ईरानी राष्ट्रपति की माफी के बीच, दुबई एयरपोर्ट के पास धमाके, रोक के बाद फ्लाइट्स फिर शुरू

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share

ईरान के राष्ट्रपति पेजशिकयान की तरफ से पड़ोसी देशों पर हमला करने के लिए माफी मांगे जाने के बीच दुबई में फिर से धमाके सुने गए हैं। एयरपोर्ट के पास हुए इन धमाकों के बाद फ्लाइट्स को कुछ देर के लिए रोक दिया गया, इसके कुछ देर  बाद फ्लाइट्स ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया गया।

ईरानी राष्ट्रपति की माफी के बीच, दुबई एयरपोर्ट के पास धमाके, रोक के बाद फ्लाइट्स फिर शुरू

इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच की जंग ने खाड़ी देशों में असुरक्षा का माहौल बना दिया है। शनिवार को ईरानी राष्ट्रपति पेजशिकयान के पड़ोसी देशों पर हमला करने के लिए माफी मांग थी। इसी बीच दुबई में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई, जिसके कारण शहर के इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था। हालांकि, कुछ देर बाद उड़ाने फिर से शुरू कर दी गईं, लेकिन एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी एयरलाइन से पुष्टि मिलने के बाद ही एयरपोर्ट पर पहुंचे। इससे पहले सोशल मीडिया पर एक फुटेज भी वायरल है, जिसमें एक ड्रोन एयरपोर्ट के ऊपर और तेज धमाका करता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

दुबई में जारी धमाकों के बीच स्थानीय सरकार ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया था। अलर्ट बजने के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को सुरक्षा के लिए ट्रेन टनलों में ले जाया गया। एक प्रत्यक्षदर्शी ने AFP को बताया कि एयरपोर्ट के ऊपर एक जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद आसमान में धुएँ का गुबार दिखाई दिया। कई स्थानीय निवासियों ने भी पूरे शहर में धमाकों की आवाजें सुनने की बात कही। एयरलाइन एमिरैट्स की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि दुबई से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।

इन धमाकों को लेकर दुबई सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि एयरपोर्ट पर कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है, शहर में एक जगह पर मिसाइल का मलबा गिरने की घटना हुई है, हालांकि इसमें कोई भी घायल नहीं हुआ है। स्थानीय सरकार ने एयरपोर्ट के पास किसी तरह के हमले की भी पुष्टि नहीं की।

आपको बता दें, अमेरिका और इजरायल की तरफ से ईरान पर किए गए हमलों के बाद क्षेत्र में लगातार तनाव जारी है। ईरान ने पलटवार करते हुए खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को लगातार निशाना बनाना शुरू कर दिया है। दुबई में पिछले आठ दिनों में काफी धमाके हुए हैं। पिछले शनिवार को भी एयरपोर्ट पर हमला हुआ था, जिसकी वजह से चार कर्मचारी घायल हो गए थे, जबकि एयरपोर्ट का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके अलावा पाम जुमैराह और बुर्ज अल अरब के पास भी हमला हुआ था। हालांकि, यूएई का एयर डिफेंस सिस्टम लगातार अपना काम कर रहा है, लेकिन इसके बाद भी आए दिन दुबई में धमाके सुने जाते हैं।

अभी कुछ समय पहले ही ईरान के राष्ट्रपति पेजशिकयान ने ईरान की तरफ से किए जा रहे इन हमलों के लिए अपने पड़ोसी देशों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि अगर आप चाहते हैं, कि यह हमले बंद हो जाएं,तो अपने देश से अमेरिकियों को निकाल फेंके। इसके अलावा अमेरिका को उनकी जमीन का इस्तेमाल करके ईरान पर हमला करने से रोकें।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।