आज किया अमेरिकी ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन तो नंबर कब आएगा? वेटिंग पीरियड जान चौंक जाएंगे
अमेरिका में नौकरी के लिए ग्रीन कार्ड का सपना देखने वाले भारतीय पेशेवरों के लिए चौंकाने वाली खबर सामने आई है। एनएफएपी के विश्लेषण के मुताबिक, जनवरी 2026 या उसके बाद रोजगार-आधारित आवेदन करने वाले भारतीय आवेदकों को ईबी-2 श्रेणी में स्थायी निवास मिलने में 179 साल तक का इंतजार करना पड़ सकता है।

अगर आप नौकरी या रोजगार के लिए अमेरिका जाने का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है। अमेरिका में स्थायी रूप से बसने और काम करने के लिए रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड हासिल करना आसान नहीं है। अगर आपको लगता है कि ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन करने के एक-दो महीने बाद ही यह मिल जाएगा, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। भारतीय पेशेवरों के लिए इसका इंतजार बेहद लंबा हो सकता है। दरअसल, रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड की लंबी कतार के चलते किसी भारतीय पेशेवर को स्थायी निवास हासिल करने में 179 साल तक का समय लग सकता है।
नेशनल फाउंडेशन फॉर अमेरिकन पॉलिसी (NFAP) के नए विश्लेषण के अनुसार, आज अमेरिकी रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले भारतीय पेशेवरों, खासकर ईबी-2 श्रेणी के उच्च शिक्षा प्राप्त कर्मचारियों को स्थायी निवास मिलने में 179 साल तक का समय लग सकता है। जनवरी 2026 या उसके बाद आवेदन करने वालों के लिए यह अनुमान लगाया गया है।
लगभग 10 लाख भारतीय कतार में
समस्या भारतीयों के लिए सबसे गंभीर है। वर्तमान में करीब 9,96,599 भारतीय पेशेवर और उनके आश्रित रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड की प्रतीक्षा सूची में हैं। यह कुल लंबित आवेदनों का लगभग 79 प्रतिशत है। बता दें कि ग्रीन कार्ड विदेशी नागरिकों को अमेरिका में स्थायी निवास का अधिकार देता है। अस्थायी कार्य वीजा के विपरीत, इसके धारक देश में स्थायी रूप से रह और काम कर सकते हैं। भारतीय पेशेवरों के लिए रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड मुख्य मार्ग माना जाता है।
क्या है कारण?
लंबे इंतजार का सबसे बड़ा कारण रोजगार-आधारित ग्रीन कार्डों की सीमित संख्या और प्रति देश 7 प्रतिशत की सीमा है। अमेरिका हर साल करीब 1,40,000 रोजगार-आधारित ग्रीन कार्ड जारी करता है। किसी एक देश के नागरिकों को कुल संख्या का 7 प्रतिशत से ज्यादा नहीं मिल सकता। भारत से बड़ी संख्या में आवेदकों के कारण कतार बहुत लंबी हो गई है। एनएफएपी के अनुसार, हर भारतीय आवेदक को 179 साल नहीं लगेंगे। प्रतीक्षा अवधि श्रेणी और कतार में स्थिति पर निर्भर करती है। अनुमान है कि ईबी-1 में करीब पांच साल, ईबी-2 में 179 साल और ईबी-3 में 38 साल तक का इंतजार हो सकता है।
तीन श्रेणियां क्या हैं?
- ईबी-1: विज्ञान, कला, व्यवसाय, खेल में असाधारण क्षमता वाले लोग, उत्कृष्ट प्रोफेसर-शोधकर्ता और कुछ बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उच्च अधिकारी
- ईबी-2: उच्च डिग्री वाले पेशेवर या ऐसे व्यक्ति जिनका काम अमेरिकी राष्ट्रीय हित में माना जाता है
-ईबी-3: स्नातक डिग्री धारक पेशेवर, कुशल श्रमिक और अन्य श्रमिक
बता दें कि भारतीय पेशेवरों में ईबी-2 श्रेणी में लंबित आवेदनों की संख्या सबसे अधिक है।
कैसे बढ़ा बैकलॉग?
दरअसल, एक दशक से अधिक समय से लंबित मामले बढ़ते जा रहे हैं। एनएफएपी ने वित्तीय वर्ष 2016 का उदाहरण दिया है। उस साल यूएससीआईएस ने भारतीयों के 47,601 ईबी-2 आवेदनों को मंजूरी दी थी। आश्रितों को मिलाकर यह आंकड़ा करीब 98,594 लोगों का था। लेकिन उसी वर्ष ईबी-2 के जरिए सिर्फ 4,407 भारतीयों को स्थायी निवास मिला। यानी अकेले उस साल 90,000 से ज्यादा लोग कतार में जुड़ गए। यह सिलसिला 2017 और 2018 में भी जारी रहा।


