यहां लोग दिन में 11:52 बजे क्यों कर रहे प्रदर्शन? 15 मिनट के लिए थम जाता है पूरा देश
- यूरोप के एक छोटे से देश में रोज सुबह 11.52 बजे विरोध प्रदर्शन शुरू होता है और ठीक 15 मिनट बाद सबकुछ सामान्य हो जाता है। लोग अपनी दिनचर्या में लौट आते हैं। इस 15 मिनट के प्रदर्शन के दौरान पूरा देश थम जाता है।

यूरोप महाद्वीप में रूस और यूक्रेन के बीच छिड़े महायुद्ध के बीच एक छोटे से देश में लोग रोजाना दिन में 11 बजकर 52 मिनट पर प्रदर्शन कर रहे हैं। दो महीने पहले शुरू हुई इस क्रांति में पहले छात्रों ने सरकार के खिलाफ विरोध के सुर उठाए थे, अब प्रदर्शन को आम लोगों का भी साथ मिल गया है। रोज सुबह 11.52 बजे विरोध प्रदर्शन शुरू होता है और ठीक 15 मिनट बाद सबकुछ सामान्य हो जाता है। लोग अपनी दिनचर्या में लौट आते हैं। इस 15 मिनट के प्रदर्शन के दौरान सभी लोग एक स्थान पर रुक जाते हैं, चाहे गाड़ियां हो या ऑफिस के काम। कोई काम नहीं होता... इसके पीछे की वजह क्या है?
हम बात कर रहे हैं दक्षिण पूर्वी यूरोप के देश सर्बिया की। यह देश मध्य और पश्चिमी बाल्कन प्रायद्वीप के हिस्से को कवर करता है। यहां दो महीने पहले 1 नवंबर को नोवी सैड में रेलवे स्टेशन की इमारत के सामने कंक्रीट की दीवार ढह गई थी। इस घटना में 15 लोगों की जान चली गई थी। लोगों का 15 मिनट का प्रदर्शन उन मारे गए 15 लोगों को याद करना है।
यह घटना 1 नवंबर यानी शुक्रवार को ठीक 11 बजकर 52 मिनट पर हुई थी। इसलिए लोगों ने इस समय को प्रदर्शन के लिए चुना है। हर शुक्रवार को सड़क पर यातायात भी अवरुद्ध हो जाता है। जबकि प्रदर्शन रोजाना चल रहे हैं। इस घटना की हाई प्रोफाइल जांच में 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें संबंधित विभाग के मंत्री भी शामिल हैं। मंत्री ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन खुद को घटना का जिम्मेदार बताने से इनकार कर दिया है।
लोग क्यों कर रहे प्रदर्शन
बीते शुक्रवार को सर्बियाई विश्वविद्यालय के छात्रों ने शिक्षा मंत्रालय की इमारत के बाहर पुरानी स्कूल की पुस्तकों के ढेर लगा दिए। यह उनका दैनिक सड़क विरोध प्रदर्शन का हिस्सा था। सर्बिया में कई लोग इस दुर्घटना के लिए नोवी साद शहर में रेलवे स्टेशन भवन के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और लापरवाही को जिम्मेदार मानते हैं। जो इमारत ढही है, उसे चीनी सरकारी कंपनियों से जुड़ी मेगा परियोजनाओं के तहत दो बार नवीनीकरण किया जा चुका है। बीते रविवार को बेलग्रेड में विश्वविद्यालय के छात्रों ने एक बड़ी रैली आयोजित की थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।