ईरान में आंदोलन पर डोनाल्ड ट्रंप कूदे तो खामेनेई की सीधी धमकी- तबाही हो जाएगी

Jan 02, 2026 05:30 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, तेहरान
share Share
Follow Us on

डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी पर ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान ने स्पष्ट कहा है कि अगर ईरान के आंदोलन में डोनाल्ड ट्रंप कूदे तो तबाही हो जाएगी। ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार ने शुक्रवार को बयान जारी किया।

ईरान में आंदोलन पर डोनाल्ड ट्रंप कूदे तो खामेनेई की सीधी धमकी- तबाही हो जाएगी

डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी पर ईरान की प्रतिक्रिया सामने आई है। ईरान ने स्पष्ट कहा है कि अगर ईरान के आंदोलन में डोनाल्ड ट्रंप कूदे तो तबाही हो जाएगी। ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार ने शुक्रवार को बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी हस्तक्षेप से पूरे क्षेत्र में अव्यवस्था फैल जाएगी। गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच ईरानी शासन को कड़ी चेतावनी दी है।

सलाहकार ने क्या लिखा
खामनेई के सलाहकार शमखानी ने इसको लेकर एक्स पर पोस्ट भी लिखी है। उन्होंने लिखा है कि ईरानियों को अमेरिका का रेस्क्यू रिकॉर्ड बहुत अच्छे से पता है। इराक से लेकर अफगानिस्तान और गाजा तक इसका गवाह है। उन्होंने आगे लिखा कि किसी भी बहाने से ईरान की सुरक्षा में हस्तक्षेप करने वाले हाथ को काट दिया जाएगा और इसका उत्तर बहुत कड़वा होगा। ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा लाल रेखा है, यह रोमांचक ट्वीट्स का मामला नहीं है।

ट्रंप ने कहा कि अगर शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों का दमन किया गया, तो अमेरिका मूकदर्शक बना नहीं रहेगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जारी एक संदेश में स्पष्ट किया कि अगर ईरानी सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई या उनकी हत्या की, तो अमेरिका हस्तक्षेप करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सड़क पर उतर चुकी है जनता
गौरतलब है कि ईरान की खराब अर्थव्यवस्था से आक्रोशित जनता सड़कों पर उतर आई है। गुरुवार को ये प्रदर्शन प्रांतों में भी फैल गए, जहां सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पों में कम से कम सात लोग मारे गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रदर्शन में सात लोगों के मारे जाने से ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि देश की सरकार प्रदर्शनकारियों से सख्ती से निपटने के मूड में है। लेकिन प्रदर्शनकारी भी अड़े हुए हैं।

2022 के बाद सबसे बड़ा प्रदर्शन
राजधानी तेहरान में प्रदर्शन भले ही धीमे पड़ गए हों, लेकिन अन्य जगहों पर इनमें तेजी आई है। बुधवार को दो और बृहस्पतिवार को पांच लोगों की मौत चार शहरों में हुई। इन चारों शहरों में लूर जातीय समुदाय की बहुलता है। यह विरोध प्रदर्शन 2022 के बाद से ईरान के सबसे बड़े प्रदर्शन के रूप में उभरा है। वर्ष 2022 में पुलिस हिरासत में 22 वर्षीय महसा अमिनी की मौत के बाद देशभर में प्रदर्शन हुए थे।

अर्थव्यवस्था को लेकर सबसे अधिक हिंसा ईरान के लोरेस्टान प्रांत के अजना शहर में देखी गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वहां सड़कों पर जलती हुई वस्तुएं दिखाई दे रही हैं साथ ही गोलियों की आवाजें गूंजती हैं।

Trump Iran

अर्धसरकारी समाचार एजेंसी फ़ार्स ने तीन लोगों के मारे जाने की खबर दी। सुधार समर्थक मीडिया संस्थानों सहित अन्य मीडिया ने फार्स के हवाले से ही घटनाओं का जिक्र किया है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;