Hindi Newsविदेश न्यूज़First Time BLF used woman fidayeen storm Pak Frontier Corps complex Chinese Canada project
BLF ने उड़ाई पाक सेना की नींद, पहली बार महिला फिदायीन ने किया हमला; निशाने पर चीन

BLF ने उड़ाई पाक सेना की नींद, पहली बार महिला फिदायीन ने किया हमला; निशाने पर चीन

संक्षेप:

हमले का निशाना ऐसे प्रोजेक्ट थे जिनका सीधा संबंध चीन और एक कनाडाई कंपनी से है। यह संकेत देता है कि बलोच विद्रोही अब भू-राजनीतिक महत्त्व वाले हाई-वैल्यू लक्ष्यों पर हमले कर अपनी रणनीति बदल रहे हैं।

Dec 02, 2025 10:47 am ISTAmit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, क्वेटा
share Share
Follow Us on

बलूचिस्तान के चागई जिले में रविवार शाम एक बड़ा हमला हुआ। इस हमले में बलोच लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने पहली बार एक महिला फिदायीन का इस्तेमाल करते हुए फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) के अत्यधिक सुरक्षा वाले परिसर पर धावा बोला। यह वही परिसर है जहां चीन के तांबा एवं सोना खनन परियोजनाओं- सैंदक और रे‍को दिक से जुड़े केंद्र स्थित हैं। हमले में छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि पाकिस्तानी अधिकारियों ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पहली बार BLF द्वारा महिला आत्मघाती हमलावर का इस्तेमाल

BLF ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए आत्मघाती हमलावर की तस्वीर भी जारी की, जिसकी पहचान जरीना रफीक उर्फ तुंग महो के रूप में की गई है। उसने परिसर के बैरियर पर खुद को विस्फोट कर उड़ाया, जिससे भीतर घुसे विद्रोही लड़ाकों के लिए रास्ता साफ हुआ।

यह BLF के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक आत्मघाती हमलों की रणनीति केवल बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड द्वारा अपनाई जाती थी। मजीद ब्रिगेड ने हाल के वर्षों में जाफर एक्सप्रेस हाइजैक सहित कई बड़े हमले किए हैं।

चीनी और कनाडाई परियोजनाओं से जुड़े ठिकाने को बनाया निशाना

सूत्रों के अनुसार, हमले का निशाना ऐसे प्रोजेक्ट थे जिनका सीधा संबंध चीन और एक कनाडाई कंपनी से है। यह संकेत देता है कि बलोच विद्रोही अब भू-राजनीतिक महत्त्व वाले हाई-वैल्यू लक्ष्यों पर हमले कर अपनी रणनीति बदल रहे हैं।

BLF की ‘सेल्फ-सैक्रिफाइस यूनिट’ की कार्रवाई

टेलीग्राम पर जारी बयान में BLF के प्रवक्ता ग्वाहाराम बलोच ने कहा कि यह फिदायीन हमला संगठन की ‘स्व-बलिदान’ इकाई सद्दो ऑपरेशनल बटालियन (SOB) द्वारा अंजाम दिया गया। इस यूनिट का नाम संगठन के शहीद कमांडर वाजा सदो उर्फ सदात मरी के नाम पर रखा गया है।

BLA के 29 हमले, 27 पाक सैनिकों के मारे जाने का दावा

उधर बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 28-29 नवंबर के बीच कई स्थानों पर किए गए समन्वित हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि इन 29 हमलों में 27 पाकिस्तानी सैन्यकर्मी मारे गए। बयान में दावा किया गया कि BLA लड़ाकों ने कुछ मोटरवे मार्गों पर नियंत्रण भी हासिल कर लिया और हथियार जब्त किए।

ग्वादर और क्वेटा में बड़े हमले

ग्वादर के पास पासनी क्षेत्र में पाकिस्तानी आर्मी की कोस्ट गार्ड चौकी पर लड़ाकों ने कई ग्रेनेड लॉन्चर दागे। जिवानी इलाके में सैन्य खुफिया कर्मियों को उस समय टारगेट किया गया जब वे कथित रूप से वाहनों से वसूली करने के बाद लौट रहे थे। मस्तुंग शहर में एक पाकिस्तानी सेना के मेजर के घर पर हमला किया गया।

क्वेटा में भी रक्षा प्रतिष्ठानों के पास छह धमाकों की सूचना मिली। इन स्थलों की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे राज्य बलों और बम निरोधक दस्ते को भी निशाना बनाया गया, जिसमें और हताहत हुए। लगातार और समन्वित आतंकी गतिविधियों ने बलूचिस्तान में सुरक्षा एजेंसियों की चुनौतियों को बढ़ा दिया है। खासतौर पर चीनी निवेश और CPEC से जुड़े प्रोजेक्ट लगातार हमलों की जद में आते रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा और भू-रणनीति पर गहरा असर पड़ रहा है।

Amit Kumar

लेखक के बारे में

Amit Kumar
अमित कुमार एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में नौ वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। हिन्दुस्तान डिजिटल के साथ जुड़ने से पहले अमित ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है। अमित ने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला (डिजिटल) से की। इसके अलावा उन्होंने वन इंडिया, इंडिया टीवी और जी न्यूज जैसे मीडिया हाउस में काम किया है, जहां उन्होंने न्यूज रिपोर्टिंग व कंटेंट क्रिएशन में अपनी स्किल्स को निखारा। अमित ने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से हिंदी जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी, हिसार से मास कम्युनिकेशन में मास्टर (MA) किया है। अपने पूरे करियर के दौरान, अमित ने डिजिटल मीडिया में विभिन्न बीट्स पर काम किया है। अमित की एक्सपर्टीज पॉलिटिक्स, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स जर्नलिज्म, इंटरनेट रिपोर्टिंग और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में फैली हुई है। अमित नई मीडिया तकनीकों और पत्रकारिता पर उनके प्रभाव को लेकर काफी जुनूनी हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।