ढाका में कैसे बना भारत के खिलाफ माहौल, वीजा सेंटर बंद करना पड़ा; क्या बोले प्रदर्शनकारी

Dec 18, 2025 08:48 am ISTNisarg Dixit भाषा
share Share
Follow Us on

स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, मार्च को भारतीय उच्चायोग की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी भारत के खिलाफ नारे लगाने लगे और हसीना सहित अन्य नेताओं के प्रत्यर्पण की मांग करने लगे।

ढाका में कैसे बना भारत के खिलाफ माहौल, वीजा सेंटर बंद करना पड़ा; क्या बोले प्रदर्शनकारी

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पुलिस ने भारतीय उच्चायोग की तरफ मार्च कर रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को बुधवार को बीच रास्ते में रोक दिया। इस दौरान भारत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। यह घटनाक्रम भारत के ढाका में अपने उच्चायोग के आसपास सुरक्षा स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताए जाने के कुछ घंटों बाद हुआ। पुलिस ने बताया कि ‘जुलाई यूनिटी’ के बैनर तले मार्च निकाल रहे प्रदर्शनकारियों ने भारत-विरोधी नारे लगाए और पिछले साल जुलाई-अगस्त में छात्रों के नेतृत्व में हुए आंदोलन के बाद देश छोड़कर भागीं अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना व अन्य नेताओं के प्रत्यर्ण की मांग की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया, “पुलिस ने उत्तर बड्डा में हुसैन मार्केट के सामने रामपुरा ब्रिज से शुरू हुए मार्च को बुधवार दोपहर रोक दिया।” हालांकि, उन्होंने बताया कि यह वह इलाका है, जहां ज्यादातर विदेशी मिशन स्थित हैं और मार्च के कारण यहां से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़क पर वाहनों का आवागमन घंटों तक निलंबित रहा।

भारत के खिलाफ नारेबाजी

स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, मार्च को भारतीय उच्चायोग की तरफ बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी भारत के खिलाफ नारे लगाने लगे और हसीना सहित अन्य नेताओं के प्रत्यर्पण की मांग करने लगे।

निजी समाचार एजेंसी ‘यूएनबी’ ने एक प्रदर्शनकारी के हवाले से प्रसारित खबर में कहा, “हम डरने वाले नहीं हैं और हम भारतीय उच्चायोग पर हमला नहीं करेंगे... लेकिन अगर कोई बांग्लादेश पर नियंत्रण कायम करने की कोशिश करता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।” प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि “भारत समर्थित राजनीतिक दल, मीडिया संगठन और सरकारी अधिकारी” बांग्लादेश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

ढाका पुलिस के उपायुक्त नूर-ए-आलम सिद्दीकी ने कहा कि राजनयिक एन्क्लेव की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से पुलिस इकाइयां बुलाई गईं।

‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार की खबर के अनुसार, मार्च का नेतृत्व ढाका विश्वविद्यालय केंद्रीय छात्र संघ (डीयूसीएसयू) के समाज कल्याण सचिव एबी जुबैर कर रहे थे। खबर में कहा गया है कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारी उत्तर बड्डा में हुसैन मार्केट के सामने वाली सड़क पर बैठ गए और ‘दिल्ली या ढाका, ढाका तो है ढाका’ तथा ‘हादी मेरा भाई-हादी को क्यों मरना पड़ा?’ जैसे नारे लगाने लगे।

‘प्रथन आलो’ अखबार की खबर में कहा गया है कि जुलाई विद्रोह से जुड़े कई संगठनों के मोर्चे ‘जुलाई यूनिटी’ ने शाम को लगभग पांच बजे अपना मार्च समाप्त कर दिया।

वीजा सेंटर बंद

इससे पहले, ढाका के जमुना फ्यूचर पार्क स्थित भारतीय वीजा आवेदन केंद्र (IVC) ने राजधानी में मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अपना कार्यालय बंद कर दिया था।

वहीं, नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्ला को तलब करके ढाका स्थित भारतीय मिशन के आसपास सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न करने की कुछ चरमपंथी तत्वों की योजना को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था। नई दिल्ली ने बांग्लादेश में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर गंभीर चिंता जाहिर की थी और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं विश्वसनीय संसदीय चुनाव कराने की अपनी मांग दोहराई थी। बांग्लादेश में संसदीय चुनाव 12 फरवरी को होने हैं।

भारत ने अधिकारी को तलब किया

घटनाक्रम से वाकिफ लोगों के अनुसार, हामिदुल्ला को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया और उन्हें एक औपचारिक राजनयिक नोटिस सौंपा गया। विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से उम्मीद करते हैं कि वह अपने राजनयिक दायित्वों के अनुरूप बांग्लादेश में मिशनों और कार्यालयों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।”

भारत के खिलाफ बयान

इस बीच, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के विदेश मामलों के सलाहकार एम तौहीद हुसैन ने कहा कि चुनाव कैसे कराए जाने चाहिए, इस बारे में ढाका को अपने पड़ोसियों की “सलाह” की जरूरत नहीं है।

हुसैन ने आरोप लगाया कि हसीना के शासनकाल में हुए “हास्यास्पद चुनावों” के दौरान भारत चुप रहा। उन्होंने कहा, “अब हम एक निष्पक्ष चुनाव की ओर बढ़ रहे हैं और हमें अचानक सलाह दी जा रही है। मुझे यह बिल्कुल अस्वीकार्य लगता है।”

ऐसे बिगड़े ढाका में हालात

ढाका में हालात पिछले हफ्ते फिर तनावपूर्ण हो गए, जब अज्ञात बंदूधारियों ने पिछले साल के सरकार विरोधी आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाले शरीफ उस्मान हादी को गोली मार दी। ढाका के बाहरी इलाके में स्थित नारायणगंज नदी बंदरगाह शहर के एक निर्वाचन क्षेत्र से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक उम्मीदवार ने सुरक्षा कारणों से चुनाव न लड़ने की घोषणा की।

सरकार विरोधी आंदोलन का एक प्रमुख चेहरा रहे महफूज आलम ने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा कि अगर बांग्लादेश में हादी जैसे लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो उनके दुश्मन, जो “भारत और विदेशी देशों के हितों की रक्षा कर रहे हैं”, वे भी यहां सुरक्षित नहीं रहेंगे।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;