Iran War: खार्ग द्वीप पर भीषण बमबारी, US के 5 रिफ्यूलिंग विमान तबाह; ईरान युद्ध की 5 बड़ी बातें

Mar 14, 2026 06:07 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share

आपको बता दें कि ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' के दौरान अब तक अमेरिका के 13 सैन्यकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं। ईरानी हमलों के खतरे को देखते हुए कतर ने अपने कई इलाकों को खाली कराना शुरू कर दिया है।

Iran War Updates: ईरान और अमेरिका-इसराइल गठबंधन के बीच जारी संघर्ष अब अपने सबसे विनाशकारी चरण में पहुंच गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर घोषणा की है कि अमेरिकी सेना ने एक बड़े हवाई हमले में ईरान के 'क्राउन ज्वेल' कहे जाने वाले खार्ग द्वीप (Kharg Island) के सभी सैन्य ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया है। इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य ईरान पर 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' को फिर से खोलने के लिए दबाव बनाना है। खार्ग द्वीप ईरान का सबसे प्रमुख तेल निर्यात टर्मिनल है। इस पर हमले का सीधा मतलब ईरान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ पर प्रहार करना है।

वहीं, अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी कहा है कि सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर खड़े पांच अमेरिकी वायु सेना के रिफ्यूलिंग (ईंधन भरने वाले) विमानों को निशाना बनाया गया है। हमले में विमानों को काफी क्षति पहुंची है, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

तेल टैंकरों को एस्कॉर्ट करेगी अमेरिकी नौसेना

स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में ईरान के बढ़ते हमलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को घोषणा की कि अमेरिकी नौसेना बहुत जल्द तेल टैंकरों को सुरक्षा घेरे में लेकर इस जलमार्ग से गुजारेगी।

कच्चा तेल 100 डॉलर के पार

हाल ही में रूसी तेल को बाजार में अनुमति देने के फैसले से कीमतें 100 डॉलर के नीचे आई थीं, लेकिन खार्ग द्वीप पर हमले और हॉर्मुज में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक तेल कीमतें फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई हैं।

मुजतबा खामेनेई के घायल होने की खबर

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई अमेरिकी हमलों में घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, "हमें अभी सटीक रूप से नहीं पता कि उनकी हालत कितनी गंभीर है।"

भीषण हमले की चेतावनी

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अगले सप्ताह अमेरिकी सेना ईरान पर भीषण हमला करेगी। ट्रंप का यह बयान मध्य पूर्व में चल रहे अमेरिका-इजरायल अभियान के और तेज होने का संकेत माना जा रहा है। ट्रंप ने 'फॉक्स न्यूज रेडियो' से कहा, हम अगले सप्ताह उन पर बहुत जोरदार हमला करने जा रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि ईरान के नेतृत्व को अंततः वहां के लोग खुद उखाड़ फेंक सकते हैं।

ट्रंप की यह टिप्पणी तब आई जब अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बताया कि 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ हवाई अभियान शुरू करने के बाद से वाशिंगटन और इजरायल अब तक 15000 से अधिक ठिकानों पर हमला कर चुके हैं।

ईरान के 90% मिसाइल और ड्रेन तबाह

हेगसेथ के अनुसार, इस अभियान ने ईरान की जवाबी कार्रवाई करने की क्षमता को काफी हद तक कम कर दिया है। उन्होंने कहा, ईरान की मिसाइलें, उनके मिसाइल लॉन्चर और ड्रोन नष्ट किए जा रहे हैं या आसमान में ही मार गिराए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मिसाइल हमलों की संख्या में 90 प्रतिशत और ड्रोन हमलों में 95 प्रतिशत की कमी आई है।

आपको बता दें कि ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' के दौरान अब तक अमेरिका के 13 सैन्यकर्मी अपनी जान गंवा चुके हैं। ईरानी हमलों के खतरे को देखते हुए कतर ने अपने कई इलाकों को खाली कराना शुरू कर दिया है।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।