इमरान खान फिट हैं मगर उन्हें बीमार दिखाया जा रहा, कोई बड़ी साजिश है; बहन अलीमा के गंभीर आरोप

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

अलीमा खान ने आरोप लगाया कि ये सब एक योजना के तहत किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जेल में इमरान खान को क्या दवाएं या अन्य चीजें दी जा रही हैं और परिवार को उनकी मेडिकल रिपोर्ट क्यों नहीं उपलब्ध कराई जा रही।

Imran Khan sister Aleema Khan says he is fit but is being portrayed as ill major conspiracy
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खान ने जेल में उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने दावा किया कि इमरान खान पूरी तरह स्वस्थ हैं, लेकिन उन्हें जानबूझकर कमजोर और बीमार दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आई उन तस्वीरों का हवाला दिया, जिनमें इमरान खान को व्हीलचेयर पर या बिस्तर पर लेटे हुए दिखाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें कमजोर दिखाने के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।

अलीमा खान ने कहा कि इमरान खान की जान को पहले भी खतरा रहा है और उन्होंने खुद अपनी हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने इमरान की तुलना मिस्र के पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी से किए जाने वाली उनकी आशंका का भी जिक्र किया। रिपोर्ट के मुताबिक, अलीमा खान ने दावा किया कि जेल जाने से पहले इमरान खान को कोई बीमारी नहीं थी, लेकिन हिरासत में रहने के दौरान उनकी सेहत को लेकर कई समस्याएं सामने आईं। पहले इमरान खान से मुलाकातों पर पाबंदियां लगाई गईं और बाद में उनकी नजर 25 प्रतिशत तक कमजोर होने व रक्तचाप से जुड़ी दिक्कतों की जानकारी सामने आई।

मेडिकल रिपोर्ट क्यों नहीं दी जा रही, अलीमा का सवाल

रिपोर्ट के मुताबिक, अलीमा खान ने आरोप लगाया कि ये सब एक योजना के तहत किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जेल में इमरान खान को क्या दवाएं या अन्य चीजें दी जा रही हैं और परिवार को उनकी मेडिकल रिपोर्ट क्यों नहीं उपलब्ध कराई जा रही। उन्होंने अदालत के उन आदेशों को लागू करने की भी मांग की, जिनमें इमरान खान को अपने परिवार और बेटों से संपर्क की सुविधा देने का निर्देश दिया गया है। अलीमा का कहना है कि परिवार तभी इन आदेशों के पालन पर विश्वास करेगा, जब वास्तव में उन्हें लागू किया जाएगा।

अलीमा खान ने इमरान खान को जेल में किताबें मिलने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन सप्ताह में करीब 20 किताबें जेल भेजी गई हैं और एक जज को भी बताया गया कि किताबें वहां पहुंच चुकी हैं। रिपोर्ट में अलीमा के अनुसार बताया गया कि नूरिन नियाजी अब यह पुष्टि करेंगी कि सभी 20 किताबें वास्तव में इमरान खान तक पहुंचाई गई हैं या नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी कुछ किताबें इमरान को नहीं दी गई थीं।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar

पत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़इमरान खान फिट हैं मगर उन्हें बीमार दिखाया जा रहा, कोई बड़ी साजिश है: बहन अलीमा