एक सप्ताह में जीतनी थी जंग, 4 साल हो गए; ट्रंप ने पुतिन पर कसा तंज, एक सलाह भी दी
संक्षेप: डोनाल्ड ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन पर तंज भी कसा और कहा कि उन्हें अब रूसियों और यूक्रेनियों का कत्ल कराना बंद कर देना चाहिए। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें तो इस जंग को एक सप्ताह के अंदर जीत जाना चाहिए था, लेकिन आज चौथा साल लग गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि रूस और यू्क्रेन के बीच चल रही जंग को वह दो महीने पहले ही खत्म कराने की स्थिति में थे। लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के नेता वोलोदिमीर जेलेंस्की की निजी अदावत इतनी बढ़ चुकी है कि यह संभव नहीं हो सका। यही नहीं डोनाल्ड ट्रंप ने व्लादिमीर पुतिन पर तंज भी कसा और कहा कि उन्हें अब रूसियों और यूक्रेनियों का कत्ल कराना बंद कर देना चाहिए। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें तो इस जंग को एक सप्ताह के अंदर जीत जाना चाहिए था, लेकिन आज चौथा साल लग गया है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन और रूस की जंग के खत्म होने में सबसे बड़ी बाधा खुद वोलोदिमीर जेलेंस्की और व्लादिमीर पुतिन हैं। ट्रंप ने कहा, 'मुझे लगता था कि हम डील के करीब पहुंच गए हैं। लेकिन पुतिन और जेलेंस्की के बीच नफरत बहुत है। यह एक बाधा है। इसका कोई सवाल ही नहीं होना चाहिए, लेकिन ऐसा हुआ। मुझे लगता है कि हम दो महीने पहले ही जंग को रोकने की स्थिति में आ गए थे। कौन यह सोच सकता था कि मैं मिडल ईस्ट में शामित स्थापित करा दूंगा। लेकिन मुझे लगता है कि अब यूक्रेन और रूस के बीच भी जंग समाप्त होगी।'
पुतिन के मजे लेते हुए क्या-क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप
व्लादिमीर पुतिन पर तंज कसते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्हें तो यह जंग एक सप्ताह के अंदर जीत लेनी चाहिए थी, लेकिन अब 4 साल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी चाहते हैं कि राष्ट्रपति पुतिन यह सब रोक दें। रूसियों और यूक्रेन के लोगों का कत्ल अब रुकना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि वह रूस के ही बहुत से लोगों को मरवा रहे हैं। इससे उनकी छवि भी खराब होती है। यही नहीं इसी पर बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप भारत का भी जिक्र करने लगे।
बोले- भारत तेल खरीदना बंद करे तो तत्काल खत्म होगी जंग
उन्होंने कहा कि भारत की ओर से मुझे भरोसा दिया गया है कि वह रूस का तेल नहीं खरीदेगा। उन्होंने कहा कि यदि भारत की ओर से रूसी तेल की खरीद बंद होती है तो जंग को रुकवाना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने मुझे भरोसा दिया है कि रूस से तेल नहीं खरीदेंगे। एक बार जंग समाप्त हो जाए तो उसके बाद फिर से वे ऐसा कर सकते हैं।

लेखक के बारे में
Surya Prakashलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




