Israel-Iran war Live: इजरायली-अमेरिकी हमलों से ईरान में बड़ी तबाही, 200 से ज्यादा की मौत; कई घायल

Israel-Iran war Live: इजरायल और ईरान के बीच एक बार फिर भीषण युद्ध छिड़ गया है। इस बार अमेरिका भी पहले से ही इजरायल के साथ खड़ा है। इजरायल ने तेहरान में हवाई हमले किए हैं। ईरान ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।

Israel-Iran war Live: इजरायली-अमेरिकी हमलों से ईरान में बड़ी तबाही, 200 से ज्यादा की मौत; कई घायल

Remains of a car in the aftermath of an Israel and the U.S. strike on a building in Tehran, Iran, February 28, 2026. Amir Kholousi/ISNA/WANA (West Asia News Agency) via REUTERS ATTENTION EDITORS - THIS PICTURE WAS PROVIDED BY A THIRD PARTY

Ankit Ojha| लाइव हिन्दुस्तान | Sat, 28 Feb 2026 11:52 PM IST
हमें फॉलो करें

Israel-Iran war Live: अमेरिका के साथ मिलकर इजरायल ने ईरान पर भीषण हमला कर दिया दिया है। इससे पहले जून में भी इजरायल ने ईरान पर हमला किया था और फिर अमेरिका युद्ध में कूद पड़ा था। इजरायल ने शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान पर हमला किया, जिसके बाद शहर के मध्य क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका ने ईरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर समझौते के लिए दबाव बनाने के वास्ते क्षेत्र में लड़ाकू विमानों और युद्धपोतों का बड़ा बेड़ा तैनात किया हुआ है।

इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस हमले को खतरों को समाप्त करने' के लिए उठाया गया कदम बताया। हालांकि, उन्होंने तुरंत इसका अधिक विवरण नहीं दिया। तेहरान में प्रत्यक्षदर्शियों ने जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी। बाद में ईरान के सरकारी टेलीविजन ने भी विस्फोट की खबर दी, लेकिन उसके कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसी समय इजराइल में सायरन बजने लगे। इजराइली सेना ने कहा कि उसने ''जनता को पहले से चेतावनी जारी की है ताकि इजरायल की ओर मिसाइल दागे जाने की संभावित स्थिति के लिए लोग तैयार रह सकें।'' इजराइल द्वारा हमले की घोषणा किए जाने के बाद ईरान की राजधानी में और भी कई विस्फोट हुए। हालांकि, अधिकारियों ने इन हमलों में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं दी है।

28 Feb 2026, 11:52:48 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल, ईरान अमेरिका तनाव का रमजान पर असर, कुवैत ने रद्द की तरावीह नमाज

Israel-Iran war Live: रमजान के पाक महीने में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग का असर त्योहार पर भी दिख रहा है। कुवैत के इस्लामी मामलों के मंत्रालय ने रमजान के दौरान पढ़ी जाने वाली रात की नमाज को अगले आदेश तक रद्द करने का ऐलान किया है।

28 Feb 2026, 11:39:18 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमलों से ईरान में 200 की मौत का दावा

Israel-Iran war Live: इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमलों से ईरान में 200 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। ईरानी स्टेट मीडिया के मुताबिक इन 200 लोगों में उस स्कूल की बच्चियां भी शामिल हैं, जिनके स्कूल पर हमला करके इजरायली सेना ने उन्हें मार डाला।

28 Feb 2026, 11:26:38 PM IST

Israel-Iran war Live: हमें नहीं बताया;ईरान पर अमेरिकी हमले को लेकर बोले फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों

Israel-Iran war Live: अमेरिका और इजरायल ने साथ मिलकर ईरान पर हमला बोल दिया है। अब इस बारे में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा है कि उनके नाटो सहयोगी ने उन्हें इस हमले के बारे में पहले जानकारी नहीं दी थी।

28 Feb 2026, 10:37:52 PM IST

Israel-Iran war Live: अबू धाबी का हिंदू मंदिर भी बंद

Israel-Iran war Live: ईरान के पलटवार को देखते हुए अबू धाबी के हिंदू मंदिर को भी सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। मंदिर प्रशासन की तरफ से कहा गया कि वह सभी पक्षों से संयम बरतने और शांति की अपील करता है। संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाकर दागी जा रही मिसाइलों को देखते हुए प्रशासन मंदिर को एक दिन के लिए बंद कर रहा है। कल स्थिति के हिसाब से आगे का निर्णय लिया जाएगा।

28 Feb 2026, 10:31:11 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरानी हमलों की वजह से बंद रहेगा दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट

Israel-Iran war Live: ईरानी हमलों की वजह से दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं, दूसरे नंबर पर मौजूद अलमकतूम एयरपोर्ट को भी अनिश्चतकालीन समय के लिए निलंबित कर दिदाय गया है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वह अपनी यात्रा के प्लान को ध्यान में रखें।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई स्थित एयरलाइन एमिरेट्स ने कहा, "हवाई क्षेत्र में कई प्रतिबंधों के कारण, एमिरेट्स ने दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।" वहीं, इसकी सहयोगी एयरलाइन फ्लाई दुबई ने भी अस्थायी रूप से परिचालन निलंबित करने की घोषणा की है।"

28 Feb 2026, 09:51:21 PM IST

Israel-Iran war Live: दुबई के बड़े होटल पर हमला, चार लोग घायल

Israel-Iran war Live: ईरानी हमले में दुबई के मशहूर जुमैरह बीच पर स्थित होटल फेयरामोंट में आग लग गई है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया है।

28 Feb 2026, 09:27:57 PM IST

Israel-Iran war Live: चेन्नई से दुबई जाने वाली सभी फ्लाइट्स कैंसिल

Israel-Iran war Live: चेन्नई से दुबई जाने वाली सभी फ्लाइट्स को फिलहाल रद्द कर दिया गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों की तरफ से शनिवार को बताया गया," "आज और रविवार को संचालित होने वाली 12 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। दुबई, बहरीन और अबू धाबी सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए जाने वाली कुछ उड़ानें रद्द की गई हैं।"

28 Feb 2026, 09:11:10 PM IST

Israel-Iran war Live: अमेरिकी हमले के बाद जल्दी ही पहला भाषण देंगे खामेनेई।

Israel-Iran war Live: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच ईरान में सबसे बड़ा सवाल है कि खामेनेई कहां है। अब स्थानीय मीडिया के मुताबिक खामेनेई जल्दी ही ईरान की जनता को वीडियो के जरिए संदेश देंगे।

28 Feb 2026, 08:56:41 PM IST

Israel-Iran war Live: कुवैत इंटरनेशनल एयरोपोर्ट पर ड्रोन से हमला

Israel-Iran war Live: कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया है। कुवैत एविएशन मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि एक ड्रोन ने एयरपोर्ट को निशाना बनाया है। इसकी वजह से कई कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं, और एक इमारत को भी मामलू क्षति पहुंची है। फिलहाल अभी तक यह पुष्टी नहीं हुई है कि यह ड्रोन कहां से आया था।

28 Feb 2026, 08:23:56 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान ने रियाद को बनाया निशाना: सऊदी अरब

Israel-Iran war Live: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध पूरे मध्य-पूर्व में फैलने का खतरा बढ़ गया है। सऊदी अरब ने इस बात की पुष्टी की है कि ईरान ने रियाद को निशाना बनाया है। सऊदी विदेश मंत्रायल की तरफ से कहा गया कि ईरान ने रियाद और उसके पूर्वी क्षेत्र को निशाना बनाया था, और कहा गया है कि हमलों को नाकाम कर दिया गया।

बयान में आगे कहा गया है, “इन हमलों को किसी भी बहाने या किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है, और ये हमले तब हुए जब ईरानी अधिकारियों को पता था कि सऊदी अरब ने पुष्टि की थी कि वह अपने हवाई क्षेत्र और भूभाग का इस्तेमाल ईरान को निशाना बनाने के लिए नहीं होने देगा।”

28 Feb 2026, 08:17:12 PM IST

Israel-Iran war Live: बस जनता की आजादी चाहता हूं; ईरानी हमले की घोषणा करने के बाद ट्रंप का पहले कमेंट

Israel-Iran war Live: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर हमले की घोषणा करने के वीडियो के बाद नया संदेश सामने आया है। वाशिंगटन पोस्ट को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "हम केवल एक सुरक्षित देश चाहते हैं, मुझे बस जनता की आजादी चाहिए, हम वही हासिल करेंगे।"

28 Feb 2026, 08:12:17 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान के दक्षिणी प्रांत में कम से कम 70 लोगों की मौत:ईरानी मीडिया

Israel-Iran war Live: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच की जंग लगातार खूनी होती जा रही है। ईरानी सरकारी मीडिया ने सरकारी अधिकारियों के हवाले से बताया कि इजरायली हमलों की वजह दे दक्षिणी ईरान में करीब 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इन आंकड़ों की कोई पुष्टी अभी तक नहीं की जा सकी है। मीडिया के मुताबिक दक्षिणी ईरान के होर्मोजगान प्रांत में स्थित मीनाब और जास्क में हुए हमलों में कम से कम 70 लोग मारे गए हैं और 90 से अधिक घायल हुए हैं।

28 Feb 2026, 07:56:34 PM IST

Israel-Iran war Live: दुबई में फिर सुने गए तेज धमाके

Israel-Iran war Live: इजरायल ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध पूरे मध्य-पूर्व के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। ईरान लगातार अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक दुबई में एक बार फिर से तेज धमाकों की आवाज सुनी गई है।

28 Feb 2026, 07:53:55 PM IST

Israel-Iran war Live: लड़कियों के स्कूल पर किए गए हमले का जवाब दिया जाएगा: ईरानी विदेश मंत्री

Israel-Iran war Live: ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि लड़कियों के स्कूल पर हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा। अब्बास अराघची ने कहा है कि दक्षिणी ईरान के होर्मोज़गान प्रांत के मीनाब शहर में लड़कियों के प्राथमिक स्कूल पर हुए हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक इजरायल की तरफ से किए गए इस हमले में करीब 53 मासूम लड़कियों की मौत हुई है।

28 Feb 2026, 06:39:03 PM IST

Israel-Iran war Live: वार्ता के बीच हमला परेशानी खड़ा करने वाला: ईरानी उप विदेश मंत्री

Israel-Iran war Live: अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमले के बीच ईरान के उप विदेश मंत्री हामिद घनबरी ने बड़ा बयान दिया है। घनबरी ने कहा कि परमाणु वार्ता के नए दौर को दौरान ही अमेरिका और इजरायल द्वारा किया गया हमला चिंताजनक है। अलजजीरा से बता करते हुए घनबरी ने कहा कि ऐसे समय में हमला करने से विश्वास टूटता है और शांतिपूर्ण समाधान के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता पर गंभीर शक पैदा होता है।

28 Feb 2026, 06:01:52 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल पर ईरान का नया हमला, मिसाइलों की एक और खेप भेजी

Israel-Iran war Live: इजरायल और ईरान के बीच का संघर्ष इजरायल वासियों के लिए चुनौती बनता जा रहा है। इजरायली सेना ने इस बात की पुष्टी की है कि हमले की एक श्रृंखला के बाद ईरान की तरफ से मिसाइलों का एक और जखीरा दागा गया है। इजरायली सेना इन मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने में लगी हुई है।

28 Feb 2026, 05:27:53 PM IST

Israel-Iran war Live: 100 से ज्यादा ईरानी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना, इजरायली सेना का दावा

Israel-Iran war Live: इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने 100 से ज्यादा ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। सेना की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि पश्चिमी ईरान पर हवाई हमले किए गए हैं। अभी और हमलों की तैयारी की जा रही है। सेना की तरफ से कहा गया कि वह ईरान की तरफ से आने वाली मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने का काम कर रही है।

28 Feb 2026, 05:23:50 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल का जोरदार हमला, ईरान का दावा-लड़कियों के स्कूल पर गिरा, 40 की मौत

Israel-Iran war Live: इजरायल और अमेरिका मिलकर लगातार ईरान की राजधानी के ऊपर हमला कर रहे हैं। इस हमले को लेकर ईरानी सरकारी मीडिया की तरफ से दावा किया गया है कि एक प्रोजेक्टाइल लड़कियों के स्कूल पर जाकर गिरा है, जिसकी वजह से करीब 40 छात्राओं की मौत हो गई है।

28 Feb 2026, 04:57:52 PM IST

Israel-Iran war Live: शांति वार्ता के लिए मदद करने को तैयार: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति

Israel-Iran war Live: अमेरिका इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग को लेकर इंडोनेशिया के राष्ट्रतपि प्रबोवो का बयान सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि इंडोनेशिया शांति के लिए मध्यस्थता करने को तैयार है। इंडोनेशिया के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हमलों के बाद राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो वाशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थता करने के लिए तैयार हैं।

28 Feb 2026, 04:49:14 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान पर अमेरिकी हमलों की पाकिस्तान ने की कड़ी निंदा

Israel-Iran war Live: पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि पाकिस्तान ईरान पर किए गए अनावश्यक हमलों की कड़ी निंदा करता है। जारी बयान के मुताबिक पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने अपने ईरानी समकक्ष को फोन करके कहा कि इस्लामाबाद इन अनावश्यक हमलों की कड़ी निंदा करता है। वह तत्काल हमलों को रोकर बातचीत को फिर से शुरू करने का आह्वान करता है।

28 Feb 2026, 04:41:15 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरानी सरकार की लोगों से अपील, तेहरान छोड़कर जितना दूर जा सकते हो चले जाओ

Israel-Iran war Live: अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच ईरानी सिक्योरिजी काउंसिल ने तेहरान के निवासियों से राजधानी छोड़ने की अपील की है। सिक्योरिटी काउंसिल की तरफ से कहा गया कि सुरक्षा की दृष्टि से बिना किसी अफरा-तफरी के राजधानी से जितनी दूर यात्रा कर सकते हों, कर लें।

28 Feb 2026, 04:14:17 PM IST

Israel-Iran war Live: अमेरिकी, इजरायली हमलों में स्कूली बच्चों की मौत: ईरान

Israel-Iran war Live: ईरान की तरफ से दावा किया गया है कि अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों में 5 स्कूली छात्राओं की मौत हुई है। गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस बात की घोषणा की है कि आने वाले समय में ईरान के ऊपर लगातार बम बरसाए जाएंगे। अलजजीरा ने भी इस बात की पुष्टी की है कि तेहरान की राजधानी में लगातार बम धमाकों की आवाजें आ रही हैं।

28 Feb 2026, 03:55:10 PM IST

Israel-Iran war Live: तेहरान पर लगातार हमले कर रहा इजरायल, फिर सुनाई दिए धमाके

Israel-Iran war Live: इजरायल और अमेरिका मिलकर ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग आधे घंटे पहले एक बार फिर से तेहरान में तेज धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति यह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आज पूरा दिन और रात तेहरान के ऊपर बमबारी होगी। ऐसे में इस युद्ध के और भी ज्यादा खूनी होने की आशंका है। ईरान भी अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। तेहरान सरकार ने मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिका के बेसों को निशाना बनाया है। आबू धाबी में एक व्यक्ति के मारे जाने की खबर है, वहीं बहरीन और इराक में भी लोगों के मारे जाने की खबर है।

28 Feb 2026, 03:48:29 PM IST

Israel-Iran war Live: एयर इंडिया ने मिडिल-ईस्ट के लिए जाने वाली सभी फ्लाइट्स सस्पेंड कीं

Israel-Iran war Live: मध्य-पूर्व में जारी तनाव और हवाई युद्ध को देखते हुए एयर इंडिया ने इन देशों को जाने वाली सभी फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया है। इससे पहले तुर्किश एयरलाइंस ने भी कई देशों को जाने वाली अपनी फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया था। आज तेल-अवीव के लिए निकली एयर इंडिया की फ्लाइट भी वापस भारत लौट आई है।

28 Feb 2026, 03:43:17 PM IST

Israel-Iran war Live: अमेरिकी और इजरायली हमले में ईरान के कई सैन्य अधिकारियों की मौत

Israel-Iran war Live: अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमले में ईरान को बड़े नुकसान की खबर है। सत्ता के करीबी एक ईरानी सूत्र ने बताया कि इजरायल की तरफ से किए गए हमले में आईआरजीसी के कई वरिष्ठ अधिकारियों और राजनीतिक लोगों की मौत हुई है। इस हमले के लिए पहले से ही तैयार बैठे ईरान ने तुरंत ही पलटवार करते हुए मध्य-पूर्व में मौजूद तमाम अमेरिकी बेसों और इजरायल के ऊपर हमला कर दिया।

28 Feb 2026, 03:36:34 PM IST

Israel-Iran war Live: गल्फ देशों के बाद सीरिया ने भी बंद किया अपना एयरस्पेस

Israel-Iran war Live: ईरान और इजरायल, अमेरिका के बीच जारी जंग का असर पूरे मध्य-पूर्व में फैलने लगा है। गल्फ देशों के बाद अब सीरिया ने भी अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इससे पहले तुर्किश एयरलाइंस ने सीरिया के लिए जाने वाली उड़ानों को 2 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया था।

28 Feb 2026, 03:34:18 PM IST

Israel-Iran war Live: कतर ने इंटरसेप्ट की ईरान मिसाइल

Israel-Iran war Live: ईरान ने सोची समझी रणनीति के तहत मध्य-पूर्व में मौजूद सभी अमेरिकी ठिकानों पर हमला करना शुरू कर दिया है। कतर में मौजूद अमेरिकी ठिकाने पर भी ईरान ने हमला किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कतरी सेना ने एक ईरानी मिसाइल को इंटरसेप्ट भी किया है।

28 Feb 2026, 03:28:08 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान पर हमला करके अमेरिका ने अपना असली चेहरा दिखा दिया: रूस

Israel-Iran war Live: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले को लेकर रूस की तरफ से कड़ी प्रक्रिया सामने आई है। रूस के पूर्व राष्ट्रपति मेदवेदेव ने कहा कि ईरान पर हमला करके अमेरिका ने अपना असली रंग दिखा दिया है।

28 Feb 2026, 03:26:15 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायली आर्मी की ईरानी नागरिकों को चेतावनी, सैन्य ठिकानों के पास से हट जाओ

Israel-Iran war Live: इजरायली आर्मी ने ईरानी नागरिकों के नाम एक संदेश जारी किया है। अपने खूंखार इरादे साफ करते हुए इजरायली आर्मी की तरफ से कहा गया है कि जो भी ईरानी नागरिक ईरानी सेना के ठिकानों के आसपास है, वह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चला जाए।

28 Feb 2026, 03:23:46 PM IST

Israel-Iran war Live: तुर्किश एयरलाइंस ने 2 मार्च तक के लिए फ्लाइट कैंसिल कीं

Israel-Iran war Live: ईरान और इजरायल की जंग पूरे क्षेत्र में फैलने के आसार बढ़ गए हैं। इसी आशंका को देखते हुए तुर्किश एयरलाइंस ने लेबनान, सीरिया, इराक, ईरान और जॉर्डन के लिए जाने वाली अपनी उड़ानों को 2 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया है।

28 Feb 2026, 03:21:04 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान हमले से इजरायल में हड़कंप

Israel-Iran war Live: इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले के बाद ईरान ने तेजी के साथ पलटवार किया है। ईरान की तरफ से किए गए हमलों को इजरायली एयर डिफेंस द्वारा रोकने की कोशिश की जा रही है। इजरायली प्रशासन ने इससे पहले ही सायरन बजाकर लोगों से शेल्टर में जाने के लिए कह दिया था। हमले की आशंका को देखते हुए इजरायली लोगों के बीच में अफरा-तफरी का माहौल है।

28 Feb 2026, 03:19:07 PM IST

Israel-Iran war Live: दुबई में एक और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी: रिपोर्ट्स

Israel-Iran war Live: ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध पूरे मध्य-पूर्व में फैलने लगा है। ईरान द्वारा पलटवार करते हुए सात देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। हाल ही में दुबई में एक और तेज धमाके की आवाज सुनाई दी है।

28 Feb 2026, 03:16:57 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल और ईरान से जारी तनाव के बीच ईरान ने बंद किया इंटरनेट

Israel-Iran war Live: इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले के बाद ईरान ने पलटवार करना शुरू कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरानी जनता को संबोधित करने के बाद ईरानी सरकार ने एक बार फिर से इंटरनेट बंद कर दिया है। गौरतलब है कि अभी कुछ दिनों पहले भी जब ईरान में जबरदस्त हिंसा हुई थी, उस वक्त भी इंटरनेट को कई दिनों के लिए बंद कर दिया गया था।

28 Feb 2026, 03:14:49 PM IST

Israel-Iran war Live: बाहरी हमलों की वजह से देश में हुए धमाके: बहरीन मीडिया

Israel-Iran war Live: बहरीन मीडिया की तरफ से ईरान द्वारा किए गए हमलों की पुष्टी की गई है। एपी की रिपोर्ट में बताया गया कि मीडिया ने माना कि बाहरी हमलों की वजह से बहरीन में धमाके हुए हैं।

28 Feb 2026, 03:09:18 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान, इजरायल के बाद यूएई ने भी बंद किया अपना एयरस्पेस

Israel-Iran war Live: मध्य-पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच जंग का असर बढ़ता जा रहा है। आबूधाबी में तेज धमाके सुने जाने के बाद यूएई ने अपना एयर स्पेस बंद कर दिया है।

28 Feb 2026, 03:08:20 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायली हमलों को लेकर ईरान का पलटवार शुरू

Israel-Iran war Live: इजरायली हमलों को लेकर ईरान ने पलटवार शुरू कर दिया है। इजरायल पर किए गए हमले के अलावा ईरान ने बहरीन समेत सात देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। आबूधाबी में भी तेज धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं।

28 Feb 2026, 02:49:01 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल- ईरान युद्ध को लेकर कांग्रेस का पीएम मोदी पर हमला

Israel-Iran war Live: ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष को लेकर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर हमला बोला है। कांग्रेस की तरफ से कहा गया है कि क्या पीएम मोदी ने अपनी इजरायल यात्रा के दौरान इस युद्ध को रोकने के लिए बात की थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लिखा, "प्रधानमंत्री मोदी के दोस्त बेंजामिन नेतन्याहू ने अब भारत के पुराने दोस्त ईरान पर हमला बोल दिया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से लौटने के बमुश्किल दो दिन के बाद हुआ है। रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के बारे में तमाम दिखावे के बाद, मोदी ने अपनी इजराइल यात्रा का उपयोग इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए क्यों नहीं किया? क्या वह इस युद्ध का समर्थन करते हैं?" पूरी खबर पढ़ें…

28 Feb 2026, 02:45:07 PM IST

Israel-Iran war Live: इजरायल-ईरान युद्ध के बीच एयर इंडिया पर भी असर

Israel-Iran war Live: इजरायल-ईरान युद्ध का असर एयर इंडिया पर भी पड़ा है। दिल्ली से तेल अवीव को जा रही फ्लाइट को वापस भारत की तरफ लौटना पड़ा है।

28 Feb 2026, 01:52:51 PM IST

Israel-Iran war Live: ईरान ने भी कर दिया जवाबी हमला

Israel-Iran war Live: ईरान और इजरायल के बीच इस बार दिन दहाड़े युद्ध छि़ड़ गया है। अमेरिका के साथ मिलकर जब इजरायल ने हमला किया तो जवाब में कुछ ही घंटे बाद ईरान भी मिसाइल अटैक करने लगा। आईडीएफ ने कहा है कि हवा मेंही ईरान की मिसाइलें मार गिराई गई हैं।

28 Feb 2026, 01:27:30 PM IST

Israel-Iran war Live: भारत ने जारी की एडवाइजरी

Israel-Iran war Live: ईरान में इजरायल के हमलों के बीच भारत ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारत ने अपने नागरिकों से कहा है कि वे बाहर ना निकलें। इसके अलावा किसी भी परेशानी में पड़ने पर तुरंत दूतावास से संपर्क करें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsविदेशIsrael-Iran war Live: इजरायली-अमेरिकी हमलों से ईरान में बड़ी तबाही, 200 से ज्यादा की मौत; कई घायल