अपने बच्चों को जहन्नुम में मत भेजो…अमेरिकियों को ईरान की चेतावनी, सैनिक भेजने वाले हैं ट्रंप

Jagriti Kumari लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इस बीच ईरान ने बुधवार को युद्धविराम के अमेरिका के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। साथ ही उसने इजरायल और खाड़ी देशों पर हमले भी तेज कर दिए। अब ईरान ने अमेरिकियों के लिए नई चेतावनी जारी की है।

अपने बच्चों को जहन्नुम में मत भेजो…अमेरिकियों को ईरान की चेतावनी, सैनिक भेजने वाले हैं ट्रंप

US-Iran War: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध में सीजफायर की संभावना धुंधली पड़ती नजर आ रही है। ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ शांति वार्ता बातचीत जारी है और ईरान समझौते के लिए तैयार है। ईरान ने कहा है कि युद्ध ईरान की शर्तों पर ही खत्म होगा। इस बीच अब ईरान ने अमेरिकियों के लिए नई चेतावनी जारी की है।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने US और इजरायली सेना को ईरान के इलाके में संभावित ग्राउंड ऑपरेशन को लेकर यह चेतावनी जारी की है। बयान में चेतावनी दी गई, "नेतन्याहू और ट्रंप के धोखे से अपने बच्चों को जहन्नुम में मत भेजो। हमला करने वाले सैनिक ईरान के समुद्र में डूब कर मरेंगे और हमेशा के लिए गायब हो जाएंगे।"

इस दौरान IRGC ने अमेरिका के लोगों को सीधे संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि ट्रंप और नेतन्याहू जैसे युद्ध के लिए उकसाने वाले लोग झूठ और युद्ध के मैदान की हकीकत को तोड़-मरोड़कर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। बयान में कहा गया, “युद्ध की सच्चाई आपको अमेरिकी गैस स्टेशनों पर, ईरान की सड़कों और तेल अवीव और हाइफ़ा के आसमान में देखनी चाहिए।”

सैनिक तैनात करने की तैयारी में अमेरिका

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब रिपोर्ट्स में यह बात सामने आई थी कि अमेरिका जल्द ही कई हजारों अमेरिकी सैनिकों की तैनाती मिडिल ईस्ट में कर सकता है। अमेरिका की सेना 82वीं 'एयरबोर्न डिवीजन' से कम से कम 1,000 और सैनिकों को तैनात करने की तैयारी कर रही है, ताकि क्षेत्र में पहले से मौजूद करीब 50,000 सैनिकों को और बल मिल सके। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय का मुख्यालय पेंटागन दो 'मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट' की भी तैनाती की प्रक्रिया में है, जिसके तहत क्षेत्र में करीब 5,000 मरीन और नौसेना के हजारों अन्य कर्मी और तैनात किए जाएंगे।

ईरान ने खारिज किया प्रस्ताव

इस बीच ईरान ने बुधवार को युद्धविराम के अमेरिका के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। साथ ही उसने इजरायल और खाड़ी देशों पर हमले भी तेज कर दिए। ईरान के सरकारी समाचार प्रसारक 'प्रेस टीवी' ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि ईरान ने अमेरिका के युद्धविराम प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। प्रेस टीवी ने अधिकारी के हवाले से बताया, "ईरान युद्ध तभी समाप्त करेगा जब वह ऐसा चाहेगा और जब उसकी शर्तें पूरी होंगी।" अधिकारी ने यह भी कहा कि तेहरान पश्चिम एशिया में अपने 'जोरदार हमले' जारी रखेगा।

ट्रंप के दावे का उड़ाया मजाक

इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में युद्ध में जीत का दावा करते हुए कहा था कि ईरान परमाणु हथियार कभी नहीं रखने पर सहमत हो गया है और ईरान के साथ बातचीत जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध जीत लिया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान की उस परमाणु क्षमता को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिसका इस्तेमाल पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगियों के खिलाफ किया जा सकता था।

ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान की सेना के एक प्रवक्ता ने युद्धविराम समझौते से जुड़े अमेरिकी प्रयासों का बुधवार को मजाक उड़ाया। अर्द्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड की संयुक्त रूप से कमान संभालने वाले 'खातम अल-अन्बिया सेंट्रल हेडक्वार्टर' के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम जुल्फाघारी ने एक बयान में कहा, ''क्या आपके आंतरिक मतभेद इस हद तक पहुंच गए हैं कि आप खुद से ही बातचीत कर रहे हैं?'' जुल्फाघारी ने कहा, ''पहले दिन से ही हमारी पहली और आखिरी बात यही रही है और यही रहेगी : हम जैसे लोग आप जैसे लोगों के साथ कभी समझौता नहीं करेंगे। न अभी, न कभी।''

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।