ईरान का 8 देशों पर हमला, ऊंची इमारतों वाला दुबई भी मिसाइल हमलों से दहला; 10 बड़ी बातें
इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर हमला बोल दिया है। ईरान की राजधानी तेहरान में लगातार धमाकों की आवाज सुनी जा रही है। इस हमले के जवाब में ईरान की तरफ से भी मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।

iran israel us conflict: अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला बोल दिया है। कई दिनों से मध्य-पूर्व में घुमड़ रहे तनाव के बादल अब मिसाइलों और ड्रोन अटैक के माध्यम से लोगों पर बरस रहे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायली और अमेरिकी वायुसेना ने मिलकर तेहरान में खामेनेई को निशाना बनाते हुए बम बरसाए हैं, तो वहीं ईरान ने भी पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पिछले कई हफ्तों से दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर दवाब बनाने की कोशिश में लगे हुए थे। ऐसे में दोनों की तैयारी पूरी है। इजरायल के हमले के तुरंत बाद ही ईरान ने भी मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर जमकर बमबारी शुरू कर दी है। कतर, आबू धाबी, दुबई, बहरीन समेत कई जगहों पर लगातार धमाकों की आवाजें गूंज रही है। इजरायल भी पीछे हटने को तैयार नहीं है। अलजजीरा की रिपोर्ट्स के मुताबिक अभी लगभग एक घंटे पहले तेहरान में एक बार फिर से धमाकों की आवाजें सुनाई दी हैं।
मध्य-पूर्व में जारी इस घमासान युद्ध के बारे में दस बड़ी बातें।
अमेरिका और इजरायल ने मिलकर बोला हमला, अभियानों के क्या नाम
मध्य-पूर्व में पिछले कई महीनों से जारी तनाव पर अमेरिका और इजरायल ने आखिरकार ऐक्शन ले लिया है। 2003 के बाद मध्य-पूर्व में अपना सबसे बड़ा सैन्य जमावड़ा लगाने वाले अमेरिका ने ईरान के ऊपर किए गए हमले को ऑपरेशन एपिक फ्यूरी नाम दिया है, तो वहीं इजरायल ने इसे लॉयन्स रोर यानि शेर की दहाड़ नाम दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों में ईरान के कई सैन्य अधिकारी और राजनेता मारे गए हैं।
खामेनेई पर था निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने वीडियो संदेश में साफ तौर पर इस बात का जिक्र किया है कि ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे उनके इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ईरान की सत्ता को पलटना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल और ईरान की तरफ से किए गए इन हमलों का मुख्य निशाना ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई थे। इन हमलों के बाद सुप्रीम लीडर को तेहरान से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।
ट्रंप का ईरानियों को संदेश, सत्ता को उखाड़ फेंको
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान पर हुए हमले के बाद वीडियो संदेश के जरिए ईरानियों और पूरी दुनिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने ईरानियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज अमेरिका वह मदद लेकर आया है, जिसका इंतजार आप पिछले काफी समय से कर रहे थे। इतना इंतजार करना पड़ा, क्योंकि कोई और अमेरिकी राष्ट्रपति यह नहीं कर सकता था। अब यह आपके हाथ में हैं कि आप अपने नए भविष्य के लिए इस तानाशाही सत्ता को उखाड़ फेंके। गौरतलब है कि अभी कुछ दिनों पहले ईरान में हुए आंदोलन के दौरान भी ट्रंप ने इसी तरह की बयानबाजी की थी।
अमेरिकी जानें भी जा सकती हैं: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि तेहरान पर किए गए हमले में अमेरिका अपना उद्देश्य पूरा करके रहेगा। उन्होंने कहा कि इस हमले में, इस अभियान में कुछ अमेरिकी जानें भी जा सकती हैं। आपको बता दें, 2003 के इराक हमले के बाद मध्य-पूर्व में अमेरिकी सेना के सबसे बड़े बेड़े ने अपना डेरा डाला हुआ है। ईरान लगातार अमेरिकी बेसों को निशाना बना रहा है।
ईरान ने किया पलटवार
अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के बाद ईरान ने भी जमकर पलटवार किया। मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी बेसों को निशाना बनाते हुए इजरायल ने कतर, बहरीन, जॉर्डन, आबू धाबी इराक समेत कुल आठ देशों को निशाना बनाया। ऊंची इमारतों और सुरक्षा के लिए जाने जाने वाला संयुक्त अरब अमीरात भी ईरानी हमलों से दहल उठा। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ईरानी हमलों में यूएई में एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है।
इजरायली सेना की ईरानियों को चेतावनी
तेहरान पर हमला करके अपना रुख बता चुकी इजरायली सेना ने ईरानियों के नाम संदेश जारी किया है। इजरायली सेना की तरफ से कहा गया है कि ईरानियों को सैन्य प्रतिष्ठानों से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर चले जाना चाहिए। गौरतलब है कि ट्रंप ने कहा है कि आने वाले कुछ समय तक ईरान पर जबरदस्त बमबारी की जाएगी।
हूतियों को चेतावनी लाल सागर में जहाजों को फिर से बनाएंगे निशाना
अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमला करने के बाद यमन के हूतियों ने भी अपना रुख जाहिर कर दिया है। हूति विद्रोहियों की तरफ से कहा गया है कि वह लाल सागर में मौजूद अमेरिकी और इजरायली जहाजों को फिर से निशाना बनाना शुरू करेंगे। आपको बता दें कि कुछ समय पहले अमेरिका से संधि के बाद उन्होंने जहाजों के आवागमन को सुचारू रूप से चलने देने का वादा किया था।
ईरानी हमले से इजरायल में हड़कंप
गाजा में ट्रंप द्वारा करवाई गई तथाकथित शांति के बाद इजरायलवासियों को एक बार फिर से सायरन सुनना पड़ा। ईरान पर कार्रवाई के बाद इजरायली प्रशासन ने जनता को अलर्ट करने के लिए सायरन बजाकर उन्हें शेल्टर में जाने के लिए कहा। हालांकि, इस प्रयास को ज्यादा देर नहीं हुई और ईरान ने इजरायल को निशाना बनाकर हमला करना शुरू कर दिया। इसके बाद इजरायली प्रशासन ने लोगों को शेल्टर में ले जाने के लिए अलर्ट कर दिया।
एयर इंडिया ने मिडिल-ईस्ट के लिए फ्लाइट्स कैंसिल की
मध्य-पूर्व में जारी तनाव को देखते हुए एयर इंडिया ने इस क्षेत्र में जाने वाली अपनी सभी फ्लाइट्स को कैंसिल कर दिया है। इससे पहले गल्फ देशों समेत सीरिया ने अपने एयर स्पेस को बंद कर दिया है। इसके अलावा तुर्किश एयरलाइनंस ने भी इस क्षेत्र को जाने वाली अपनी फ्लाइट्स को दो मार्च तक के लिए स्थगति कर दिया है।
रूस बोला- अमेरिका ने अपना चेहरा दिया दिया
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के ऊपर किए गए हमले के बाद वैश्विक प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई हैं। यूरोपीय देश जहां अमेरिकी के पक्ष में खड़े दिखाई दिए, तो वहीं रूस ने अमेरिका पर बातों के जरिए हमला किया। राष्ट्रपति पुतिन के करीबी और पूर्व राष्ट्रपति मेदवेदेव ने कहा कि ईरान पर हमला करके अमेरिका ने अपना असली रंग दिखा दिया है।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



