ताश के पत्तों की तरह ढहीं इमारतें, इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद तबाही का मंजर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

इंडोनेशिया में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप में इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। वहीं इस भूकंप में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तटीय इलाके के लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है।

इंडोनेशिया के तट पर शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता का भूकंप आया जिससे कई इमारतें एवं मकान क्षतिग्रस्त हो गए तथा सुनामी की चेतावनी जारी की गई। इतने तेज भूकंप में इमारतें ताश के पत्ते की तरह ढह गईं। तबाही का मंजर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि भूकंप में कई लोगों की मौत हुई होगी। हालांकि मौत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।

10 किलोमीटर की गहराई में था भूकंप के केंद्र

अमेरिका के भूगर्भीय सर्वेक्षण ने बताया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। इसका केंद्र पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पश्चिम में था। शुरुआती भूकंप के बाद भूकंप बाद के कई झटके महसूस किए गए।

जारी किया गया सुनामी का अलर्ट

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्व सुलावेसी प्रांतों के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की तथा लोगों से समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने का आग्रह किया। भूंकप से प्रभावित तटीय इलाकों के निवासियों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। अधिकारी किसी भी बदलाव का पता लगाने के लिए तटीय ज्वारमापी उपकरणों पर करीबी नजर रख रहे हैं।

फ्लोरेस द्वीप के अधिकतर हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती खबरों के अनुसार मकानों और सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है लेकिन अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त इमारतों की अनुमानित संख्या या किसी के हताहत होने के बारे में अभी कोई जानकारी जारी नहीं की है। पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में सिक्का रीजेंसी की निवासी योहाना एम्बु ने बताया कि तेज झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और लोग घबराकर बाहर की ओर भागे।

रिंग ऑफ फायर

उन्होंने कहा, ''यहां कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं... मैंने देखा कि मौमेरे में पेलनी बंदरगाह टर्मिनल का प्रतीक्षालय ढह गया।'' करीब 17,000 द्वीपों वाला विशाल द्वीपसमूह इंडोनेशिया प्रशांत महासागर क्षेत्र में 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित होने के कारण भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील है। 'रिंग ऑफ फायर' प्रशांत महासागर के चारों ओर फैला हुआ एक ऐसा क्षेत्र है जहां दुनिया के सबसे ज्यादा सक्रिय ज्वालामुखी और भूकंप आते हैं। दिसंबर 1992 में सात तीव्रता के भूकंप के कारण आई सुनामी में फ्लोरेस द्वीप पर करीब 2,500 लोगों की मौत हो गई थी।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़ताश के पत्तों की तरह ढहीं इमारतें, इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप से तबाही