
नरक के द्वार से बाइडन ही उसे लाए; वाइट हाउस के बाहर गोलीबारी को लेकर भड़के डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति निवास वाइट हाउस के सामने बुधवार को हुई गोलीबारी में नेशनल गार्ड्स के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसकी पहचान अफगान मूल के रहमानुल्लाह लकनवाल के रूप में हुई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास वाइट हाउस के सामने बुधवार को हुई गोलीबारी ने संयुक्त राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है। इस हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने शूटर की तुलना जानवर से करते हुए कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने का ऐलान किया। ट्रंप प्रशासन ने फिलहाल सभी अफगान नागरिकों के अमेरिकी वीजा पर बैन लगा दिया है। इस घटना को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर निशाना साधते हुए कहा कि नेशनल गार्ड्स के जवानों को गोली मारने वाले इस जानवर को बाइडन ही नरक के द्वार से लेकर आए हैं।
इससे पहले बाइडन ने भी वाइट हाउस फायरिंग को लेकर सोशल मीडिया पर दुख जताया है लेकिन बाइडन का दुख जताना अमेरिकियों को भी कुछ खास पसंद नहीं आया। सोशल मीडिया पर ही लोगों ने इस घटना के लिए उन्हें दोषी ठहराना शुरू कर दिया। दरअसल, ऐसा माना जा रहा है कि 2021 में बाइडन प्रशासन की नीति के तहत ही आरोपी लकनवाल अमेरिका आया था।
नेशनल गार्ड्स के दो जवानों के गंभीर रूप से घायल होने की घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए बाइडन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा, "जिल और मैं इस बात से बेहद दुखी हैं कि वाइट हाउस के बाहर नेशनल गार्ड के दो सदस्यों को गोली मारी गई। किसी भी प्रकार की हिंसा अस्वीकार्य है और हमें इसके खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा। हम उन सैनिकों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।"
बाइडन का इस घटना को लेकर यूं दुख व्यक्त करना अमेरिकी सोशल मीडिया यूजर्स को कुछ खास पसंद नहीं आया। उन्हीं की पोस्ट के नीचे एक यूजर ने लिखा, "यह सब तुम्हारी वजह से हुआ। उनके खून के दाग तुम्हारे हाथों पर हैं। तुमने इस हत्यारे को इस देश में आने दिया।" एक अन्य ने लिखा, “तुमने उस अफगान नागरिक को रिहा कर दिया, जो इस घटना के लिए जिम्मेदार है।”एक और ने लिखा, " वह (आरोपी) एक अफगान नागरिक है, मैं दांव लगाता हूं कि वह तुम्हारे (बाइडन के) कार्यकाल के दौरान ही अमेरिका आया होगा।"
ट्रंप ने क्या कहा?
इस घटना को आतंकी कृत्य करार देते हुए ट्रंप ने कहा, "मैं आज रात यह बता सकता हूं कि डीएचएस को पूरा भरोसा है कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति एक विदेशी है, जो अफगानिस्तान से हमारे देश में आया था। एक धरती के नर्क से। उसे बाइडन प्रशासन ने सितंबर 2021 में अफगानिस्तान से यहां लाया था।" इतना ही नहीं ट्रंप ने यह भी वादा किया कि बाइडन प्रशासन के दौरान जितने भी प्रवासी अफगानिस्तान से अमेरिका में आए हैं, वह उन सभी की की दोबारा जांच होगी।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक वाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी का आरोपी लकनवाल अफगान मूल का नागरिक है। वह 2021 में अफगानिस्तान पर तालिबान के शासन के बाद बाइडन प्रशासन द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान ही अमेरिका आया था।
आपको बता दें, अफगानिस्तान में लगभग दो दशक गुजारने के बाद अमेरिका में अपने सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला किया था। इस वापसी अभियान में अमेरिका ने कई अफगानियों को भी अमेरिका में शरण दी थी।

लेखक के बारे में
Upendra Thapakलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




