
बिजनेस ट्रिप के बहाने थाईलैंड में गर्लफ्रेंड के साथ मजे, बाढ़ ने खोला पति का राज
पति ने घर से यह कहकर निकला कि वह बिजनेस ट्रिप पर जा रहा है, लेकिन असल में वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ थाईलैंड घूमने चला गया था। पत्नी को उसके एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर का जरा भी शक नहीं हुआ, क्योंकि वह रोजाना उससे फोन पर बात करता रहा था।
बिजनेस मीटिंग है डियर, तीन-चार दिन में लौट रहा हूं… कुछ ऐसा ही कहकर एक शख्स थाईलैंड रवाना हुआ। पत्नी को भनक तक नहीं लगी कि उसका पति असल में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मजे लेने जा रहा है। इस दौरान वह रोज फोन पर पत्नी से प्यार भरी बातें करता रहा है। लेकिन बाढ़ ने पति का राज ही खोल दिया। दरअसल, दक्षिणी थाईलैंड में अचानक आई भीषण बाढ़ ने सब कुछ बदल दिया। हाट याई शहर डूब गया, लाखों लोग फंस गए, और इसी अफरा-तफरी में एक मलेशियाई पत्नी ने अपने 'फंसे' पति को बचाने के लिए सोशल मीडिया पर गुहार लगाई। इसके बाद जो हुआ वह हैरान करने वाला था।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक यह पूरा मामला तब खुला जब एक मलेशियाई महिला ने 24 नवंबर को बाढ़ प्रभावित इलाके से रेस्क्यू अपडेट पोस्ट करते हुए सोशल मीडिया पर यह कहानी शेयर की। दरअसल, मलेशिया में बैठी चिंतित पत्नी ने अपने पति का पता लगाने के लिए लोगों से मदद मांगी थी, क्योंकि उसे लगा था कि पति अपने सहकर्मियों के साथ हाट याई में बाढ़ के कारण फंस गया है। चौथे बच्चे की जल्द मां बनने वाली यह महिला अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ बेसब्री से पति के लौटने का इंतजार कर रही थी।
पोस्ट में बताया गया कि पत्नी के कहने पर रेस्क्यू वर्कर ने हाट याई में अपने रिश्तेदारों को उस होटल में जांच करने भेजा जहां कथित तौर पर उस शख्स के ठहरने की बात थी। वहां पहुंचकर सब हैरान रह गए, क्योंकि उसकी तथाकथित 'सहकर्मी' असल में एक औरत थी, जो पिछले चार दिनों से उसके साथ होटल का कमरा शेयर कर रही थी। बता दें कि दक्षिणी थाईलैंड में मूसलाधार बारिश के कारण भयंकर बाढ़ आ गई थी। इससे 80 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और हाट याई समेत 12 प्रांतों के करीब 30 लाख लोग प्रभावित हुए।
यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों में खूब चर्चा छिड़ गई। रेस्क्यू वर्कर ने साफ किया कि उन्होंने यह कहानी ध्यान खींचने के लिए नहीं, बल्कि दूसरी पत्नियों को चेतावनी देने के लिए शेयर की थी कि वे अपने पतियों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। उनका कहना था कि उस पत्नी को बिल्कुल शक नहीं हुआ था, क्योंकि पति लगातार उससे बात करता रहा था। वहीं कई लोगों ने यह भी कहा कि पत्नी को सच जानने का पूरा हक है। इस पर रेस्क्यू वर्कर महिला ने जवाब दिया कि पत्नी को अब सच्चाई पता चल चुकी है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




