काम नहीं आ रहा अमेरिका का दांव? कुशनर की यात्रा के बाद गाजा में इजरायली हमले तेज
गाजा में बुधवार को घातक हवाई हमलों ने फिलिस्तीन में कमजोर पड़ रहे संघर्षविराम को आगे बढ़ाने के अमेरिकी प्रयासों पर और सवाल खड़े कर दिए हैं।

गाजा में बुधवार को घातक हवाई हमलों ने फिलिस्तीन में कमजोर पड़ रहे संघर्षविराम को आगे बढ़ाने के अमेरिकी प्रयासों पर और सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय अस्पतालों और फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट के अनुसार, अमेरिकी वार्ताकारों ने इजरायल से गाजा पट्टी में हमले कम करने को कहा था। लेकिन इसके महज दो दिन बाद बुधवार को हुए दो हमलों में 10 लोगों की मौत हो गई। दो प्रत्यक्षदर्शियों और हमास के एक अधिकारी ने बताया कि इजरायली सैनिकों ने दक्षिणी गाजा में संघर्षविराम रेखा पार की और बुधवार तड़के हमास के एक पुलिस कर्नल को हिरासत में लिया।
कमांडर को निशाना बनाकर हमला
इजरायली सेना ने कहाकि बुधवार को नुसेरात में एक हमला हमास के एक कमांडर को निशाना बनाकर किया गया था। वह सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हमास के नेतृत्व वाले हमले में शामिल था। उस हमले में करीब 1,200 लोग, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे, मारे गए थे और 251 लोगों का अपहरण कर लिया गया था। इजरायली सेना के मुताबिक, गाजा शहर के तुफाह इलाके में किया गया दूसरा हमला हमास के एक अन्य कमांडर को निशाना बनाकर किया गया, जो इजरायली सैनिकों पर हमले की योजना बना रहा था।
रेड क्रिसेंट ने क्या बताया
फिलिस्तीनी रेड क्रिसेंट ने बताया कि बुधवार को गाजा शहर के एक पुलिस थाने पर हुए हमले में नौ लोगों की मौत हुई और 15 अन्य घायल हुए। वहीं, नुसेरात में एक व्यक्ति की मौत हुई। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार शाम को इजरायली हमले में समुद्र किनारे स्थित एक व्यस्त कैफे को निशाना बनाया गया, जिसमें एक बच्चे समेत सात फिलिस्तीनी मारे गए। इजरायली सेना ने कहाकि मंगलवार का हमला हमास के चार कमांडरों और अन्य लड़ाकों की बैठक को निशाना बनाकर किया गया था। सेना ने हालांकि टारगेट कमांडरों के नाम नहीं बताए और न ही यह पुष्टि की कि वे मारे तो नहीं गए।
कुशनर ने नेतन्याहू से क्या कहा था
अमेरिकी वार्ताकार एवं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने सोमवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ लंबी बैठक की थी। बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, कुशनर ने इजरायली नेता से गाजा में हमले कम करने को कहा था। इस बीच, इजरायली सेना ने बुधवार को कहाकि उसने गाजा युद्ध के दौरान सैनिकों के आचरण से जुड़े 150 मामलों की समीक्षा पूरी कर ली है। वह पांच वर्षीय बच्ची तथा उसके परिवार की मौत और 15 फलस्तीनी स्वास्थ्यकर्मियों की मौत के मामलों में आपराधिक जांच शुरू करेगी।
बुधवार के हमलों के बाद हमास के प्रवक्ता हाजिम कासिम ने ट्रंप द्वारा संघर्षविराम की निगरानी के लिए बनाए गए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संस्था संघर्षविराम समझौते का पालन कराने के बजाय इजरायल को गाजा में हमले बढ़ाने के लिए आड़ उपलब्ध करा रही है।


