई के बाद ईरानी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ को भी मार डाला, इजरायल का बड़ा दावा

इजरायल-ईरान युद्ध ने एक नया और खतरनाक मोड़ ले लिया है। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने एक आधिकारिक ट्वीट में रविवार को बड़ी घोषणा की। इसमें बताया गया कि आईडीएफ ने ईरान के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दुलरहीम मूसवी को ढेर कर दिया है। यह कार्रवाई इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान का हिस्सा है, जिसे इजरायल ने ऑपरेशन रोरिंग लायन नाम दिया है। आईडीएफ के अनुसार, यह हमला ईरान की सैन्य क्षमता और नेतृत्व को कमजोर करने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें तेहरान में कई अहम स्थानों पर एक साथ हमले किए गए। इस घटना ने मध्य पूर्व में तनाव को और बढ़ा दिया है, क्योंकि यह ईरान के टॉप आर्मी लीडरशिप पर सीधा प्रहार है।

अब्दुलरहीम मूसवी की हाल ही में ईरान के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ की जगह पर नियुक्ति हुई, जो पिछले संघर्ष में मारे गए थे। इस हमले में IDF ने तेहरान में ईरान की टॉप सिक्योरिटी लीडरशिप के 7 सदस्यों को भी समाप्त करने का दावा किया है। ये हमले इतनी सटीकता से किए गए कि वे एक मिनट से भी कम समय में पूरे हो गए। आईडीएफ के बयान के मुताबिक, ये नेता एक डिफेंस काउंसिल मीटिंग या कमांड सेंटर में इकट्ठा थे, जहां इजरायली खुफिया जानकारी के आधार पर हमला किया गया। इनमें रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर, डिफेंस मिनिस्टर और बाकी सीनियर अधिकारी शामिल थे।

ईरान का सैन्य ढांचा बुरी तरह प्रभावित

रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल की ताजा कार्रवाई ईरान के सैन्य ढांचे को बुरी तरह प्रभावित करने वाली बताई जा रही है, क्योंकि ये लोग ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य हमलों की रणनीति बनाने में अहम भूमिका निभाते थे। ईरानी राज्य मीडिया ने भी इन मौतों की पुष्टि की है, जिससे ईरान में शोक की लहर दौड़ गई है। इसके अलावा, IDF ने घोषणा की है कि शुरुआती हमलों में 40 सीनियर ईरानी कमांडरों को भी मार दिया गया है। ये कमांडर ईरान की आर्मी यूनिट के अहम हिस्से थे और इजरायल के खिलाफ पिछले हमलों में शामिल होने का आरोप इन पर लगाया गया है।

ईरान ने भी बदले की दी चेतावनी

इस बीच, ईरानी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ और खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय ने अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी है। इसमें कहा गया कि वे ईरान के खिलाफ इस नई आक्रामकता पर पछताएंगे। रविवार को जारी बयान में इस्लामी क्रांति के नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की शहादत पर संवेदना व्यक्त की गई। इसमें कहा गया, 'हम अपने नेक राष्ट्र की ताकत, दृढ़ता और समर्थन के साथ देश के दुश्मनों, विशेष रूप से अपराधी अमेरिका और ज़ायोनी शासन को पछताने पर मजबूर कर देंगे। दुनिया के स्वतंत्र लोगों के नेता और गुरु की ओर से हमारे लिए छोड़ी गई मूल्यवान विरासत, बहादुर और वीर ईरानी राष्ट्र व सशस्त्र बलों का मार्गदर्शक बल है।'

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।