
ईरान में सरकार ने प्रदर्शनकारियों को दी कड़ी धमकी, मृत्युदंड की चेतावनी
सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका की चेतावनियों के बावजूद प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकेत दिया है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को एक्स पर लिखा कि ईरान के बहादुर लोगों का अमेरिका समर्थन करता है।
Iran Protest: ईरान ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अपनी धमकियां और तेज कर दीं और अटॉर्नी जनरल मोहम्मद मोवाहेदी आजाद ने चेतावनी दी कि विरोध-प्रदर्शनों में हिस्सा लेने वाले किसी भी व्यक्ति को अल्लाह का शत्रु माना जाएगा, जो मृत्युदंड योग्य अपराध है। अटॉर्नी जनरल की ये टिप्पणियां ईरान के सरकारी टेलीविजन के जरिए प्रसारित की गईं।
इससे पहले, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई एवं अन्य अधिकारियों ने संकेत दिया था कि ईरान दमनकारी कार्रवाई शुरू करने जा रहा है। लगभग दो सप्ताह से जारी ये प्रदर्शन हाल के दिनों में और तेज हो गए हैं। ईरान में इंटरनेट और टेलीफोन सेवा पर प्रतिबंध के बीच शनिवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी रहे और देश का बाकी दुनिया से संपर्क लगभग कटा हुआ है।
पाबंदियों के कारण वहां हो रहे प्रदर्शनों की सही जानकारी मिलना मुश्किल हो गया है। लेकिन अमेरिका में स्थित समाचार एजेंसी ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स’ के अनुसार, इन प्रदर्शनों में अब तक कम से कम 65 लोगों की मौत हो चुकी है और 2,300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिका की चेतावनियों के बावजूद प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने का संकेत दिया है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को ‘एक्स’ पर लिखा, “ ईरान के बहादुर लोगों का अमेरिका समर्थन करता है।” वहीं अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अलग से चेतावनी देते हुए कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के साथ खेल मत खेलिये, जब वह कुछ कहते हैं तो कर गुजरते हैं।”
ईरान के सरकारी टीवी पर प्रसारित एक वीडियो में सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी को दरकिनार करते हुए कहा कि अमेरिका के हाथ ईरानियों के खून से सने हैं। इस फुटेज में खामेनेई के समर्थक “अमेरिका मुर्दाबाद” के नारे लगाते हुए दिखे। सरकारी मीडिया ने प्रदर्शनकारियों को “आतंकवादी” बताया। ईरान में हालिया कुछ वर्षों की तरह प्रदर्शनकारियों पर हिंसक कार्रवाई किए जाने की आशंका बढ़ गई है।

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




