इस्लामाबाद में आधी रात के बाद भी जारी रही वार्ता, 14 घंटे की बात के बाद ईरान बोला- अभी मतभेद बाकी

Ankit Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share

पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच पहले दिन करीब 14 घंटे बातचीत चली। ईरान ने कहा कि अभी कई मुद्दों पर मतभेद बाकी है और वार्ता आगे भी चलती रहेगी। रविवार को दोनों देशों में तकनीकी पहलुओं पर बात हो सकती है।

इस्लामाबाद में आधी रात के बाद भी जारी रही वार्ता, 14 घंटे की बात के बाद ईरान बोला- अभी मतभेद बाकी

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध को रोकने और होर्मुज खोलने के लिए पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में चल रही शांति वार्ता शनिवार को आधी रात के बाद भी जारी रही। 14 घंटे की बातचीत के बाद अभी कोई ठोस परिणाम नहीं निकल पाया है। ईरान ने कहा है कि अभी कई मुद्दों पर मतभेद बना हुआ है और वार्ता अभी जारी रहेगी। ईरान ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर बताया कि दोनों देशों की टीमों ने मसौदे और दस्तावेज आपस में शेयर किए हैं।

किन मुद्दों पर हुई बात

जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के प्रस्ताव पर दोनों देशों ने सहमित जताई है और रविवार को वार्ता फिर से शुरू होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दो चरणों की वार्ता में राजनीति, सेना, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय कानूनों पर चर्चा हुई। बता दें कि ईरान की तरफ से संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ वार्ता की अगुआई कर रहे हैं। वहीं अमेरिका की ओर से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की अगुआई में बातचीत हो रही है।

ईरान का कहना है कि इजरायल लेबनान पर हमले रोक दे और स्थायी सीजफायर करे। 47 साल में पहली बार है जब अमेरिका और ईरान इस तरह से आमने-सामने इतने बड़े स्तर पर बातचीत कर रहे हैं। ईरान ने साफ कहा है कि अगर इस्लामाबाद में चल रही वार्ता का कोई सार्थक परिणाम नहीं निकलता है तो इसके दोषी अमेरिका और इजरायल दोनों होंगे।

पहले अलग-अलग हुई बात

इस्लामाबाद के सेरेना होटल में त्रिपक्षीय वार्ता से पहले, वेंस के नेतृत्व वाली अमेरिकी टीम और ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ के नेतृत्व वाले ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। पाकिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ द्वारा दोनों प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग-अलग बैठकें करने के बाद, ईरान और अमेरिका के बीच सीधी बातचीत का औपचारिक दौर आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया।'

ईरानी सरकार ने सोशल मीडिया पर कहा कि "इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत विशेषज्ञ स्तर में प्रवेश कर गई है। बिना ज्यादा जानकारी दिए यह भी कहा गया कि कुछ "तकनीकी विवरणों" को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पाकिस्तानी सूत्रों ने बताया कि बातचीत का माहौल "उत्साहजनक" रहा। खबरों के अनुसार, यदि आज रात कोई ठोस नतीजा नहीं निकलता है तो बातचीत रविवार तक जारी रह सकती है।

ईरान की अर्द्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने बताया कि वार्ता सामान्य मुद्दों से आगे बढ़कर "कुछ विषयों" पर तकनीकी स्तर की चर्चा में पहुंच गई है। एक ओर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर शामिल हैं, तो दूसरी ओर गालिबफ के नेतृत्व वाले ईरानी प्रतिनिधिमंडल में विदेश मंत्री अब्बास अराघची, सुप्रीम नेशनल डिफेंस काउंसिल के सचिव अली अकबर अहमदियन और केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दुलनासिर हिम्मती शामिल हैं।

दोनों प्रतिनिधिमंडल ईरान और अमेरिका द्वारा दो सप्ताह के युद्धविराम की घोषणा के चार दिन बाद शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचे। हालांकि लेबनान पर इजराइल के बड़े हमलों ने इस युद्धविराम को कमजोर कर दिया है। तेहरान ने कहा कि यह हमले युद्धविराम का उल्लंघन हैं, जबकि अमेरिका और इजराइल का कहना है कि लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं था।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।