पत्नी को नशे की दवा देकर 20 साल तक गंदा काम, तस्वीरें भी शेयर कीं; अब ऐसा हुआ अंजाम

लाइव हिन्दुस्तान, लंदन
Follow us on Google News
share

ब्रिटेन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स को अपनी ही पत्नी का रेप करने का दोषी पाया गया है। यह शख्स बीते 20 साल से अपनी पत्नी को नशे की दवा देकर ऐसा कर रहा था।

UK Court
लंदन में शख्स के ऊपर हैं गंभीर आरोप।

ब्रिटेन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक शख्स को अपनी ही पत्नी का रेप करने का दोषी पाया गया है। यह शख्स बीते 20 साल से ऐसा कर रहा था। घटना का दर्दनाक पहलू यह है कि वह अपनी पत्नी को नशे की गोलियां देकर यह सब कर रहा था। इतना ही नहीं, वह अपनी पत्नी की गलत ढंग की तस्वीरें खींचकर उन्हें शेयर भी करता था। फिलहाल इस शख्स की उम्र 60 साल है। पीड़िता की पहचान न उजागर हो, इसलिए उसका रेप करने वाले पति का नाम नहीं जाहिर किया गया है। वह ग्रेटर मैनचेस्टर के स्टॉकपोर्ट में रहता है।

दोषी व्यक्ति ने खुद कबूल किया है कि उसने ऐसा 60 बार किया है। इसके अलावा उसने अपनी पत्नी की अंतरंग तस्वीरें, भी लोगों के साथ साझा की है। यह सभी तस्वीरें उसने अपनी पत्नी की अनुमति के बगैर उतारी थीं। सुनवाई के दौरान उसकी पत्नी भी पब्लिक गैलरी में मौजूद थी। यहां पर उसके परिवार के अन्य सदस्य भी थे। कोर्ट में अपना अपराध स्वीकार करते हुए वह रो पड़ा। इसके अलावा भी वह कई बार सुबकता नजर आया। जून में इस व्यक्ति के खिलाफ 15 आरोप साबित हुए थे और उसे दोषी ठहराया गया था।

इस घटना की जानकारी, ग्रेटर मैनचेस्टर के असिस्टेंट चीफ कांस्टेबल रिक जैक्सन ने विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि उनका पूरा ध्यान पीड़िता को अधिक से अधिक मदद पहुंचाने पर रहा। यह एक बहुत ही कॉम्पलेक्स जांच थी। रिक जैक्सन ने आम जनता के लिए भी एक संदेश जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि अगर आपको भी लगता है कि किसी को इस तरह से नशे की दवा देकर उसका यौन शोषण किया जा रहा है तो इसे बहुत ही गंभीरता से लिए जाने की जरूरत है। इस तरह के मामले में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जाना चाहिए।

मामले में पति के साथ 13 अन्य लोगों को भी सह-आरोपी बनाया गया था। इन सभी की उम्र 28 से 74 साल के बीच है। इनमें से 12 लोगों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। हालांकि 13वें शख्स ने आरोपों को स्वीकार किया है। 12 सह-आरोपियों की पहचान, फिलिप वाइल्ड, सीन पियर्स, जॉर्डन वैलेस, एलन कीलन, जोनॉथन किर्क, रॉबर्ट स्टीवर्ट, मोहम्मद सबीर, ग्राहम बॉगम, रिचर्ड टॉसेंड, कार्ल लिंडसे, डेनियल रेयनेर और डेविड ग्रेव्स हैं। आने वाले हफ्तों में इस मामले की सुनवाई जारी रहेगी।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़पत्नी को नशे की दवा देकर 20 साल तक गंदा काम, फोटो भी शेयर की; अब ऐसा अंजाम