'क्या तुम मुसलमान हो?' पूछने के बाद अमेरिकी मॉल में भारतीय युवक पर 15 बार चाकू से वार
अमेरिका के यूटा के एक व्यस्त शॉपिंग मॉल में उस वक्त अचानक खून से लथपथ हो गया, जब एक व्यक्ति ने भारतीय युवक से पूछा कि क्या तुम मुसलमान हो? और हां सुनते ही उसके शरीर पर 15 बार चाकू से हमला कर दिया। जानें फिर क्या हुआ...

अमेरिका के यूटा राज्य के वैली फेयर मॉल में एक एक भारतीय कियोस्क कर्मचारी (48) पर उसके मुस्लिम होने की वजह से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने पीड़ित से उसके धर्म के बारे में पूछा और 'हां' सुनते ही चाकू से 15 बार वार कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी पीटर माइकल लार्सन ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने सोहेल नामक भारतीय युवक को जानबूझकर निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था। लार्सन का कथित इरादा मुस्लिमों को नुकसान पहुंचाना था। बताया जा रहा है कि यह घटना सोमवार को हुई।
बातचीत के दौरान पूछा धर्म
पुलिस के मुताबिक, लार्सन मॉल में सोहेल के पास पहुंचा, उससे बातचीत शुरू की और अचानक पूछा कि क्या तुम मुसलमान हो? सोहेल के हां कहने पर लार्सन ने चाकू निकालकर हमला बोल दिया। वहीं, पास के ज्वेलरी स्टोर की कर्मचारी लूना नुनेज ने बताया कि लार्सन ने पहले पूछा कि तुम कहां से हो? सोहेल ने जवाब दिया कि मैं भारत से हूं, मेरा नाम सोहेल है। फिर लार्सन ने पूछा कि क्या तुम मुस्लिम हो?' सोहेल ने हां कहा और तुरंत लार्सन ने चाकू मारना शुरू कर दिया।
15 बार चाकू से गोदा
यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुएब दीन के अनुसार, लार्सन ने सोहेल से पानी की बोतल मांगी। जैसे ही सोहेल मुड़ा, लार्सन ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। सोहेल को 15 बार चाकू मारा गया। उसकी कई सर्जरी हो चुकी हैं। फिलहाल हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि सोहेल परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य हैं, उनके दो छोटे बच्चे और पत्नी हैं। उनके पास स्वास्थ्य बीमा भी नहीं है।
मॉल में मौजूद लोगों ने पकड़ा
बताया गया कि पुलिस के पहुंचने से पहले मॉल के कई लोगों ने लार्सन को पकड़ लिया और उसे नीचे गिरा दिया, जिससे आगे का नुकसान टला। लार्सन को गिरफ्तारी के दौरान चोटें आईं, जिनका इलाज कराया गया। जांचकर्ताओं ने लार्सन को जनता के लिए 'बड़ा खतरा' बताया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और खतरनाक हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल उसे साल्ट लेक काउंटी जेल में रखा गया है।
नफरत के लिए कोई जगह नहीं
वहीं, सोहेल के मैनेजर अदनान मोहम्मद ने इस घटना की कड़ी निंदा की। फॉक्स 13 से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल पागलपन है। यह नफरत भरा अपराध है। नफरत के लिए कहीं कोई जगह नहीं है। सोहेल हमेशा मुस्कुराते रहता था, बहुत मेहनत करता था। मैंने ही उसे मैनेजर पद पर प्रमोट किया था। जब आप किसी को मारते हैं, तो सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, पूरा परिवार प्रभावित होता है।


