ईरान से जल्दी निकलें बाहर, भारत ने नागरिकों के लिए जारी कर दिया अलर्ट; पश्चिम एशिया में फिर बिगड़े हालात
ईरान और इजरायल ने एक दूसरे पर बड़ा हमला कर दिया है जिसके बाद युद्ध का खतरा एक बार फिर मंडरा रहा है। युद्धविराम भी टूट चुका है। इस बीच हुती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर हमला बोला है।

पश्चिम एशिया में एक बार फिर जंग भड़क उठी है। सोमवार को ईरान और इजरायल ने एक दूसरे पर नए सिरे से हमले शुरू कर दिए हैं। इसके बाद अब भारत ने क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को सतर्क कर दिया है। भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है और भारतीयों को जल्द से जल्द ईरान से बाहर निकलने की सलाह दी है। सरकार ने भारतीयों से ईरान की यात्रा न करने की भी अपील की है।
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी में सभी भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द ईरान छोड़ने को कहा गया है। दूतावास ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “क्षेत्र में हालिया घटनाक्रमों और बिगड़ते हालातों को देखते हुए, दूतावास सभी भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा से पूरी तरह बचने की सलाह को दोहराता है। इसके अलावा, जो भारतीय नागरिक फिलहाल ईरान में हैं, उन्हें भी सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह तुरंत देश से बाहर निकलें।” बता दें कि भारत बीते 28 फरवरी को जंग शुरू होने के बाद से कई एडवाइजरी जारी कर चुका है।
भड़की जंग की आग
इससे पहले पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता को लेकर कोई अच्छी खबर आने से पहले ही ईरान ने रविवार देर रात इजरायल पर हमला कर दिया। ईरान के मुताबिक उसने लेबनान पर इजरायली हमलों के जवाब में यह हमला किया है। वहीं ईरान की ओर से मिसाइल दागे जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में इजराइल ने भी सोमवार तड़के तेहरान सहित कई अन्य जगहों पर हवाई हमले किए। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने खबर में बताया कि इस्फहान, करज, तबरीज और तेहरान में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। तेहरान में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि राजधानी के पश्चिमी हिस्से में कम से कम एक बड़े धमाके की आवाज सुनाई दी। इजराइली हमलों के बाद ईरान ने तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है।
इस बीच IRGC ने इजरायल द्वारा ईरान के तेल ठिकानों को निशाना बनाए जाने के बाद नया ऑपरेशन भी लॉन्च किया है। इसे ‘ऑपरेशन नस्र’ का नाम दिया गया है। IRGC ने कहा है कि यह अभियान पिछले साल इजरायल के साथ हुए युद्ध में मारे गए लोगों की शहादत की निशानी है। इस अभियान के तहत इजरायल के रणनीतिक एयरबेस तेल नोफ और नेवातिम को निशाना बनाया गया है। वहीं इजरायल ने भी बदला लेते हुए ईरान में एक प्रमुख पेट्रोकेमिकल संयंत्र और कई अन्य सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इजरायली सेना ने इसकी पुष्टि की है।
हुती भी हुए हमलावर
इस बीच हुती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर हमला बोला है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने ईरान संग मिलकर इजरायल पर चौतरफा मिसाइल हमले किए हैं। सोमवार सुबह हूती विद्रोहियों और ईरान की ओर से मध्य, दक्षिणी और उत्तरी इजरायल को निशाना बनाकर सिलसिलेवार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। अचानक हुए हमले के बाद तेल अवीव, यरूशलेम और उत्तरी इजरायल के इलाकों में सायरन गूंज उठे, जिसके बाद नागरिकों ने बम शेल्टरों में शरण ली है। इसके साथ ही हूती समूह ने इजरायल को चौतरफा घेरने के इरादे से सामरिक रूप से महत्वपूर्ण लाल सागर में इजरायली जहाजों के नौवहन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी है।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


