इजरायल ने किया इतना जोरदार धमाका कि आया 4.1 तीव्रता का भूकंप, हिजबुल्लाह की सुरंग उड़ाने का दावा
इजरायल ने लेबनाने में हिजबुल्लाह की एक बड़ी सुरंग को बम से उड़ाने का दावा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह धमाका इतना भीषण था कि आसपास के इलाकों की धरती हिलने लगी और 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।

इजरायल ने दक्षिणी लेबनाने में इतना जोरदार धमाका किया कि आसपास के इलाकों की धरती हिल गई। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक अली अल ताहिर में हिजबुल्लाह ने धरती के अंदर अपना ठिकाना बना रखा था। जोरदार धमाका करके इजरायल ने हिजबुल्लाह की सुरंग नेस्तनाबूत कर दी। यूएसजीएस के मुताबिक धमाके के बाद आसपास के इलाकों मे भूकंप महसूस हुआ। हालांकि अब तक इस बात की पुष्टि नहीं की गई है कि यह भूकंप धमाके की वजह से ही आया था या फिर प्राकृतिक वजहों से।
दो किलोमीटर लंबी सुरंग
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया कि दो दशक पहले हिजबुल्लाह द्वारा बनाई गई बड़ी सुरंग खत्म कर दी गई है। यहीं से हिजबुल्लाह प्लानिंग और फंडिंग का काम देखता था। इजरायल ने दावा किया कि करीब 2 किलोमीटर लंबी इस सुरंग में रॉकेट, मिसाइल, ड्रोन, एंटी टैंक मिसाइल, मशीन गन और गोला-बारूद रखा जाता था। इजरायल ने कहा कि इसी सुरंग में हिजबुल्लाह के बड़ा कमांडर भी रहते थे।
इजरायल ने बताया कि धमाके से पहले ही हिजबुल्लाह के कई लड़ाके भाग निकले थे। वहीं जो सुरंग में बचे थे वे मारे गए। इजरायल ने कहा कि हिजबुल्लाह इस तरह का इन्फ्रास्ट्रक्चर दोबारा ना बना पाए इसके लिए इलाके में तैनाती कर दी गई है। आपको बता दें कि इजरायल की सीमा से अली-अल-ताहिर की दूरी सिर्फ 15 किलोमीटर है। यहां से हिजबुल्लाह इजरायल पर हमले करता है।
कुछ दिन पहले इजराइल की सेना ने दावा किया था कि उसका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण अली ताहेर पहाड़ी पर ''कब्जा'' है। यह पहाड़ी कई गांवों के साथ-साथ नबातीह शहर की ओर जाने वाली मुख्य सड़कों पर नजर रखने के लिए रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण है।
लेबनान के गांव पर हुआ था इजरायली हमला
चार दिन पहले ही इजरायल ने लेबनाने के एक गांव पर बड़ा हमला किया था जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 12 लोगों की जान चली गई थी। दो महीने से भी अधिक समय पहले हुए संघर्ष विराम के बावजूद इजराइल और चरमपंथी संगठन हिजबुल्ला में फिर से बढ़ते तनाव के दौरान हुए हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हमले में एक इमारत को भी निशाना बनाया गया, जिसमें एक बच्चे और दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई।
इससे पहले सोमवार को इजराइल की सेना ने दीर अल-जहरानी गांव में एक घर को खाली करने की चेतावनी जारी की थी और इसके तुरंत बाद एक इमारत पर हमला किया गया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इससे पहले रविवार को भी इजराइल की ओर से दक्षिणी लेबनान में किए गए हमले में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी और एक खाली अस्पताल पूरी तरह जमींदोज हो गया था।


