दुबई पर ईरान का बड़ा हमला, मशहूर 'पाम जुमैरह' पर दागी मिसाइल; सामने आया भयावह VIDEO

Feb 28, 2026 09:45 pm ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले के बाद ईरान द्वारा किया गया पलटवार पूरे मध्य-पूर्व पर भारी पड़ रहा है। ईरानी सेना क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी के सभी सहयोगियों को निशाना बना रही है। दुबई के पाम जुमैरह बीच पर मौजूद फेयरमोंट होटल को भी निशाना बनाया गया है।

दुबई पर ईरान का बड़ा हमला, मशहूर 'पाम जुमैरह' पर दागी मिसाइल; सामने आया भयावह VIDEO

ईरान द्वारा किए जा रहे पलटवार से पूरे मध्य-पूर्व की स्थिति बिगड़ती जा रही है। शनिवार को ईरान की तरफ से किए गए हमलों से दुबई में कई जगह पर धमाकों की आवाजें सुनी गईं। दुबई के जुमेराह स्थित फेयरमोंट होटल पर ईरानी मिसाइल गिरने की भी रिपोर्ट सामने आई है। सोशल मीडिया पर इस घटना की वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रही है। हालांकि अधिकारियों की तरफ से यह पुष्टि नहीं की गई है कि यह मिसाइल हमला हुआ था या फिर डिबरी की वजह से आग लगी है। लेकिन एक होटल में मौजूद एक शख्स की तरफ से पोस्ट किए गए वीडियो में एक डिबरी तेजी के साथ जमीन पर टकराती हुई नजर आ रही है।

एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, फेयरमोंट होटल के बाहर धुएं और आग की लपटें दिखाई दे रहीं थीं। फिलहाल, इस आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में चार लोगों के घायल होने की खबर है। इससे पहले, संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि ईरान द्वारा दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों से संयुक्त अरब अमीरात पर एक स्पष्ट हमला किया गया था। मंत्रालय ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात की एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों का कुशलतापूर्वक सामना किया और कई मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया।

इस मामले को लेकर दुबई के अधिकारियों ने भी पुष्टी की है कि इस हमले में कुछ लोग घायल हो गए हैं। दुबई मीडिया कार्यालय ने एक बयान में कहा, "आपातकालीन बचाव दल तुरंत मौके पर भेजे गए और घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है। दुबई नागरिक सुरक्षा ने पुष्टि की है कि आग पर अब काबू पा लिया गया है। चार लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।"

क्या हुआ पाम बीच पर?

एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक दो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने दुबई के पाम जुमेराह स्थित प्रसिद्ध फेयरमोंट द पाम होटल से एक विस्फोट की आवाज सुनी और धुएं का गुबार उठता देखा।एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने पाम पर स्थित एक होटल से घना काला धुआं उठता देखा और एम्बुलेंस को घटनास्थल की ओर तेजी से जाते हुए सुना।

आपको बता दें, ईरान की तरफ से किए जा रहे इस पलटवार ने पूरे मध्य-पूर्व की स्थिति को बिगाड़ दिया है। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। गल्फ देशों ने अपने हवाई क्षेत्र को भी बंद कर दिया है। संयुक्त अरब अमीरात की तरफ से कहा गया है कि उसने ईरान की तरफ से आने वाले मिसाइल और ड्रोन्स की एक और खेप को इंटरसेप्ट किया है। वहीं, दूसरी तरफ से ईरान की तरफ से भी लगातार अमेरिका और उसके सहयोगियों को चेतावनी दी जा रही है। ईरान ने आरोप लगाया है कि इजरायल की तरफ से आए एक प्रोजेक्टाइल ने लड़कियों के स्कूल पर हमला बोला है, जिसकी वजह से करीब 85 लोगों को मौत हो गई है, इसमें ज्यादातर मासूम लड़किया थीं। ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि ईरान लड़कियों के स्कूल पर किए गए इस हमले का जवाब देगा।

इससे पहले, इजरायल और अमेरिका ने मिलकर तेहरान पर हमला बोल दिया था। खामेनेई को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में कई सैन्य अधिकारियों और राजनेताओं के मारे जाने की खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस हमले में ईरान के रक्षा मंत्री की भी मौत की खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरानी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका वह मदद लेकर आया है, जिसके लिए आप कई वर्षों से इंतजार कर रहे थे। उन्होंने ईरानी लोगों से सत्ता को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य आपका इंतजार कर रहा है। वहीं, इसके जवाब में ईरान ने एक बार फिर से पलटवार करते हुए इजरायल समेत अमेरिकी के तमाम सहयोगियों को निशाना बनाया। कुवैत, बहरीन, जॉर्डन, इराक, सऊदी अरब, यूएई समेत कई देशों पर ईरानी मिसाइलों को कहर देखने को मिला।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।