ईरान ने भारत को दी खास राहत, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जारी रहेगी तेल सप्लाई; जयशंकर के दखल से बनी बात
ईरान ने खाड़ी अरब देशों में तेल क्षेत्रों और रिफाइनरियों को भी निशाना बनाया है। इन हमलों का उद्देश्य वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाकर अमेरिका और इजरायल पर युद्ध रोकने का दबाव बनाना है। हालांकि ईरान ने भारत को राहत दी है।
दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों को लेकर मचे हाहाकार के बीच ईरान ने भारत को खास राहत दी है। ईरान ने भारत के झंडे वाले तेल टैंकरों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की इजाजत दे दी है। जानकारी के मुताबिक ईरान ने भारत को यह सहूलियत विदेश मंत्री एस जयशंकर की दखलंदाजी के बाद दी है। सूत्रों ने NDTV को बताया है हाल ही में जयशंकर और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बीच बातचीत के बाद ईरान ने यह फैसला लिया है।
ईरान की तरफ से मिली इस राहत के बाद कथित तौर पर 2 भारतीय तेल टैंकरों पुष्पक और परिमल सुरक्षित रूप से होर्मुज से गुजरे हैं। इससे पहले एक अन्य तेल टैंकर जिसका कैप्टन भारतीय बताया जा रहा है, वह भी होर्मुज से पार हो गया है। यह जहाज युद्ध शुरू होने के बाद से इस मार्ग को पार कर भारत आने वाला पहला जहाज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी अरब का कच्चा तेल ले जा रहा यह लाइबेरिया के झंडे वाला टैंकर दो दिन पहले होर्मुज स्ट्रेट से गुजरा और फिलहाल मुंबई पोर्ट पर रुका है।
जयशंकर ने कई बार की है अराघची से बात
इससे पहले अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त सैन्य हमले शुरू करने के बाद से जयशंकर ईरानी विदेश मंत्री अराघची से 3 बार बात कर चुके हैं। बीते मंगलवार को जयशंकर ने बताया था कि अराघची के साथ संघर्ष से संबंधित घटनाक्रम पर उनकी विस्तृत बातचीत हुई है और दोनों देशों ने संपर्क बनाए रखने की सहमति जताई है। जयशंकर ने इस दौरान अराघची को ईरान और क्षेत्र में हो रहे घटनाक्रम पर भारत की गहरी चिंता से भी अवगत कराया था।
होर्मुज जलडमरूमध्य बना जंग का अखाड़ा
गौरतलब है कि ईरान द्वारा फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित संकरे समुद्री परिवहन मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को लगभग अवरुद्ध कर दिए जाने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है। वहीं ऊर्जा आपूर्ति और ईंधन की किल्लत को लेकर भारत में भी हलचल मची हुई है। ईरान ने लगातार चेतावनी दी है कि वह इस रास्ते से एक लीटर भी तेल गुज़रने नहीं देगा और इस क्षेत्र में कार्गोस को लगातार निशाना बना रहा है, खासकर अमेरिकी और पश्चिमी देशों से जुड़े जहाजों को। इन हमलों का उद्देश्य वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाकर अमेरिका और इजरायल पर युद्ध रोकने का दबाव बनाना है।
भारत ने की थी हमलों की निंदा
इससे पहले भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य में थाईलैंड की एक कार्गो जहाज पर हुए हमलों की भी निंदा की थी। भारत ने पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक जहाजों पर बढ़ते हमलों की निंदा करते हुए ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की अपील भी की थी। भारत का यह बयान गुजरात के कांडला बंदरगाह आ रहे एक मालवाहक जहाज पर हुए ईरानी हमलों के बाद आया था। इस जहाज को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने निशाना बनाया था।
इसके बाद विदेश मंत्रालय ने घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि भारत पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में वाणिज्यिक जहाजों को सैन्य हमलों का निशाना बनाए जाने की निंदा करता है। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “इस संघर्ष के शुरुआती चरण में ऐसे कई हमलों में भारतीय नागरिकों सहित कई बहुमूल्य जानें जा चुकी हैं और हमलों की तीव्रता बढ़ती ही जा रही है।” मंत्रालय ने कहा, ''भारत इस बात को दोहराता है कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों को खतरे में डालना या किसी भी तरह से नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा डालने से बचा जाना चाहिए।''
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


