IMF ने भारत और चीन को US से दिखाया आगे, एलन मस्क बोले- शक्ति संतुलन...
आईएमएफ ने अनुमान के आधार पर 2026 में वैश्विक जीडीपी में योगदान देने वाले देशों की एक लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में चीन और भारत क्रमशः पहले और दूसरे नंबर पर नजर आए, जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका तीसरे नंबर पर रहा।
Elon Musk: दूसरे विश्व युद्ध के बाद से दुनिया का सर्वेसर्वा बनकर बैठे अमेरिका को अब अपना सिंहासन हिलता हुआ नजर आ रहा है। हाल ही में आईएमएफ ने एक रिपोर्ट पब्लिश की जिसमें उसने अनुमान के आधार पर 2026 में वैश्विक वास्तविक जीडीपी वृद्धि में शीर्ष 10 योगदानकर्ताओं को शामिल किया। इस रिपोर्ट में चीन और भारत अमेरिका से आगे खड़े नजर आए। इस रिपोर्ट के पर प्रतिक्रिया देते हुए अरबपति व्यापारी एलन मस्क ने लिखा कि दुनिया का शक्ति संतुलन अब बदल रहा है।
सोशल मीडिया पर वर्ल्ड ऑफ स्टैटिक्स नामक पेज से साझा की गई इस जानकारी को रिपोस्ट करते हुए मस्क ने अपनी प्रतिक्रिया साझा की। इस रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में चीन 26.6 प्रतिशत और भारत 17.0 प्रतिशत ग्लोबल जीडीपी में योगदान देंगे। इस तरह यह दोनों देश कुल मिलाकर दुनिया भर में होने वाली वास्तविक जीडीपी वृद्धि का लगभग 44 फीसदी योगदान देंगे, जो कि अधिकांश अर्थव्यवस्थाओं के मिलाकर किए गए योगदान से भी कहीं ज्यादा है। चीन और भारत के बाद इस सूची में तीसरे नंबर पर अमेरिका है, जो कि 9.9 फीसदी का योगदान देगा।
क्या है आईएमएफ की वैश्विक रिपोर्ट
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) साल दर साल वैश्विक जीडीपी की वृद्धि के लिए अनुमान आधारित आंकड़े जारी करता है। 2026 के लिए उसने वैश्विक जीडीपी वृद्धि दर को 3.3 फीसदी रहने और 2027 के लिए 3.2 फीसदी रहने की बात कही है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक महंगाई में गिरावट आने की उम्मीद है, हालांकि अमेरिका में महंगाई लक्ष्य तक धीरे-धीरे पहुंचेगी।” IMF ने चेतावनी देते हुए कहा कि “आर्थिक परिदृश्य के लिए जोखिम अब भी नकारात्मक दिशा में झुके हुए हैं।”
आपको बता दें, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति के बाद विशेषज्ञों ने इसे संयुक्त राष्ट्र के लिए लंबे समय में खतरनाक बताया है। हालांकि, अमेरिका अभी भी एक वैश्विक आर्थिक ताकत बना हुआ है और लंबे समय तक बना रहेगा। लेकिन ट्रंप की नीतियों ने अमेरिका के सबसे खास मित्र देशों को भी उससे दूर करना शुरू कर दिया है। कनाडा समेत अन्य नाटो देश भी अब अमेरिका का विकल्प खोजते हुए नजर आ रहे है, यह प्रक्रिया अगर ऐसी ही चलती रही तो आने वाला समय अमेरिका के लिए बेहतर नहीं होगा।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


