
भारत ने अमेरिका को दिया 'बेस्ट ऑफर', ट्रंप के अधिकारी का दावा; ट्रेड डील पर बन गई बात?
ग्रीर के अनुसार, जिन तरह के प्रस्तावों की वे हमसे बात कर रहे हैं, वे एक देश के तौर पर हमें अब तक मिले सबसे अच्छे प्रस्ताव हैं। उन्होंने भारत को एक आशाजनक वैकल्पिक बाजार बताया क्योंकि अमेरिका अपने निर्यात गंतव्यों का विस्तार करना चाहता है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने बुधवार को बड़ा बयान दिया है। ग्रीर के अनुसार, भारत के साथ चल रही व्यापार वार्ता में वाशिंगटन को नई दिल्ली से अब तक का 'बेस्ट ऑफर' मिला है। हालांकि कृषि और अन्य उत्पादों पर भारत प्रतिरोध बनाए हुए है, फिर भी ग्रीर ने इसे 'काफी प्रगतिशील' कदम बताया। इसी बीच उप अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि रिक स्विट्जर के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर निर्णायक बातचीत कर रहा है।
क्या बोले ग्रीर?
ग्रीर ने बताया कि इस समय एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भारत में महत्वपूर्ण व्यापारिक मुद्दों पर बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब हम नई दिल्ली में बात कर रहे होते हैं, तब मेरी एक टीम इस पर काम कर रही होती है। भारत में कुछ विशेष फसलों और अन्य उत्पादों के प्रति काफी प्रतिरोध है। उन्होंने यह भी माना कि भारत में बाजार में पैठ बनाना बेहद मुश्किल है, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारत इस मामले में 'काफी प्रगतिशील' रहा है।
ग्रीर के अनुसार, जिन तरह के प्रस्तावों की वे हमसे बात कर रहे हैं, वे एक देश के तौर पर हमें अब तक मिले सबसे अच्छे प्रस्ताव हैं। उन्होंने भारत को एक आशाजनक वैकल्पिक बाजार बताया क्योंकि अमेरिका अपने निर्यात गंतव्यों का विस्तार करना चाहता है।
पांच दिवसीय भारत यात्रा पर हैं एलिसन हूकर
दूसरी ओर अमेरिकी विदेश उप-सचिव (राजनीतिक मामले) एलिसन हूकर ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ मुलाकात की। दोनों पक्षों ने फरवरी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बैठक में व्यक्त दृष्टिकोण को ठोस परिणामों में बदलने पर ध्यान केंद्रित किया। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, हूकर रणनीतिक एवं आर्थिक सहयोग मजबूत करने के लिए पांच दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। हूकर ने कहा कि यह बैठक राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी की फरवरी में हुई मुलाकात में व्यक्त विजन को वास्तविक प्रगति में बदलने का अवसर थी, जिससे अमेरिका की सुरक्षा, रोजगार और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़े तथा भारत के दीर्घकालिक लक्ष्यों को भी समर्थन मिले।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) के वरिष्ठ अधिकारी एवं उप अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि राजदूत रिक स्विट्जर के नेतृत्व में एक अमेरिकी वार्ता दल इस समय भारत में है। यह दल प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण पर आमने-सामने विचार-विमर्श कर रहा है।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




