गाजा में लौटेगी शांति? डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, हथियार छोड़ने को तैयार हमास

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ट्रंप ने ऐतिहासिक ऐलान करते हुए कहा है कि गाजा में हमास हथियार छोड़ने को राजी हो गया है। उन्होंने बताया है कि इजराइली सेना भी धीरे धीरे गाजा पट्टी छोड़ने पर सहमत हुई है। इससे युद्ध से त्रस्त इस क्षेत्र में हालात सुधरने के आसार हैं।

Historic Deal for Gaza
डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच युद्ध से त्रस्त गाजा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक ऐलान के बाद बीते कई महीनों से अशांति झेल रहे गाजा में हालात सुधरने के संकेत मिले हैं। दरअसल ट्रंप ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक समझौते की घोषणा की है। ट्रंप के मुताबिक हाल ही में हुए डील के तहत हमास गाजा में हथियार छोड़ने को राजी हो गया है। वहीं इजरायली सेना भी क्षेत्र से धीरे धीरे पीछे हटने पर सहमत हो गई है।

ट्रंप के मुताबिक इस डील को फाइनल कराने में 'बोर्ड ऑफ पीस' ने अहम भूमिका निभाई। बता दें कि इससे पहले ट्रंप की पहल पर ही इस साल की शुरुआत में गाजा बोर्ड ऑफ पीस ने औपचारिक रूप से कामकाज शुरू किया था। अब इस समझौते को समूह के 20-सूत्रीय गाजा शांति फॉर्मूले का एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।

क्या बोले ट्रंप?

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर लिखा, "आज बोर्ड ऑफ पीस ने गाजा में हमास और अन्य सभी सशस्त्र समूहों के निशस्त्रीकरण के लिए एक ऐतिहासिक समझौता हासिल किया है। यह स्थायी शांति और सुरक्षा की ओर एक बड़ा कदम है।" राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बातचीत को सफल बनाने के लिए मिस्र, कतर और तुर्की जैसे मध्यस्थ देशों का धन्यवाद भी किया।

ट्रंप ने आगे स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी। पहले चरण में हमास और अन्य गुट अपने सभी छोटे-बड़े हथियारों को सौंपेंगे। इसके बाद जैसे-जैसे निशस्त्रीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी, इजराइली रक्षा बल भी गाजा पट्टी से पीछे हटना शुरू कर देंगे। इसके साथ ही गाजा में शांति और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए एक नया फलस्तीनी पुलिस बल जिम्मेदारी संभालेगा।

नया फिलस्तीनी शासन संभालेगा कमान

शांति योजना के दूसरे चरण के तहत, युद्ध के बाद गाजा में प्रशासन चलाने के लिए फिलस्तीनी विशेषज्ञों की एक समिति, नेशनल कमेटी फॉर द एडमिनिस्ट्रेशन ऑफ गाजा (NCAG) का गठन किया जाएगा। यह कमेटी बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर गाजा के पुनर्निमाण और आम जनता के कल्याण के लिए काम करेगी। मध्यस्थों से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस रोडमैप के तहत गाजा में मौजूद सभी सुरंगों, हथियारों के डिपो और हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाएगा।

इस बीच समझौते को लेकर इजराइल की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इजराइली सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित मसौदे से इजराइल पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है। इजराइल की मुख्य मांग गाजा से हथियारों का पूरी तरह सफाया है। दूसरी तरफ हमास के सूत्रों का कहना है कि वे मध्यस्थों के जरिए रोडमैप के कुछ बिंदुओं पर संशोधन का इंतजार कर रहे हैं।

Jagriti Kumari

लेखक के बारे में

Jagriti Kumari

जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़गाजा में लौटेगी शांति? डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, हथियार छोड़ने को तैयार हमास