
गाजा के लिए ट्रंप का 'दो सितारा' प्लान, अमेरिकी जनरल को ISF की कमान सौंपने की तैयारी में US
इजरायल दौरे पर गए संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को बताया कि ट्रंप प्रशासन इस बल का नेतृत्व खुद करेगा और इसके कमांडर के तौर पर एक दो-सितारा अमेरिकी जनरल को नियुक्त करेगा।
गाजा में युद्धविराम के बाद भी लगातार संघर्ष की खबरें आती रहती हैं। यही वजह है कि हमास अभी से ही शांति योजना के अगले चरण का विरोध कर रहा है। हमास ने साफ कह दिया है कि जब तक इजरायल पर घातक हमले पूरी तरह रोकने और गाजा सहित फिलिस्तीनी इलाकों में बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए ठोस दबाव नहीं बनाया जाता, तब तक वह युद्धविराम समझौते के दूसरे चरण में आगे नहीं बढ़ेगा।
इस बीच, अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस ने गुरुवार को दो अमेरिकी और दो इजरायली अधिकारियों के हवाले से खबर दी है कि ट्रंप प्रशासन गाजा में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय स्थिरीकरण बल (International Stabilization Force) की कमान संभालने के लिए एक अमेरिकी दो-सितारा जनरल को नियुक्त करने की योजना बना रहा है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दरअसल, 17 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जिस प्रस्ताव को पारित किया था, उसमें शांति बोर्ड और उसके साथ सहयोग करने वाले देशों को गाजा में एक अस्थायी अंतर्राष्ट्रीय स्थिरीकरण बल तैनात करने की अनुमति दी गई थी। एक्सियोस के अनुसार, इस सप्ताह इजरायल दौरे पर गए संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को बताया कि ट्रंप प्रशासन इस बल का नेतृत्व खुद करेगा और इसके कमांडर के तौर पर एक दो-सितारा अमेरिकी जनरल को नियुक्त करेगा।
बता दें कि बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से कहा था कि गाजा शांति बोर्ड में किन-किन विश्व नेताओं की क्या भूमिका होगी, इसकी घोषणा अगले साल की शुरुआत में की जाएगी। अमेरिका द्वारा तैयार प्रस्ताव में इस 'बोर्ड ऑफ पीस' को एक संक्रमणकालीन प्रशासन बताया गया है जो हमास के साथ युद्ध समाप्त करने के बाद ट्रंप की 20-सूत्री शांति योजना के तहत गाजा के पुनर्निर्माण का ढांचा तैयार करेगा और इसके लिए धन जुटाने-खर्च करने का समन्वय करेगा।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




