लाल सागर को लेकर 'लाल' हुए ट्रंप, हूतियों पर भड़के, ईरान को दी चेतावनी, बोले- भुगतने होंगे गंभीर नतीजे
लाल सागर में तेल टैंकरों पर हूती विद्रोहियों के हमले के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बहुत गुस्से में है। उन्होंने ईरान समर्थित हूतियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जहाजों पर हमले नहीं रुके तो अमेरिका बड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा और ईरान को सीधे जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि लाल सागर में जहाजों पर हमले जारी रखने पर अमेरिका बड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा। ट्रंप ने ईरान को भी सीधे चेतावनी दी कि तेहरान को भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ट्रंप ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है कि अगर हूती दोबारा ऐसा करते हैं तो अमेरिका ईरान को जिम्मेदार ठहराएगा। हूती ईरान के प्रॉक्सी हैं। ईरान और हूतियों दोनों को बड़ी सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इस दौरान उन्होंने याद दिलाया कि पिछले साल हूतियों के हमलों के जवाब में अमेरिकी कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में आई थी, लेकिन अब वे फिर सक्रिय हो गए हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि दुर्भाग्य से कल रात उन्होंने सऊदी अरब के दो जहाजों को निशाना बनाया।
बुधवार को भी ट्रंप ने दी थी धमकी
इससे पहले बुघवार को ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि होर्मुज स्ट्रेट में किसी जहाज पर ईरानी हमले की स्थिति में अमेरिका ईरानी पुल या बिजली संयंत्र को नष्ट कर देगा। दोनों पक्षों ने नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की धमकी दी है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत सीमित परिस्थितियों में ही वैध माना जाता है। इस पर ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि तेहरान 'जैसे को तैसा' की नीति पर चल रहा है।
अमेरिकी हमले जारी
अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ लगातार 12वीं रात हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि इन हमलों का मकसद होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों को खतरा पहुंचाने वाली ईरानी क्षमता को कमजोर करना है। ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिकी मिसाइलों ने पश्चिमी ईरान के अहवाज, रामशीर और अंदिमेश्क के पास ठिकानों को निशाना बनाया। इराक सीमा के पास शलमचेह में हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई। ईरान ने जवाबी कार्रवाई में खाड़ी देशों में ऊर्जा ढांचे और पेयजल संयंत्रों को निशाना बनाया है।
समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा ईरान
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने फिलीपीन में एक क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक वे समझदारी नहीं दिखाते, हर गुजरती रात के साथ उन्हें और बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। रुबियो ने दावा किया कि ईरान समझौते के लिए गिड़गिड़ा रहा है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप इसे स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं क्योंकि ईरान शर्तों का पालन करने को तैयार नहीं दिखता।
पाकिस्तान में ईरान के गृहमंत्री
ईरान के गृह मंत्री सिकंदर मोमेनी पाकिस्तान में हैं और कूटनीतिक प्रयास कर रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इस्हाक डार ने दोनों पक्षों से संयम बरतने और बातचीत जारी रखने की अपील की। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लाल सागर में सऊदी टैंकरों पर हमले की कड़ी निंदा की। एक अरब राजनयिक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि खाड़ी देश अब तनाव कम करने की संभावनाओं को लेकर निराश हैं। पाकिस्तान और तुर्किये समेत क्षेत्रीय देश प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सुधार की उम्मीद कम नजर आ रही है।


