Hindi Newsविदेश न्यूज़Indian national Himanshi Khurana murdered in Toronto Canada Police warrant issued against Abdul Ghafoori
कनाडा में भारतीय महिला हिमांशी खुराना की बेरहमी से हत्या, अब्दुल के पीछ पड़ी टोरंटो पुलिस

कनाडा में भारतीय महिला हिमांशी खुराना की बेरहमी से हत्या, अब्दुल के पीछ पड़ी टोरंटो पुलिस

संक्षेप:

टोरंटो पुलिस ने जानकारी दी थी कि शहर में 30 वर्षीय भारतीय मूल की एक महिला मृत पाई गई है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान टोरंटो में रहने वाली हिमांशी खुराना के रूप में हुई है।

Dec 24, 2025 11:35 am ISTAmit Kumar एएनआई, टोरंटो
share Share
Follow Us on

कनाडा के टोरंटो शहर में भारतीय मूल की एक युवती की निर्मम हत्या के मामले ने प्रवासी भारतीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बुधवार को इस घटना पर गहरा दुख और सदमा जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इस मामले में पुलिस अब्दुल गफूरी नाम के एक शख्स की तलाश में है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि वह टोरंटो में भारतीय नागरिक हिमांशी खुराना की हत्या से बेहद दुखी और स्तब्ध है। दूतावास ने इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और भरोसा दिलाया कि मामले में स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर परिवार को हरसंभव सहायता दी जा रही है।

पुलिस जांच और आरोपी की तलाश जारी

इस बयान से पहले टोरंटो पुलिस ने जानकारी दी थी कि शहर में 30 वर्षीय भारतीय मूल की एक महिला मृत पाई गई है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान टोरंटो में रहने वाली हिमांशी खुराना के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने 32 वर्षीय अब्दुल गफूरी के खिलाफ कनाडा-व्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है, जो मृतका को पहले से जानता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी फर्स्ट डिग्री हत्या के आरोप में वांटेड है। यदि अदालत में यह सिद्ध होता है कि हत्या पूर्व नियोजित थी और उसमें स्पष्ट आपराधिक मंशा थी, तो आरोपी को बिना पैरोल के आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।

निजी संबंधों से जुड़ी हिंसा का शक

कनाडा के मीडिया संस्थान CBC News की रिपोर्ट के मुताबिक, जांचकर्ताओं का मानना है कि यह मामला इंटिमेट पार्टनर वायलेंस यानी निजी या करीबी संबंधों से जुड़ी हिंसा का हो सकता है। पुलिस ने भी पुष्टि की है कि पीड़िता और संदिग्ध एक-दूसरे को जानते थे।

कैसे सामने आया मामला

रिपोर्ट के अनुसार, टोरंटो पुलिस को सबसे पहले शुक्रवार रात एक गुमशुदगी की सूचना मिली थी। पुलिस ने बताया- शुक्रवार, 19 दिसंबर को रात करीब 10:41 बजे, स्ट्रैचन एवेन्यू और वेलिंगटन स्ट्रीट वेस्ट इलाके से एक महिला के लापता होने की कॉल मिली। इसके बाद रातभर खोजबीन जारी रही। शनिवार, 20 दिसंबर को सुबह करीब 6:30 बजे, पुलिस अधिकारियों ने एक आवास के अंदर लापता महिला को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद मौत को हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी गई।

भारतीय दूतावास की सक्रिय भूमिका

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने अपने बयान में कहा है कि वह बीते कुछ दिनों से इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और जांच एजेंसियों के संपर्क में है। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवार को कानूनी, प्रशासनिक और अन्य आवश्यक सहायता मुहैया कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar
अमित कुमार एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में नौ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। हिन्दुस्तान डिजिटल के साथ जुड़ने से पहले अमित ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। अमित ने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला (डिजिटल) से की। इसके अलावा उन्होंने वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में काम किया है, जहां उन्होंने न्यूज रिपोर्टिंग व कंटेंट क्रिएशन में अपनी स्किल्स को निखारा। अमित ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में मास्टर (MA) किया है। अपने पूरे करियर के दौरान, अमित ने डिजिटल मीडिया में विभिन्न बीट्स पर काम किया है। अमित की एक्सपर्टीज पॉलिटिक्स, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेट रिपोर्टिंग और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई है। अमित नई मीडिया तकनीकों और पत्रकारिता पर उनके प्रभाव को लेकर काफी जुनूनी हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।