INDvPAK: श्रीलंका से गया फोन, 30 मिनट तक हुई बात; 'भारत बनाम पाकिस्तान' को राजी हो गए शहबाज

Feb 10, 2026 09:41 am ISTHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

IND vs Pakistan: पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में खुलासा किया कि श्रीलंका की पहल के अलावा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से औपचारिक अनुरोध किया था।

INDvPAK: श्रीलंका से गया फोन, 30 मिनट तक हुई बात; 'भारत बनाम पाकिस्तान' को राजी हो गए शहबाज

IND vs Pakistan T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप के दौरान कोलंबो में होने वाले भारत और पाकिस्तान के मुकाबले को लेकर जारी अनिश्चितता आखिरकार खत्म हो गई है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच सोमवार रात हुई टेलीफोन पर हुई बातचीत इस मामले में गेम-चेंजर साबित हुई है। इस बातचीत के बाद पाकिस्तान मैच खेलने के लिए राजी हो गया है। श्रीलंका के विदेश मंत्रालय ने 'शांतिदूत' की भूमिका निभाते हुए रविवार को कोलंबो और इस्लामाबाद स्थित उच्चायोगों के माध्यम से पाकिस्तानी अधिकारियों से संपर्क किया था। चर्चा के बाद दिसानायके और शहबाज शरीफ के बीच सोमवार रात फोन पर बात तय हुई।

श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिता हेराथ ने मंगलवार सुबह इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के बीच टेलीफोन पर बातचीत लगभग 30 मिनट तक चली। यह शुद्ध रूप से क्रिकेट कूटनीति है!"

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में खुलासा किया कि श्रीलंका की पहल के अलावा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से औपचारिक अनुरोध किया था। पोस्ट में कहा गया, "पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड द्वारा PCB को किए गए औपचारिक अनुरोधों के साथ-साथ श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य सदस्य देशों के समर्थक संचारों की समीक्षा की है। इन पत्राचारों ने हाल की चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान खोजने में पाकिस्तान के नेतृत्व की मांग की थी।"

पाकिस्तान ने बताया कि राष्ट्रपति दिसानायके ने शहबाज शरीफ के साथ अपनी गर्मजोशी भरी और मैत्रीपूर्ण बातचीत में याद किया कि कैसे पाकिस्तान और श्रीलंका हमेशा एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने शहबाज शरीफ से गतिरोध को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए गंभीर विचार करने का अनुरोध किया था।

राष्ट्रपति दिसानायके ने आधी रात के आसपास सोशल मीडिया पर लिखा, "यह जानकर खुशी हुई कि कोलंबो में चल रहे टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत और पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मैच योजना के अनुसार आगे बढ़ेगा। टूर्नामेंट के सह-मेजबान के रूप में श्रीलंका ICC और संबंधित सभी लोगों को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देता है। श्रीलंका ने 1996 के विश्व कप के दौरान भारत और पाकिस्तान द्वारा दिखाई गई एकजुटता को नहीं भूला है, जब वे ऐसे समय में कोलंबो में खेले थे जब सुरक्षा चिंताओं के कारण अन्य लोगों ने परहेज किया था।"

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार देर रात एक बयान जारी कर इस घटनाक्रम की पुष्टि की। ICC ने कहा, "ICC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के बीच बातचीत व्यापक जुड़ाव के हिस्से के रूप में हुई। दोनों पक्षों ने रचनात्मक व्यवहार की आवश्यकता को मान्यता दी और खेल के सर्वोत्तम हितों की सेवा के लिए अखंडता, तटस्थता और सहयोग के साथ प्रतिबद्ध होने पर सहमति व्यक्त की।"

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।