अमेरिका पर हमला नहीं करेंगे हूती... सऊदी पर मिसाइल हमले के बीच ट्रंप का बड़ा दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि यमन के हूती विद्रोही अमेरिका पर हमला नहीं करेंगे। फॉक्स न्यूज के अनुसार, ट्रंप ने बताया कि अमेरिका हूतियों से लगातार बात कर रहा है और वे अमेरिका से लड़ाई न करने पर राजी हो गए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोही अब अमेरिका से नहीं लड़ेंगे। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने बताया कि वाशिंगटन हूतियों से लगातार बातचीत कर रहा है और वे अमेरिका पर हमला न करने पर राजी हो गए हैं। यह बात ऐसे समय आई है जब हूती विद्रोही अमेरिका के करीबी सहयोगी सऊदी अरब पर लगातार हमले कर रहे हैं। शनिवार को सऊदी राजधानी रियाद को निशाना बनाकर मिसाइल दागी गई। बताया जा रहा है कि वे सऊदी अरब के खिलाफ अपनी लड़ाई तेज कर चुके हैं।
हूतियों के संपर्क में है अमेरिका
फॉक्स न्यूज से बात करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका हूतियों के साथ लगातार संपर्क में है। ट्रंप के अनुसार, हूती अब अमेरिका से लड़ाई नहीं चाहते। ट्रंप पहले भी ऐसा दावा कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि इस इलाके में हूती अमेरिकी सेना पर हमला करने से पीछे हट रहे हैं। 12 सितंबर को आयरलैंड दौरे के दौरान ट्रंप ने कहा था कि हूतियों ने हमें बुलाया है। वे हमसे लड़ना नहीं चाहते। वे नहीं चाहते कि हम उनके पीछे पड़ें।
लेकिन ताजा बयान ऐसे समय में आया है, जब सऊदी अरब पर दबाव बढ़ रहा है। रियाद पर मिसाइल हमला होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। हूतियों ने सिर्फ सऊदी अरब पर ही नहीं, यमन के अंदर भी तेज हमले किए हैं। उन्होंने सऊदी अरब के समर्थन वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के बड़े इलाकों पर कब्जा कर लिया है।
ईरान को लेकर बड़ा बयान
फॉक्स न्यूज के अनुसार, ट्रंप ईरान को लेकर फैसला लेने की स्थिति में हैं। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले शुरू किए थे। उसके बाद करीब सात महीने से स्थिति अटकी हुई है। कोई बड़ा नया कदम अभी तक नहीं उठाया गया है। फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि बहुत जल्द बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरानियों को बेहतर व्यवहार करना चाहिए। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वे सोच रहे हैं कि ईरान पर बड़ा हमला किया जाए या नहीं। एक तरह से कहा जाए तो ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है।

