मिडिल ईस्ट में फिर शुरू हुई जंग? ईरान के कई शहरों में धमाके, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज भी ठप
ईरान के कई शहरों में धमाकों की खबर सामने आई है। IRGC ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका फिर से हमला करता है, तो वह क्षेत्र में मौजूद उसके ठिकानों को निशाना बनाएगा। वहीं, US का कहना है कि होर्मुज से गुजर रहे एक जहाज को निशाना बनाया गया है। ईरान को इसकी कीमत चुकानी होगी।
Iran US conflict: मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) की जंग एक बार फिर से शुरू होती दिख रही है। खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद ईरान और अमेरिका के बीच में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान की सरकारी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार को देर रात और रविवार सुबह ईरान के कई शहरों में धमाके सुनाई दिए गए हैं। इसके बाद 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स' (IRGC) ने होर्मुज को बंद करने का ऐलान कर दिया है। दूसरी तरफ, अमेरिका की तरफ से आरोप लगाया गया है कि ईरान ने साइप्रस के झंडे वाले एक जहाज पर हमला किया है, इस हमले के बाद एक क्रू मेंम्बर लापता है। ईरान की तरफ से किए गए इस हमले के बाद सेंटकॉम ने ईरान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
ईरान ने गलत रास्ता चुना, अब जवाब देना होगा- पीट हेगसेथ
अमेरिकी की तरफ से किए गए नए हमलों को लेकर यूएस आर्मी ने नई जानकारी साझा की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि IRGC ने साइप्रस के झंडे वासले जहाज M/V GFS गैलेक्सी के ऊपर हमला किया है। यह हमला होर्मुज से निकलने के दौरान हुआ है। इससे जहाज पर सवार एक क्रू मेंम्बर लापता हो गया है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर जारी बयान में कहा गया, "शाम 7:15 पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के खिलाफ इस सप्ताह की तीसरे दौर की सैन्य कार्रवाई शुरू की है। क्योंकि ईरानी सेना ने होर्मुज से गुजर रहे एक जहाज को निशाना बनाया है।" सेंटकॉम के इस बयान के बाद ईरान के कई शहरों में धमाके की खबरें सुनी गई हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक बुशहर, असालुयेह और जास्कर में धमाके सुनाई दिए हैं।
ईरान ने दी हमले की चेतावनी
अमेरिका पिछले कई दिनों से ईरान पर हमला कर रहा है। इसी बीच ईरान ने भी पलटवार की चेतावनी दी है। IRGC की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि अगर ईरान के खिलाफ किसी भी नई सैन्य कार्रवाई की कोशिश की जाती है, तो इसका तगड़ा जवाब दिया जाएगा। ईरानी मीडिया के मुताबिक IRGC ने कहा, "यदि दुश्मन स्थिति का फायदा उठाकर ईरान के खिलाफ हमला करने की कोशिश करता है, तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा। पश्चिम एशिया में दुश्मन के तमाम ठिकानों को भी निशाना बनाया जाएगा।" साइप्रस वाले जहाज पर हमले को लेकर IRGC ने कहा कि वह जहाज अनाधिकृत रूप से गुजरने की कोशिश कर रहा था। इसलिए उसे रोकने की कोशिश की गई थी। हालांकि कई रिपोर्ट्स के मुताबिक न रुकने के बाद उस पर क्रूज मिसाइल से हमला किया गया।
ट्रंप ने दी थी हजार मिसाइलों वाली धमकी
ईरान और अमेरिका के बीच में यह तनाव ऐसे समय में बढ़ रहा है, जब शुक्रवार को ही डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने 1000 से ज्यादा मिसाइलें ईरान की तरफ तान कर रखी हैं। अगर ईरान उन्हें मारने की साजिश रचता है, तो वह ईरान पर भयानक बमबारी करेंगे। दरअसल, यह पूरा मामला होर्मुज स्ट्रेट के खुले होने और अन्य मुद्दों को लेकर दोनों देशों के बीच पनपे अविश्वास की वजह से हो रहा है। अमेरिका की मांग है कि स्ट्रेट से सभी जहाजों को निकलने दिया जाए और ईरान यह गारंटी दे कि वह किसी भी जहाज को निशाना नहीं बनाएगा। वहीं अपने दशकों पुराने अमेरिकी हमले के डर का सामना कर चुके ईरान के लिए यह स्ट्रेट किसी परमाणु बम से कम नहीं है। IRGC ने खुले तौर पर कहा है कि जब तक मिडिल ईस्ट क्षेत्र से अमेरिकी हस्तक्षेप खत्म नहीं हो जाता, तब तक किसी भी जहाज को होर्मुज से फ्री गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि युद्ध के पहले सभी जहाजों के लिए फ्री रहे इस समुद्री रास्ते पर ईरान अब टैक्स लगाने की तरफ देख रहा है। हालांकि, वह इसे टैक्स न देकर एक सर्विस फीस के रूप में बता रहा है। इस फीस के बाद होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को ईरान से सुरक्षा गारंटी मिलेगी। चीन में मौजूद ईरानी राजदूत ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा था कि तेहरान इस बारे में ओमान के साथ मिलकर बातचीत कर रहा है। जल्दी ही इस पर फैसला लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


