
'अपने भाई से शादी करने वाली औरत नहीं चाहिए', मुस्लिम सांसद पर फिर बरसे ट्रंप; निकालने की धमकी
ट्रंप ने उमर को उस छोटी पगड़ी वाली कहकर संबोधित किया और कहा, कि वह कुछ नहीं करती, सिर्फ बकबक करती है। वह अपने भाई से शादी करके आई, इसलिए वह अवैध रूप से यहां है। उसे बाहर फेंक दो!
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर पर निशाना साधा है। सोमालिया मूल की मुस्लिम सांसद उमर को 'अवैध आप्रवासी' बताते हुए ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने अपने भाई से शादी करके अमेरिका में प्रवेश किया था। ट्रंप ने कहा कि ऐसी महिला को अमेरिका में रहने का कोई हक नहीं है और उन्हें सोमालिया लौटकर 'अपने देश को सुधारना चाहिए'। ट्रंप का यह बयान एक हालिया रैली और इंटरव्यू में सामने आया।
पेन्सिलवेनिया में आयोजित एक रैली के दौरान ट्रंप ने सोमालिया को गंदा, बदबूदार, घृणित और अपराध से भरा हुआ करार दिया तथा सोमाली प्रवासियों को कचरा तक कहा। रैली में अपनी ऐंटी-इमिग्रेशन नीति को दोहराते हुए ट्रंप ने कहा- हम नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क जैसे देशों से लोग क्यों नहीं ले सकते? हम हमेशा सोमालिया जैसे तबाह देशों से लोग लेते हैं- गंदे, घृणित, अपराध से भरे हुए। वे सिर्फ जहाजों का पीछा करने में ही अच्छे हैं। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ट्रंप ने पहली बार खुलकर स्वीकार किया कि उन्होंने 2018 में हैती और अफ्रीकी देशों को 'गंदगी का ढेर वाले देश' कहा था। यह एक ऐसा बयान था जिसने उस समय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी गुस्सा पैदा किया था।
इल्हान उमर ओमर को बताया कचरा, भीड़ ने लगाया उसे वापस भेजो के नारे
रैली में ट्रंप ने मिनेसोटा की डेमोक्रेटिक मुस्लिम सांसद इल्हान उमर पर भी व्यक्तिगत और नस्लभेदी टिप्पणी की। उन्होंने कहा- इल्हान उमर या जो भी उसका नाम हो... वह अपनी छोटी पगड़ी में आती है और बस शिकायत करती रहती है। वह कुछ नहीं करती। वह और उसके दोस्त, सब कचरा हैं। ट्रंप ने फिर दावा किया कि इल्हान उमर ने अमेरिका आने के लिए अपने भाई से शादी की। इस दौरान भीड़ में मौजूद लोग 'उसे वापस भेजो' के नारे लगाने लगे।
इससे पहले ट्रंप ने 9 दिसंबर को ही पोलिटिको को दिए एक इंटरव्यू में उमर पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा- मैं ऐसे लोगों को अमेरिका में देखना चाहता हूं जो योगदान दें। मैं सोमालिया नहीं चाहता। मैं ऐसी महिला को नहीं चाहता जो अपने भाई से शादी करके यहां आए, फिर संसद में सांसद बने और कुछ न कर सिर्फ शिकायतें करे... उसे वापस चला जाना चाहिए, अपने देश को सुधारना चाहिए।" ट्रंप ने सोमालिया को दुनिया का सबसे खराब देश करार दिया, जहां केवल हत्याएं ही होती हैं।
इससे पहले, 8 दिसंबर को एयर फोर्स वन पर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने उमर को उस छोटी पगड़ी वाली कहकर संबोधित किया और कहा, कि वह कुछ नहीं करती, सिर्फ बकबक करती है। वह अपने भाई से शादी करके आई, इसलिए वह अवैध रूप से यहां है। उसे बाहर फेंक दो!
ट्रंप के बॉर्डर मामलों के प्रमुख टॉम होमन ने न्यूजमैक्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि वे उमर के आप्रवासन दस्तावेजों की जांच करवा रहे हैं। होमन ने दावा किया कि एक फ्रॉड जांचकर्ता ने फाइल देखी है और कोई शक नहीं कि धोखाधड़ी हुई है। हालांकि, उन्होंने समय सीमा (स्टेच्यूट ऑफ लिमिटेशंस) का हवाला देते हुए कहा कि जांच चल रही है।
इल्हान उमर 2012 में मिनेसोटा से पहली मुस्लिम महिला सांसद चुनी गईं। वे 1995 में शरणार्थी के रूप में अमेरिका आईं और 2000 में नागरिक बनीं। 2019 से यह अफवाह चल रही है कि उन्होंने 2009 में अपने असली भाई अहमद नूर सईद एल्मी से शादी की थी ताकि उसे अमेरिकी वीजा मिल सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमर ने 2017 में एल्मी से तलाक लिया। एक निजी जांचकर्ता ने कथित तौर पर शादी का प्रमाण पत्र और डीएनए सबूत (एक सिगरेट बट से) पेश करने का दावा किया है। हालांकि, उमर ने इन आरोपों को बार-बार झूठा और नस्लवादी बताकर खारिज किया है। उन्होंने कहा- ये अफवाहें मेरी पहचान और मेरी सेवा को बदनाम करने की कोशिश हैं।

लेखक के बारे में
Amit Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




