ट्रंप पर तंज का मैक्रों को मिला फायदा! फ्रांस से जुड़ा कंटेनर पोत होर्मुज स्ट्रेट से गुजरा
माल्टा का ध्वज वाहक और फ्रांसीसी जहाजरानी कंपनी सीएमए सीजीएम द्वारा संचालित जहाज सीएमए सीजीएम क्रिबी ने होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया है। समुद्री यातायात पर नजर रखने वाली वेबसाइट ने यह जानकारी दी।

माल्टा का ध्वज वाहक और फ्रांसीसी जहाजरानी कंपनी सीएमए सीजीएम द्वारा संचालित जहाज सीएमए सीजीएम क्रिबी ने होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया है। समुद्री यातायात पर नजर रखने वाली वेबसाइट ने यह जानकारी दी। वेबसाइट के मुताबिक यह संभवत: पहला फ्रांसीसी पोत है जिसने ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को बंद किए जाने के बाद पार किया है। इसके मुताबिक जहाज गुरुवार को दुबई के समुद्री क्षेत्र से रवाना हुआ और शुक्रवार को ओमान के मस्कट के तट पर पहुंचा। यह मामला ऐसे समय हुआ है जबकि फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने ट्रंप पर तंज करते हुए कहा था कि वह बहुत बातें करते हैं।
होर्मुज से बहुत कम जहाज गुजरे
एसोसिएटेड प्रेस (एपी) ने पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया के लिए विश्व की तीसरी सबसे बड़ी कंटेनर जहाजरानी कंपनी सीएमए सीजीएम से संपर्क किया लेकिन उक्त कंपनी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से होर्मुज से होकर गुजरने वाले पोतों की संख्या में लगभग 90 फीसदी की कमी आई है। लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस नामक डेटा कंपनी के मुताबिक एक मार्च से अब तक टैंकर और कंटेनर जहाजों सहित लगभग 150 जहाज ही होर्मुज से गुजरे हैं। इनमें से भी अधिकतर ईरान, चीन, भारत और पाकिस्तान से जुड़े हैं।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने क्या कहा था
इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को कहाकि उनका मानना है कि सैन्य अभियान के जरिए होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना अवास्तविक है। मैक्रों ने दक्षिण कोरिया की अपनी यात्रा के दौरान पत्रकारों से कहाकि कुछ लोग सैन्य अभियान के जरिए बलपूर्वक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की वकालत करते हैं। अमेरिका ने कई बार यह रुख जाहिर किया है। उन्होंने कहाकि हमने कभी भी यह विकल्प नहीं चुना और हम इसे अवास्तविक मानते हैं।
मैक्रों ने कहाकि सैन्य अभियान में बहुत ज्यादा समय लगेगा और होर्मुज से गुजरने वाले किसी भी व्यक्ति को (ईरान के) रिवोल्यूशनरी गार्ड से खतरों का सामना करना पड़ेगा, जिनके पास बैलिस्टिक मिसाइलें और कई अन्य हथियार मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि होर्मुज को फिर से खोलना केवल ईरान के साथ समन्वय से ही संभव है, जिसके लिए संभावित युद्धविराम के बाद बातचीत की जाएगी। गौरतलब है कि फ्रांस युद्ध समाप्त होने के बाद तेल व गैस टैंकरों को सुरक्षा प्रदान करने और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने के लिए यूरोपीय और गैर-यूरोपीय देशों को शामिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय मिशन के गठन पर जोर दे रहा है।
लेखक के बारे में
Deepak Mishraमूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


