
हमारे साथ ट्रंप ने कर दिया धोखा, बेवकूफ बना दिया; क्यों भड़क उठे ईरान के प्रदर्शनकारी?
ईरान की एक महिला ने कहा कि मैंने सारी उम्मीद छोड़ दी है। ट्रंप कुछ नहीं करने वाले। वह क्या करेंगे, उन्हें हमारी कोई परवाह नहीं है। बता दें कि प्रदर्शन के शुरुआत में ट्रंप काफी सख्त नजर आए थे, लेकिन समय बीतने के साथ-साथ ट्रंप के तेवर भी कमजोर हो गए।
पिछले महीने के आखिरी में ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हुई। प्रदर्शनकारियों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जमकर समर्थन मिला, जिससे बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर गए, लेकिन समय बीतने के साथ ट्रंप के तेवर ढीले पड़ गए और सैन्य कार्रवाई से पीछे हट गए। प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई में हजारों लोगों की मौत की खबरों के बीच फिलहाल तेहरान में प्रदर्शन थम गए हैं। सीमित रूप से इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी तौर पर बहाल करने की भी रिपोर्ट्स सामने आईं। अब प्रदर्शन थमने के बाद ईरान के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्हें ट्रंप से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ट्रंप के नरम रुख अपनाने से वे काफी खफा हैं। भड़कते हुए कह रहे हैं कि ट्रंप ने उन्हें बेवकूफ बना दिया और धोखा कर दिया।
तेहरान के एक बिजनेसमैन ने टाइम मैगजीन को बताया, "इन 15 हजार लोगों की मौत के लिए ट्रंप जिम्मेदार हैं।'' वह विरोध प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि क्योंकि कई प्रदर्शनकारी तब सड़कों पर उतरे जब उन्होंने ट्रंप की पोस्ट देखी कि अमेरिका तैयार है। अमेरिका ने इस्लामिक रिपब्लिक के साथ ईरानियों को इस तरह धोखा देने के लिए जरूर कोई डील की होगी। उसने कहा कि ट्रंप काफी बुरे हैं। सब गड़बड़ कर दिया। हमारे पैरों के नीचे से जमीन खींच ली। वहीं, देश छोड़ने के बाद इंटरव्यू देने वाले एक ईरानी ने कहा, "जब ट्रंप ने कहा कि ईरानी अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि अब और हत्याएं और फांसी नहीं होंगी, तो सब हैरान रह गए। सब गुस्से में थे, वे बस यही कह रहे थे कि इसने हमारा इस्तेमाल तोप के चारे की तरह किया। ईरानियों को लगता है कि उनके साथ धोखा हुआ है, कि ट्रंप ने उन्हें बेवकूफ बनाया, उन्हें धोखा दिया।''
ट्रंप ने पहले कहा सख्त कार्रवाई करेंगे, फिर किया धन्यवाद
तेहरान की एक महिला ने कहा कि मैंने सारी उम्मीद छोड़ दी है। ट्रंप कुछ नहीं करने वाले। वह क्या करेंगे, उन्हें हमारी कोई परवाह नहीं है। बता दें कि प्रदर्शन के शुरुआत में ट्रंप काफी सख्त नजर आए थे और माना जा रहा था कि कभी भी ईरान पर अमेरिका कार्रवाई कर सकता है। लेकिन समय बीतने के साथ-साथ ट्रंप के तेवर भी कमजोर हो गए। उन्होंने ईरान के नेतृत्व को हिरासत में लिए गए 800 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को फांसी न देने के लिए धन्यवाद दिया। इसे इस बात के संकेत के रूप में देखा गया कि ट्रंप प्रशासन संभावित सैन्य कार्रवाई से पीछे हट सकता है। इससे पहले, ट्रंप ने प्रदर्शनकारी ईरानियों से कहा था कि मदद आ रही है और यदि प्रदर्शनकारियों की हत्या जारी रहती है या यदि ईरानी अधिकारी हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को फांसी देते हैं तो उनका प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन तिवारी को मीडिया में एक दशक से भी ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में हिन्दुस्तान अखबार की न्यूज वेबसाइट लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स डिजिटल) में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन से पत्रकारिता की पढ़ाई की। कक्षा 12वीं के बाद से ही दैनिक जागरण, अमर उजाला, जनसत्ता समेत तमाम अखबारों में संपादकीय पृष्ठ पर लिखना शुरू किया। महज दो सालों में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रियों अखबारों में दो सौ से अधिक आलेख प्रकाशित हुए। ग्रेजुएशन करते समय ही मीडिया में नौकरी की शुरुआत की। लाइव हिन्दुस्तान में अभी दूसरी पारी है और दोनों पारियों को मिलाकर यहां आठ साल से ज्यादा हो चुके हैं। मदन आजतक जैसे अन्य संस्थानों में भी काम कर चुके हैं।
यूपी-बिहार की पॉलिटिक्स से लेकर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक खबरों को कवर करने का लंबा अनुभव है। पॉलिटिकल न्यूज में ज्यादा रुचि है और पिछले एक दशक में देशभर में हुए विभिन्न विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों को भी कवर किया है। लाइव हिन्दुस्तान के लिए मदन देश-विदेश में रोजाना घटित होने वाली खबरों के साथ-साथ पॉलिटिकल खबरों का एनालिसिस, विभिन्न अहम विषयों पर एक्सप्लेनर, ब्रेकिंग न्यूज, वायरल न्यूज आदि कवर करते हैं। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वॉर से लेकर मिडिल ईस्ट में असली वॉर तक की इंटरनेशनल खबरों पर लिखते-पढ़ते रहते हैं। पिछले एक दशक में पत्रकारिता क्षेत्र में कई पुरस्कार मिल चुके हैं। मदन ने लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर, मंथली अवॉर्ड्स, पॉपुलर च्वॉइस, एचटी स्टार अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




