लाल सागर में हूतियों की बड़ी चाल, मोचा सिटी पर कब्जे का दावा; अब निशाने पर बाब-अल मंडेब?
ईरान के समर्थन वाले यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के अहम बंदरगाह शहर मोचा पर कब्जा कर लिया है। यह उनकी बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच यमन से एक बड़ी और चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है। ईरान समर्थित हूती विद्रोही समूह ने गुरुवार को यमन के दक्षिण-पश्चिमी ताइज प्रांत में लाल सागर के किनारे बसे रणनीतिक बंदरगाह शहर मोचा पर कब्जे का दावा किया है। सरकारी सूत्रों और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार हूती लड़ाके शहर और बंदरगाह दोनों में घुस गए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार से जुड़े सैनिक पीछे हटते हुए धुबाब की तरफ चले गए हैं।
बता दें कि मोचा सिर्फ एक छोटा बंदरगाह शहर नहीं है। यह लाल सागर के उस तटीय इलाके में पड़ता है जहां से अंतरराष्ट्रीय जहाजों के सबसे संकरे और सबसे जरूरी रास्ते बाब अल-मंडेब स्ट्रेट पर नजर रखना आसान हो जाता है। यह स्ट्रेट लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है। दुनिया का करीब 10 से 12 प्रतिशत समुद्री व्यापार इसी रास्ते से गुजरता है। मोचा इस स्ट्रेट के सबसे संकरे हिस्से से करीब 70 किलोमीटर उत्तर में है। इसी वजह से शहर पर कब्जा युद्ध का स्थानीय मोर्चा भर नहीं, बल्कि वैश्विक व्यापार और ऊर्जा सप्लाई से जुड़ा बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
10 दिन से हूती बना रहे थे दबाव
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पिछले करीब 10 दिनों से हूती ताइज के पश्चिम की तरफ दबाव बना रहे थे। उनका लक्ष्य मोचा पर कब्जा करना और फिर दक्षिण की ओर बाब अल-मंडेब के और करीब जाना था। कई घंटे चली भीषण जमीनी लड़ाई के बाद सरकारी बल शहर छोड़ने को मजबूर हो गए। हूती पक्ष का कहना है कि उन्होंने शहर के साथ हाइस इलाका और इलाके का बड़ा सैन्य शिविर भी अपने नियंत्रण में ले लिया है। सरकारी कमांडर तारेक सालेह ने कहा कि सैनिकों को सुरक्षित जगह पर दोबारा संगठित करने और नया कमांड सेंटर बनाने का आदेश दिया गया है।
जानकारों का कहना है कि अगर हूती पश्चिमी तट के और इलाके अपने कब्जे में ले लेते हैं, तो यमन के लाल सागर तट का बड़ा हिस्सा उनके नियंत्रण में चला जाएगा। इससे वे समुद्री मार्ग पर और ज्यादा दबाव बना सकते हैं। पहले हूती उत्तर में होदेइदाह जैसे इलाकों से जहाजों पर हमले करते थे। मोखा के हाथ लगने के बाद उनका ठिकाना स्ट्रेट के और पास आ गया है।
40 हवाई हमले का दावा
इसी बीच सरकारी समाचार एजेंसी सना ने दावा किया कि सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने पिछले कुछ घंटों में ताइज, होदेइदाह, अल-जौफ और मारिब प्रांतों में करीब 40 हवाई हमले किए। हूती पक्ष लंबे समय से सऊदी हमलों का आरोप लगाता रहा है। सऊदी अरब की तरफ से इस ताजा रिपोर्ट पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


