मोजतबा खामेनेई को नहीं छोड़ूंगा; नेतन्याहू ने दी धमकी, बोले- नहीं रहेगा पहले जैसा ईरान

पीटीआई
Follow us on Google News
share

ईरान में सत्ता को उखाड़ फेंकने के विषय पर इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ईरान के लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियां बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं जिससे कि वे अत्याचारी शासन को उखाड़ फेंक सकें।

मोजतबा खामेनेई को नहीं छोड़ूंगा; नेतन्याहू ने दी धमकी, बोले- नहीं रहेगा पहले जैसा ईरान

Iran War Updates: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को दावा किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल का संयुक्त अभियान उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इजरायल पहले से कहीं अधिक मजबूत है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नव निर्वाचित सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस सवाल के जवाब में कि क्या इजरायल खामेनेई और हिजबुल्ला नेता नईम कासिम को निशाना बनाएगा, इस पर नेतन्याहू ने कहा, ''मैं किसी भी आतंकी संगठन के नेता को नहीं बख्शूंगा।''

आपको बता दें कि मोजतबा के पिता ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में मारे गए थे।

28 फरवरी से जारी है संघर्ष

इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ रोरिंग लायन नामक अपना अभियान शुरू किया जिसमें अमेरिका भी शामिल हो गया और उसने इसे एपिक फ्यूरी नाम दिया। ऐसा दावा किया गया कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षाओं को विफल करना, उसके मिसाइल कार्यक्रम को नष्ट करना और उसके क्षेत्रीय सहयोगियों को करारा झटका देना है।

ईरान में सत्ता को उखाड़ फेंकने के विषय पर इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ईरान के लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियां बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं जिससे कि वे अत्याचारी शासन को उखाड़ फेंक सकें। उन्होंने कहा, ''हम सड़कों और चौकियों दोनों जगहों पर रिवोल्यूशनरी गार्ड एवं बासिज पर करारा प्रहार कर रहे हैं और हम अब भी सक्रिय हैं।''

'स्वतंत्रता के मार्ग पर चलेगा ईरान'

ईरानी जनता को संबोधित करते हुए इजरायली नेता ने कहा, ''वह क्षण निकट आ रहा है जब आप (ईरान के लोग) स्वतंत्रता के एक नए मार्ग पर चल सकते हैं। हम आपके साथ हैं, हम आपकी सहायता कर रहे हैं। लेकिन आखिर में यह आप पर निर्भर करता है! यह आपके हाथों में है।''

जब पत्रकारों ने नेतन्याहू से दोबारा पूछा कि क्या इजरायल सत्ता परिवर्तन के लिए दबाव डालेगा तो नेतन्याहू ने कहा, ''आप किसी को पानी तक ले जा सकते हैं, लेकिन आप उसे पानी पीने के लिए मजबूर नहीं कर सकते।''

इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी सूरत में पहले जैसा ईरान नहीं रहेगा, पहले जैसा पश्चिम एशिया नहीं रहेगा और पहले जैसा इजरायल नहीं रहेगा। नेतन्याहू ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने संबंधों की भी सराहना की।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।