
ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने मार गिराया था पाकिस्तान का F-16 फाइटर जेट? अमेरिका ने क्या दिया जवाब
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान के पांच फाइटर जेट्स समेत कुछ छह विमानों को मार गिराया था। क्या इसमें अमेरिकी निर्मित एफ-16 फाइटर जेट भी था? जानिए इस सवाल पर अमेरिका ने क्या जवाब दिया।
ऑपरेशन सिंदूर में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के दौरान क्या पाकिस्तान का एफ-16 फाइटर जेट मार गिराया गया था? अमेरिकी सरकार से जब यह सवाल पूछा गया तो उसने जवाब देने से इनकार कर दिया। उसने यह सवाल पाकिस्तान से पूछने के लिए कहा है। मालूम हो कि मई महीने में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक तनावपूर्ण माहौल रहा था। 'एनडीटीवी' को दिए बयान में अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा, ''हम आपको पाकिस्तान सरकार से उसके एफ-16 फाइटर जेट के बारे में चर्चा करने के लिए कहते हैं।'' इस तरह से अमेरिका ने साफ कर दिया कि वह यह नहीं बताएगा कि क्या भारत ने पाकिस्तान जिन फाइटर जेट्स को गिराया था, उसमें क्या अमेरिका का निर्मित एफ-16 फाइटर भी था।
इससे पहले मई महीने में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि भारतीय सतह से हवा में मार करने वाले एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी वायुसेना के एक एफ-16 सुपरसोनिक फाइटर जेट को मार गिराया। एफ-16 ने पाकिस्तान के सरगोधा एयरबेस से उड़ान भरी थी, जो पाकिस्तानी वायुसेना का एक प्रमुख एयरबेस है। सूत्रों ने बताया कि भारतीय एसएएम (सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल) ने सरगोधा एयरबेस के पास लड़ाकू विमान को मार गिराया। पाकिस्तान ने इसके अलावा चीनी फाइटर जेट्स, तुर्की के ड्रोन का भी भारत के खिलाफ संघर्ष में इस्तेमाल किया था, लेकिन भारत ने समय रहते ही उनके हमलों को नाकाम कर दिया।
एफ-16 फाइटिंग फाल्कन अमेरिका का एक सुपरसोनिक फाइटर जेट है, जिसे जनरल डायनेमिक्स द्वारा विकसित किया गया था और अब लॉकहीड मार्टिन द्वारा निर्मित किया जाता है। यह सिंगल इंजन वाला फाइटर जेट अपनी गति और युद्ध प्रभावशीलता के लिए जाना जाता है। दुनियाभर में 25 से ज्यादा देशों के पास एफ-16 फाइटर जेट है, जिसमें पाकिस्तान भी शामिल है। पिछले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि भारत और पाकिस्तान संघर्ष के दौरान पांच फाइटर जेट्स मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया था कि यह विमान किस देश के थे। लेकिन भारतीय वायुसेना ने साफ किया कि पाकिस्तान के पांच फाइटर जेट्स समेत कुल छह विमानों को भारत ने मार गिराया था।
भारत के वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह ने कहा कि मई में हुई लड़ाई के दौरान भारत ने पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों और एक अन्य सैन्य विमान को मार गिराया। यह पड़ोसी देश के साथ हुए घातक संघर्ष के बाद पहला ऐसा बयान था। बेंगलुरु में एक सैन्य कार्यक्रम में सिंह ने कहा, "हमें कम से कम पांच लड़ाकू विमानों और एक बड़े विमान के मारे जाने की पुष्टि हुई है।" उन्होंने आगे कहा कि यह बड़ा विमान, जो एक निगरानी विमान हो सकता था, 300 किलोमीटर (186 मील) की दूरी से मार गिराया गया। भारत की S-400 वायु रक्षा प्रणालियों ने ज्यादातर पाकिस्तानी विमानों को मार गिराया।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




