हम ट्रंप को मारेंगे; अमेरिकी राष्ट्रपति को ईरान की बिल बोर्ड वाली धमकी, काले ताबूत में मृत दिखाया
US Iran war update: ईरान की राजधानी तेहरान में अमेरिकी राष्ट्रपति को एक बड़े से बिल बोर्ड पर मृत दिखाया गया है। इसके नीचे अंग्रेजी और फारसी में डोनाल्ड ट्रंप को मारने की धमकी भी दी गई है। इससे पहले भी ईरान की तरफ से ट्रंप को मारने की धमकियां दी जा चुकी हैं।

Donald Trump: अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी है। दोनों तरफ से लगातार एक-दूसरे के ऊपर हमले किए जा रहे हैं। इसी बीच ईरान की राजधानी तेहरान में एक बड़ा सा बिल बोर्ड लगाया गया है, जिसमें डोनाल्ड ट्रंप को काले ताबूत में मरा हुआ दिखाया गया है। इस बिल बोर्ड पर अंग्रेजी और फारसी भाषा में लिखा हुआ है कि 'हम ट्रंप को मारेंगे'। यह पहली बार नहीं हैं, जब ईरान में अमेरिकी राष्ट्रपति को मारने की आवाज उठी हो। 28 फरवरी के पहले भी ईरान में 'डेथ टू अमेरिका' और 'डेथ टू ट्रंप' के नारे लगते रहे हैं। हाल ही में जब दिवंगत सुप्रीम लीडर खामेनेई का अंतिम संस्कार हुआ, तो उस दौरान भी इसी तरह के नारे लगे थे।
ईरान की अर्ध सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक यह बिल बोर्ड तेहरान के बीचों बीच मशहूर एंगेलाब चौराहे पर लगा हुआ है। इसमें ट्रंप की आंखें और मुंह बंद हैं। उनकी प्रसिद्ध लाल टाई के ऊपर उनके हाथ मुड़े हुए हैं, जबकि उनके पैर हवा में हैं। ट्रंप को एक काले ताबूत में लेटे हुए दिखाया गया है। इसके साथ ही नीचे ट्रंप को मारने की धमकी और 'मिनाब की याद में' लिखा हुआ है। यह अमेरिकी और इजरायली बम धमाके में मिनाब स्कूल पर हुए हमले की ओर संकेत करता है।
यह बिल बोर्ड ऐसे समय में सामने आया है, जब दोनों देशों के बीच की जंग एक बार फिर से शुरू हो चुकी है। अमेरिका हर रात ईरान पर हमला करता है, सुबह होते-होते ईरान भी पलटवार करके क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर हमला कर देता है। इसके साथ ही होर्मुज से निकलने की कोशिश कर रहे व्यापारिक जहाजों को भी निशाना बनाया जा रहा है। ईरान ने अपनी नाकेबंदी लगाई हुई है, जबकि अमेरिका ने इस क्षेत्र में अपनी नाकेबंदी की हुई है। इसकी वजह से एक बार फिर से होर्मुज पूरी तरह से ठप हो गया है।
मारने की धमकी पर ट्रंप दे चुके हैं जवाब
28 फरवरी को खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने युद्ध की वजह से उनका अंतिम संस्कार नहीं किया था। जुलाई के पहले हफ्ते में जब यह हुआ, तो वहां मौजूद भीड़ ने ट्रंप को मारने के नारे लगाए। अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर ईरान की तरफ से ऐसा कोई प्रयास किया जाता है। तो इसके लिए वह पहले से ही तैयार हैं। बकौल ट्रंप, उन्होंने पहले ही अपने नेतृत्व को आदेश दे दिया है कि अगर ईरानी हमले में उनकी मौत होती है, तो क्या किया जाए। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि अगर ऐसा कुछ होता है, तो हजारों मिसाइलें ईरान की तरफ लगी हुई हैं। ईरान को तबाह कर दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


