पीएम नेतन्याहू की निजी जिंदगी में भी भारत खास, पत्नी सारा से पहली मुलाकात का किया जिक्र

Feb 27, 2026 12:34 am ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी निजी जिंदगी में भारत के महत्व को याद किया। पीएम मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि जब वह सारा से पहली बार मिले थे, तो वह एक भारतीय रेस्टोरेंट ही था।

पीएम नेतन्याहू की निजी जिंदगी में भी भारत खास, पत्नी सारा से पहली मुलाकात का किया जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल की यात्रा बहुत खास रही है। दोनों देशों के संबंध इस यात्रा के बाद और भी ज्यादा मजबूत हुए हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी निजी जिंदगी में भारत के महत्व को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी पत्नी सारा से उनकी मुलाकात तेल अवीव के एक भारतीय रेस्टोरेंट में हुई थी।

प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त कॉन्फ्रेंस कर रहे नेतन्याहू ने कहा, "मैं व्यक्तिगत तौर पर भारत का बहुत बड़ा ऋणी हूं। जब मैं सारा से मिला तो हमारी पहली या दूसरी मुलाकात तेल अवीव के एक भारतीय रेस्टोरेंट में हुई थी। सारा का यह भारतीय खाने से पहला परिचय था, इसलिए वह एक शानदार पहली डेट थी, न केवल खाना बेहतरीन था, बल्कि मुलाकात भी शानदार रही थी।"

नेतन्याहू ने बताया कि वह रेस्टोरेंट रीना पुशकरण द्वारा संचालित था। रीना भारतीय मूल की एक जानी मानी शेफ हैं। इजरायल में लोग उन्हें 'करी क्वीन' के नाम से जानते हैं। उन्हें इजरायल में प्रामाणिक भारतीय व्यंजन लोकप्रिय बनाने और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सेतु का काम करने का श्रेय दिया जाता है। गौरतलब है कि 2017 में जब पीएम मोदी इजरायल यात्रा पर गए थे, उस वक्त भी नेतन्याहू ने सारा के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया था।

आपको बता दें, प्रधानमंत्री मोदी की यह इजरायल यात्रा 9 सालों के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री के इजरायल पहुंचते ही बेन गुरियन एयरपोर्ट पर पीएम नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक कैनेसेट पहुंचे, जहां पर इजरायली सांसदों ने खड़े होकर मोदी-मोदी के नारों से उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी पीएम मोदी को 'एक दोस्त से ज्यादा एक भाई की तरह' कहकर संबोधित किया। कैनेसेट में नेता विपक्ष यारा लिपिड ने भी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और इजरायल आने के लिए उनका धन्यवाद किया। पीएम मोदी ने भी सभी का शुक्रिया किया और भारत और इजरायल के बीच पहले से मजबूत रक्षा संबंधों को और भी ज्यादा मजबूत करने पर जोर दिया। कैनेसेट में संबोधन खत्म होने के बाद वहां मौजूद सांसदों के बीच में पीएम मोदी के साथ फोटो लेने की होड़ लग गई। लगभग 15 मिनट तक पीएम मोदी के साथ इजरायली सांसद फोटो लेते रहे।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।