
हवा में खाई कलाबाजी, फिर अचानक...दुबई में तेजस फाइटर क्रैश का पूरा वीडियो
दुबई में एयर शो के दौरान क्रैश हुए तेजस फाइटर जेट का नया वीडियो सामने आया है। एक मिनट आठ सेकंड के इस वीडियो में नजर आ रहा है कि तेजस विमान पहले हवा में कलाबाजी खाता है। फिर अचानक से इसमें से धुएं निकलना बंद हो जाता है।
दुबई में एयर शो के दौरान क्रैश हुए तेजस फाइटर जेट का नया वीडियो सामने आया है। एक मिनट आठ सेकंड के इस वीडियो में नजर आ रहा है कि तेजस विमान पहले हवा में कलाबाजी खाता है। फिर अचानक से इसमें से धुएं निकलना बंद हो जाता है। विमान कुछ देर तक हवा में रहता है फिर अचानक नीचे आने लगता है और क्रैश हो जाता है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि विमान ऊंचाई पर जाता है। यह हवा में करतब दिखाता हुआ नीचे की तरफ आता है। फिर से उड़ान भरते हुए ऊपर जाता है। इस समय तक तेजस जेट में से धुआं निकल रहा होता है। वीडियो में नजर आ रहा है कि अचानक जेट से धुआं निकलना बंद हो जाता है। इसके बाद फाइटर जेट नीचे आना शुरू हो जाता है और फिर कुछ ही देर में क्रैश हो जाता है।
गौरतलब है कि दुबई में प्रतिष्ठित एयर शो के दौरान शुक्रवार को भारतीय वायु सेना का स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस मार्क 1 रणकौशल करतबबाजी का प्रदर्शन करते समय मकतूम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान पायलट की भी मौत हो गई।
भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि दुबई एयर शो के दौरान वायु सेना का एक तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि वायु सेना को पायलट की मृत्यु पर खेद है। वह दुख की इस घड़ी में पूरी तरह शोक संतप्त परिवार के साथ है। प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया जा रहा है।
रिपोर्टों के अनुसार दुर्घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर दो बजकर दस मिनट के करीब हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान उडान भरने के कुछ देर बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया और गिरते ही उसमें आग लग गई, जिससे धुंए का गुब्बार उठ गया। दुर्घटनाग्रस्त विमान वायु सेना के 18 स्क्वाड्रन में शामिल था। तेजस भारत में निर्मित पहला लड़ाकू विमान है जिसे हिन्दुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड ने बनाया है। तेजस इससे पहले भी विभिन्न एयर शो में भाग लेता रहा है।
यह पहला मौका है जब एयर शो में तेजस दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। तेजस की यह दूसरी दुर्घटना है। पहली दुर्घटना 12 मार्च 2024 को जैसलमेर के पास पोखरण में युद्धाभ्यास के दौरान हुई थी। दुबई एयर शो दुनिया के बड़े एयर शो में शुमार है और तेजस इसमें तीसरी बार हिस्सा ले रहा था। दुबई एयर शो 17 नवम्बर को शुरू हुआ था और आज इसका अंतिम दिन था। एयर शो में तमाम बड़ी वायु सेनाओं के विमान हिस्सा ले रहे थे।

लेखक के बारे में
Deepak Mishraलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




