Hindi Newsविदेश न्यूज़India and Jordan share common stance against terrorism PM Modi in bilateral talks with King Abdullah
आतंकवाद के खिलाफ भारत-जॉर्डन की सोच एक समान, किंग अब्दुल्ला से द्विपक्षीय वार्ता में पीएम मोदी

आतंकवाद के खिलाफ भारत-जॉर्डन की सोच एक समान, किंग अब्दुल्ला से द्विपक्षीय वार्ता में पीएम मोदी

संक्षेप:

किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल-हुसैन के साथ बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आपने गाजा मुद्दे पर शुरू से ही बहुत सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाई है। हम सभी उम्मीद करते हैं कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहेगी।

Dec 15, 2025 10:56 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

पीएम नरेंद्र मोदी जॉर्डन की यात्रा पर हैं। सोमवार को पीएम मोदी जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे। यहां के हुसेनिया पैलेस में जॉर्डन के राजा अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल-हुसैन ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। बता दें कि यह जॉर्डन की पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा 37 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रही है और ऐसे समय पर हो रही है जब दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पीएम मोदी ने राजा अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात के दौरान उन्हें मित्रता और भारत के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद दिया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल-हुसैन के साथ बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आपने गाजा मुद्दे पर शुरू से ही बहुत सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाई है। हम सभी उम्मीद करते हैं कि इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनी रहेगी। आतंकवाद के खिलाफ हमारा दृष्टिकोण एक समान और स्पष्ट है। आपके नेतृत्व में जॉर्डन ने आतंकवाद, उग्रवाद और कट्टरता के विरुद्ध पूरी मानवता को एक मजबूत और रणनीतिक संदेश दिया है।

भारत-जॉर्डन संबंध

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि 2018 में भारत यात्रा के दौरान हमने इस्लामिक विरासत पर आयोजित एक सम्मेलन में साथ भाग लिया था। मुझे याद है कि हमारी पहली मुलाकात 2015 में संयुक्त राष्ट्र के एक कार्यक्रम में हुई थी, जो हिंसक उग्रवाद से मुकाबला करने पर केंद्रित था। उस समय भी आपने इस विषय पर प्रेरणादायक बातें कही थीं। संयम को बढ़ावा देने के आपके प्रयास न केवल क्षेत्रीय शांति, बल्कि वैश्विक शांति के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। हम इस दिशा में मिलकर ठोस कदम उठाते रहेंगे और आपसी सहयोग के सभी अन्य क्षेत्रों को और मजबूत करेंगे।

जॉर्डन किंग ने क्या कहा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के दौरान जॉर्डन किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन ने कहा कि आपकी यात्रा के दौरान हुए समझौतों और समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर का हम हार्दिक स्वागत करते हैं, क्योंकि इनसे हमारा सहयोग और मजबूत होगा तथा साझेदारी के नए द्वार खुलेंगे। हम कल आयोजित होने वाले जॉर्डन-भारत व्यापार मंच का भी उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं, जो व्यापार-से-व्यापार साझेदारी तथा महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। मेरा विश्वास है कि यह मंच एक बेहद उपयुक्त समय पर हो रहा है, जो व्यापार को बढ़ावा देने, निवेश को प्रोत्साहित करने और हमारे दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों को और गहरा करने का एक मजबूत मंच उपलब्ध कराएगा।

भारत-जॉर्डन संबंध

हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से आगवानी

इससे पहले, दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों का विशेष संकेत देते हुए जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी की गर्मजोशी से अगवानी की और औपचारिक स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि अम्मान पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर गर्मजोशी भरा स्वागत करने के लिए हाशमी साम्राज्य के प्रधानमंत्री जाफर हसन का आभारी हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि यह यात्रा हमारे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगी।

वहीं, जॉर्डन के प्रधानमंत्री ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि आज जॉर्डन में भारत के सम्माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक प्रतिष्ठित मेहमान के रूप में स्वागत करना हमारे लिए गौरव की बात है। यह यात्रा हमारे 75 वर्षों के घनिष्ठ एवं स्थायी संबंधों को प्रतिबिंबित करती है। हम दोनों देशों के बीच विशेष रूप से आर्थिक, निवेश और तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग के नए आयाम खोजने के लिए उत्सुक हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की जॉर्डन यात्रा

होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के सदस्यों ने पीएम मोदी का उत्साहपूर्ण स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने उनका अभिवादन स्वीकार किया और भारत से अपने मित्रों तथा परिवारजनों की ओर से शुभकामनाएं दीं। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक भारतीय नृत्य प्रस्तुत किए, जो देश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शा रहे थे।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अम्मान में भारतीय समुदाय द्वारा किया गया हार्दिक स्वागत मुझे बहुत प्रभावित कर गया। उनका स्नेह, भारत की प्रगति पर गर्व तथा मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव भारत और प्रवासी भारतीयों के बीच अटूट बंधन को प्रदर्शित करता है। भारत-जॉर्डन संबंधों को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों की निरंतर भूमिका के लिए मैं आभारी हूं।

गौरतलब है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्डन के राजा भारत-जॉर्डन व्यापार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख व्यवसायी हिस्सा लेंगे। मोदी जॉर्डन में भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे और युवराज के साथ पेत्रा शहर का दौरा करेंगे, जो भारत के साथ प्राचीन व्यापारिक संबंध साझा करने वाला एक ऐतिहासिक स्थल है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap
देवेन्द्र कश्यप, लाइव हिंदुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर। पटना से पत्रकारिता की शुरुआत। महुआ न्यूज, जी न्यूज, ईनाडु इंडिया, राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे बड़े संस्थानों में काम किया। करीब 11 साल से डिजिटल मीडिया में कार्यरत। MCU भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई। पटना व‍िश्‍वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।