हूती विद्रोहियों ने तेज किया हमला, सऊदी अरब को फिर बनाया निशाना; दागीं मिसाइलें

लाइव हिन्दुस्तान, काहिरा
Follow us on Google News
share

यमन में रविवार को संघर्ष उस वक्त और तेज हो गया, जब यमन सरकार की सेनाओं ने लाल सागर के निकट ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर हमले किए। वहीं, हूतियों ने सऊदी अरब को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया।

Houthis
लगातार आक्रामक हैं हूती विद्रोही।

यमन में रविवार को संघर्ष उस वक्त और तेज हो गया, जब यमन सरकार की सेनाओं ने लाल सागर के निकट ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों पर हमले किए। वहीं, हूतियों ने सऊदी अरब को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। सऊदी अरब यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करता है, जो हूतियों के खिलाफ लड़ रही है। यमन की सरकार ने पिछले सप्ताह एक करारी हार का सामना करने के बाद लाल सागर के तट पर और सैनिक भेजने का संकल्प जताया है।

पिछले हफ्ते हूतियों ने एक महत्वपूर्ण बंदरगाह शहर मोखा और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में एक द्वीप पर कब्जा कर लिया है। बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य होर्मुज के विकल्प के रूप में एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। हूतियों की इस बढ़त से बाजारों में चिंता बढ़ गई है। यमन के आम नागरिकों को डर है कि देश फिर से विनाशकारी गृहयुद्ध की ओर लौट सकता है। रात में हूतियों ने सऊदी अरब पर मिसाइलों और ड्रोन से और हमले करने का दावा किया। हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने एक बयान में दावा किया कि उन्होंने सऊदी अरब में एक सैन्य अड्डे को निशाना बनाया। उन्होंने इसका कोई सबूत नहीं दिया और यह भी नहीं बताया कि हमला कब हुआ।

सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि यमन की सीमा के पास लाल सागर के किनारे एक मिसाइल गिरा, जिसके कारण दो लोग घायल हुए और एक मस्जिद तथा कई अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा। बयान में इसके लिए हूतियों को जिम्मेदार ठहराया गया। रविवार को सऊदी अरब की ओर से हूतियों को निशाना बनाकर किए गए हमले के बारे में कोई बयान नहीं आया। हूती हाल में घोषित नाकेबंदी के तहत सऊदी तेल के बुनियादी ढांचे और जहाजों पर हमले कर रहे हैं।

उधर पाकिस्तान ने सऊदी अरब पर हाल में हुए हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद रविवार को उसके प्रति पूर्ण एकजुटता व्यक्त की। साथ ही चेतावनी दी कि ये हमले क्षेत्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए खतरा हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह समर्थन दोहराया। पाकिस्तान की यह प्रतिक्रिया इराक की तरफ से हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए ड्रोन हमले के बाद सामने आई है, जिसके चलते सऊदी अरब ने अपनी 1,200 किलोमीटर लंबी ‘पूर्व-पश्चिम’ तेल पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsविदेश न्यूज़हूती विद्रोहियों ने तेज किया हमला, सऊदी अरब को फिर बनाया निशाना; दागीं मिसाइलें