ईरान की जिद के सामने ट्रंप की हेकड़ी हुई गुम? शांति के लिए अब खुद ईरानी नेताओं से मिलने को तैयार

Apr 20, 2026 09:24 pm ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

ईरान युद्ध को खत्म करने के लिए ईरानी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के पाकिस्तान में मिलने की संभावना है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल जेडी वेंस के नेतृत्व में इस्लामाबाद के लिए उड़ान भर चुका है, जबकि ईरान अभी भी ऊहापोह की स्थिति में है।

ईरान की जिद के सामने ट्रंप की हेकड़ी हुई गुम? शांति के लिए अब खुद ईरानी नेताओं से मिलने को तैयार

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध से हटकर बातचीत के जरिए संघर्ष सुलझाने के संकेत दिए हैं। ट्रंप ने कहा कि इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे राउंड की वार्ता में अगर बात बनती है, तो वह शांति के लिए ईरानी नेताओं के साथ आमने-सामने बात करने को भी तैयार हैं। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर बातचीत के लिए इस्लामाबाद आने वाले हैं। लेकिन इस वार्ता पर अभी तक ईरान की तरफ से असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, रविवार को ट्रंप ने इस बात की पुष्टि की है कि पाकिस्तान में होने वाली वार्ता में हिस्सा लेने के लिए तीनों मुख्य नेता पाकिस्तान के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा, "वह यहां से जा रहे हैं, वह रात में इस्लामाबाद पहुंच जाएंगे" हालांकि ट्रंप ने पहले जे डी वेंस के पाकिस्तान जाने को लेकर इनकार किया था। लेकिन बाद में वाइट हाउस ने वेंस के इस शांति वार्ता में शामिल होने की पुष्टि की थी।

ईरान का अमेरिका पर आरोप

अमेरिका भले ही बातचीत के जरिए इस मुद्दे को सुलझाने का दावा कर रहा हो, लेकिन ईरान को इस पर भरोसा नहीं है। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, ईरान सरकार इस दौर की वार्ता में शामिल न होने की योजना बना रही है। इसके पीछे की वजह के तौर पर एजेंसी ने बताया कि तेहरान सरकार के इस फैसले के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिका द्वारा रखी जा रही अवास्तविक मांगें ही है। इसके अलावा ट्रंप पहले ही सीजफायर के नियमों का उल्लंघन करते हुए विरोधाभासी बयान दे चुके हैं और उन्होंने होर्मुज के बाहर समुद्री नाकेबंदी हटाने से भी इनकार कर दिया है।

आमने-सामने की वार्ता करने को तैयार ट्रंप

ईरान भले ही अब वार्ता से दूर हो रहा है लेकिन डोनाल्ड ट्रंप इस युद्ध को सुलझाने के लिए उतावले नजर आ रहे हैं। रविवार को ट्रंप ने ईरान द्वारा बातचीत शुरू होने के पहले ही विफल होने के दावे को खारिज कर दिया। ट्रंप ने कहा, "हमें बातचीत करनी है। इसलिए मुझे नहीं लगात है कि यहां पर कोई खेल खेल रहा है।"

इसके अलावा ट्रंप ने ईरानी नेताओं से सीधे मिलने की संभावना भी खुली रखी। उन्होंने कहा, “मुझे उनसे मिलने में कोई दिक्कत नहीं है, अगर वे मिलना चाहते हैं, तो हम मिल सकते हैं।” हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका का मुख्य मुद्दा ईरान का परमाणु कार्यक्रम है। यह पूरी तरह साफ है कि ईरान के पास कोई परमाणु हथियार नहीं होगा।

गौरलतब है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर की डेडलाइन 22 अप्रैल को खत्म हो रही है। ऐसे में यह वार्ता ठीक डेडलाइन खत्म होने पहले हो रही है। ट्रंप भले ही इस बातचीत को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन इसके बाद भी इसके पूरे न होने की आशंका बनी हुई है। इस बातचीत के विफल होने के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अभी वह इस पर बात नहीं करना चाहते, लेकिन लोग इसका अंदाजा लगा सकते हैं।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।