काम कम करना पड़े इसीलिए 10 मरीजों को जान से मार डाला, खूनी नर्स को उम्रकैद की सजा
जानकारी के मुताबिक नाइट ड्यूटी के दौरान नर्स ने कई बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को मॉर्फीन और मिडाजोलम जैसे सिडेटिव का हाई डोज दे दिया ताकि उसे रात में उनकी देखभाल न करनी पड़े।
डॉक्टरों और नर्सों को पृथ्वी पर भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है। हालांकि हाल ही में जर्मनी से एक ऐसी घटना सामने आई है, जहां एक नर्स ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। जर्मनी में इस पेलिएटिव केयर नर्स को 10 मरीजों की हत्या और 27 अन्य की हत्या की कोशिश करने के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। शख्स ने सिर्फ अपना वर्कलोड कम करने के लिए दस लोगों की जान ले ली।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी नर्स की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। आरोपी ने यह हत्याएं दिसंबर 2023 से मई 2024 के बीच वुरसेलेन, पश्चिमी जर्मनी के एक हॉस्पिटल में की। कोर्ट में दी गई दलीलों के अनुसार 44 साल के इस नर्स ने नाइट ड्यूटी के दौरान अपना काम कम करने के लिए ज्यादातर बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को मॉर्फीन और मिडाजोलम जैसे सिडेटिव का ओवरडोज दे दिया ताकि उसे रात में उनकी देखभाल न करनी पड़े।
नर्स 2020 से इस हॉस्पिटल में काम कर रहा था और उसकी नर्सिंग ट्रेनिंग 2007 में पूरी हुई थी। उसे 2024 में तब गिरफ्तार किया गया जब डॉक्टर और स्टाफ उसके शिफ्ट में मरीजों की अचानक बिगड़ती हालत पर शक करने लगे। जांच अभी जारी है और कई शवों को दोबारा निकालकर पोस्ट-एग्जामिनेशन किया जा रहा है, ताकि पता लगाया जा सके कि क्या और मरीज प्रभावित हुए थे। अगर नए मामले सामने आते हैं, तो नर्स पर आगे भी मुकदमा चल सकता है।
फिलहाल अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाते हुए कहा कि आरोपी ने गंभीर आपराधिक भावना के साथ यह काम किया है, इसलिए उसे 15 साल बाद होने वाली सामान्य पैरोल का लाभ नहीं दिया जाना चाहिए।
इससे पहले भी जर्मनी से मेडिकल किलिंग का एक ऐसा ही खौफनाक मामला सामने आया था जहां 2019 में नर्स निल्स होगेल को दो हॉस्पिटल में 85 मरीजों की हत्या के लिए उम्रकैद की सजा दी गई थी। अदालत ने पाया था कि उसने 1999 से 2005 के बीच मरीजों को हार्ट मेडिकेशन की जानलेवा डोज देकर उनकी हत्या कर दी थी।

लेखक के बारे में
Jagriti Kumariलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




