
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ड्रैगन ने चली गंदी चाल, राफेल को बदनाम करने की चीनी साजिश बेनकाब
अमेरिकी रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान के राफेल गिराने के दावे पूरी तरह झूठे और फर्जी थे, और इसके पीछे एक बड़ी साजिश थी। बुधवार को अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में चीन पर गंभीर आरोप लगाया है।
शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के बाद भारत-चीन संबंधों में धीरे-धीरे सुधार के संकेत दिखाई देने लगे हैं। इसी बीच अमेरिकी कांग्रेस की एक सलाहकार संस्था ने चीन और पाकिस्तान को लेकर बड़ा खुलासा किया है। दरअसल मई 2025 में हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत-पाकिस्तान की सेनाओं के बीच सैन्य टकराव हुआ था। इस दौरान भारत ने अपने सुदर्शन चक्र और ब्रह्मोस मिसाइलों की ताकत दिखाई, जबकि पाकिस्तान ने दावा किया कि उसने भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों को मार गिराया।
अब अमेरिकी रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि पाकिस्तान के ये राफेल गिराने के दावे पूरी तरह झूठे और फर्जी थे, और इसके पीछे एक बड़ी साजिश थी। बुधवार को अमेरिका-चीन आर्थिक एवं सुरक्षा समीक्षा आयोग (US-China Economic and Security Review Commission) ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में चीन पर गंभीर आरोप लगाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद चीन ने भारत के खिलाफ एक सुनियोजित ‘गलत सूचना अभियान’ (Disinformation Campaign) चलाया। इस अभियान में AI से बनी फर्जी तस्वीरें और नकली सोशल मीडिया अकाउंट्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया गया।
अमेरिकी आयोग ने क्या कहा?
रिपोर्ट के अनुसार, चीन ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए ऐसी AI-जनरेटेड तस्वीरें वायरल कीं, जिनमें भारतीय और फ्रांसीसी राफेल विमानों का मलबा दिखाया गया और दावा किया गया कि ये चीनी हथियार प्रणालियों ने मार गिराए। इसका मुख्य मकसद फ्रांस के राफेल लड़ाकू विमान की वैश्विक बाजार में साख को नुकसान पहुंचाना और अपनी आने वाली पीढ़ी के J-35 लड़ाकू विमान को बढ़ावा देना था। आयोग ने इसे चीन की व्यापक 'ग्रे जोन रणनीति' (Grey Zone Tactics) का हिस्सा बताया, जिसमें बिना सीधे सैन्य टकराव के भू-राजनीतिक फायदे हासिल किए जाते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर
गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 भारतीय नागरिक मारे गए थे। इसके जवाब में मई में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया और पाकिस्तान के अंदर आतंकी ठिकानों व सैन्य अड्डों पर सटीक हमले किए। अगस्त 2025 में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की थी कि इस ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमान और एक बड़े हवाई निगरानी विमान को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




